Bhilwara Case: भीलवाड़ा कांड पर नहीं थम रहा गुस्सा, भाजपा हमलावर, गहलोत से मांगा इस्तीफा, प्रियंका की खामोशी पर उठाए सवाल

Rajasthan Bhilwara Case: राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में नाबालिग लड़की को गैंगरेप के बाद भट्टी में फेंकने की घटना पर लोगों का आक्रोश कम होने का नाम नहीं ले रहा है।

Update: 2023-08-07 03:53 GMT
सीएम अशोक गहलोत और प्रियंका गांधी ( सोशल मीडिया)

Rajasthan Bhilwara Case: राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में नाबालिग लड़की को गैंगरेप के बाद भट्टी में फेंकने की घटना पर लोगों का आक्रोश कम होने का नाम नहीं ले रहा है। घटना के विरोध में रविवार को भी गुर्जर समाज के लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने कोटड़ी थाने में धरना दिया। इस दौरान थाने में तोड़फोड़ भी की गई। नाराज लोग पीड़ित परिवार को एक करोड़ का मुआवजा और सरकारी नौकरी देने की मांग पर अड़े हुए हैं। राजस्थान में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले हुई इस घटना से अशोक गहलोत सरकार की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

भाजपा की चार महिला सांसदों ने रविवार को घटनास्थल का दौरा किया और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। बाद में भाजपा के महिला सांसदों के दल की संयोजक सरोज पांडे ने इस जगह घटना के मद्देनजर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से इस्तीफा देने की मांग की। उन्होंने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि यूपी में कोई भी घटना होने पर वे अपने भाई के साथ मौके पर पहुंच जाती हैं मगर राजस्थान की घटना पर उन्होंने चुप्पी साध रखी है। उन्हें यहां आने की फुर्सत नहीं है।

घटना के विरोध में धरना जारी,थाने में तोड़फोड़

भीलवाड़ा की दिल दहला देने वाली घटना के खिलाफ शुक्रवार से ही कोटड़ी थाने में धरने का दौर जारी है। लोगों में इस घटना के खिलाफ भारी नाराजगी दिख रही है। रविवार को धरने के दौरान कुछ युवाओं ने थाने के स्वागत कक्ष में तोड़फोड़ करने के साथ ही सड़क पर लगे थाने के साइन बोर्ड को भी तोड़ दिया। हालांकि इस दौरान थाने पर तैनात पुलिसकर्मियों ने कोई कार्रवाई नहीं की।

थाने में बेमियादी धरने का ऐलान करने वाले गुर्जर समाज के लोगों का की मांग है कि पीड़ित परिवार को एक करोड़ का मुआवजा देने के साथ ही एक परिजन को सरकारी नौकरी दी जाए। इसके साथ ही इस जघन्य घटना के आरोपियों को फांसी देने की मांग भी की जा रही है। गुर्जर समाज के नेता विजय सिंह बैंसला ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि यदि सरकार ने हमारी मांगे नहीं मानीं तो हम पूरे राजस्थान में बंदी कराएंगे। गुर्जर समाज के साथ ही भाजपा से जुड़े नेता भी लगातार धरना देने में जुटे हुए हैं।

भाजपा की महिला सांसदों ने किया घटनास्थल का दौरा

इस बीच भाजपा भी इस मामले को सियासी रूप से गरमाने की कोशिश में जुट गई है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की ओर से घटना की जांच पड़ताल के लिए चार महिला सांसदों की कमेटी बनाई गई है। महिला सांसदों की कमेटी में शामिल सरोज पांडेय, रेखा वर्मा, कान्ता कर्दम और लॉकेट चटर्जी ने रविवार को घटनास्थल का दौरा करने के साथ ही पीड़ित परिवार से भी मुलाकात की। पीड़ित की मां ने महिला सांसदों को रो-रोकर घटना के बारे में पूरी जानकारी दी। पीड़ित की मां का कहना था कि मेरी बेटी के साथ न्याय किया जाना चाहिए। महिला सांसदों के दल ने घटना पर दुख जताते हुए पीड़ित परिवार को सांत्वना दी।

भाजपा ने मांगा गहलोत से इस्तीफा

बाद में मीडिया से बातचीत के दौरान महिला सांसद दल की संयोजिका सरोज पांडे ने गहलोत सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गृहमंत्री का भी पद संभाल रखा है जबकि राज्य की कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि हर मोर्चे पर विफल गहलोत सरकार को तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि इतनी जघन्य घटना होने के बावजूद सरकार के किसी मंत्री ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की जरूरत नहीं समझी। उन्होंने गहलोत सरकार को पूरी तरह संवेदनहीन बताते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द मुआवजा दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि गहलोत को इस बात का जवाब देना चाहिए कि महिलाओं के साथ होने वाले अपराधों में राजस्थान देश में नंबर वन क्यों है।

प्रियंका की चुप्पी पर उठाए सवाल

उन्होंने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में कोई भी घटना होने पर वे 'मैं लड़की हूं' का नारा बुलंद करते हुए अपने भाई के साथ पहुंच जाती हैं। राजस्थान में इतनी बड़ी घटना होने पर भी उन्होंने यहां आने की जरूरत नहीं महसूस की। राजस्थान में भी एक बिटिया दरिंदों का शिकार हुई है मगर प्रियंका गांधी ने इस घटना पर चुप्पी साध रखी है। भाजपा नेता ने कहा कि अलग-अलग राज्यों में घटनाओं को अलग-अलग नजरिए से देखना उचित नहीं है।
प्रियंका गांधी को इस जघन्य घटना पर भी कुछ बोलना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा महिलाओं को लेकर राजनीति नहीं करती और ऐसे में मुख्यमंत्री गहलोत को अपने बयान पर शर्म आनी चाहिए। भाजपा की महिला सांसदों का दल भीलवाड़ा से लौटने के बाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा को अपनी रिपोर्ट सौंपेगा।

भीलवाड़ा में हुई थी दिल दहलाने वाली घटना

दरअसल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में 3 अगस्त को हुई यह घटना पूरे देश में चर्चा का विषय बनी हुई है। घटना के संबंध में पुलिस का कहना है कि तीन अगस्त को नाबालिग लड़की बकरियां चराने के लिए खेत पर गई थी। इसी दौरान कोयला भट्टियां चलाने वाले तसवारिया गांव के कान्हा और कालू ने नाबालिग लड़की के साथ गैंग रेप किया। सिर पर वार किए जाने से लड़की बेहोश हो गई तो आरोपियों ने उसे भट्टी में फेंक दिया।

बाद में आरोपियों ने लड़की का अधजला शव घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक तालाब में ले जाकर फेंक दिया। बाद में जब लड़की के परिजन उसे खोजते हुए भट्टी के पास पहुंचे तो उन्हें भट्टी में लड़की का कंगन और कुछ हड्डियां मिली थीं। अभी इस बात का पता नहीं चल सका है कि आरोपियों ने लड़की को जिंदा ही भट्टी में झोंक दिया था या हत्या करने के बाद उसे भट्टी में फेंका था। इस घटना के सिलसिले में कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है मगर लोगों की नाराजगी कम होने का नाम नहीं ले रही है।

Tags:    

Similar News