Indian Army: गलवान शहीद दीपक सिंह की पत्नी सेना में बनी लेफ्टिनेंट, जहां पति हुए थे शहीद...वहीं मिली फर्स्ट पोस्टिंग

Indian Army: गलवान घाटी में शहीद हुए बिहार रेजिमेंट के नायक दीपक सिंह की पत्नी रेखा सिंह भारतीय सेना में शामिल हुई हैं। उन्होंने कहा, 'मैं गौरवान्वित महसूस कर रही हूं। मैं लेफ्टिनेंट बन गई।';

Update:2023-04-29 23:33 IST

Indian Army : भारत (India) और चीन (China) के सैनिकों के बीच साल 2020 में गलवान घाटी (Galwan Valley) में हिंसक झड़प हुई थी। झड़प में बिहार रेजिमेंट के नायक दीपक सिंह शहीद हो गए थे। उनकी पत्नी रेखा सिंह (Rekha Singh Entry As Lieutenant) को शानिवार (29 अप्रैल) को भारतीय सेना में बतौर लेफ्टिनेंट कमीशन मिली है। रेखा सिंह ने चेन्नई में ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी (OTA) से पास आउट किया। रेखा परेड में शामिल होने वाली 40 महिलाओं में से एक हैं।

Also Read

खास बात ये है कि रेखा सिंह को पहली तैनाती पूर्वी लद्दाख (Eastern Ladakh) में LAC पर दी गई है। ये वही जगह है जहां रेखा के पति दीपक सिंह तैनात थे। पति दीपक सिंह के शहीद होने के बाद रेखा ने प्रण लिया था कि वो सेना में शामिल होकर देश की सेवा करेंगी। इसी वजह से उन्होंने सरकारी शिक्षक की नौकरी छोड़ दी और सेना में शामिल हो गईं।

एक साल की ट्रेनिंग के बाद अफसर बनीं रेखा सिंह

रेखा सिंह (Rekha Singh) ने चेन्नई स्थित 'ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी' (Officers Training Academy) से एक साल की ट्रेनिंग पूरी की। उन्हें बतौर लेफ्टिनेंट सेना में शामिल किया गया है। आपको बता दें, लेफ्टिनेंट रेखा सिंह के पति नायक दीपक सिंह बिहार रेजीमेंट (Deepak Singh, Bihar Regiment) की 16वीं बटालियन में तैनात थे। साल 2020 में पूर्वी लद्दाख की गलवान घाटी में चीनी सैनिकों के साथ हुई झड़प में दीपक शहीद हो गए थे। नायक दीपक सिंह को मरणोपरांत 2021 में वीर चक्र (Vir Chakra) से सम्मानित किया गया था।

'आप खुद पर विश्वास रखें, जो करना चाहती हैं वो करें'

रेखा सिंह ने मीडिया से बात करते हुए बोलीं, 'आज मेरी ट्रेनिंग पूरी हो गई। मैं काफी गौरवान्वित महसूस कर रही हूं। क्योंकि, मैं अब लेफ्टिनेंट बन गई हूं। रेखा सिंह ने सभी महिलाओं के लिए एक संदेश दिया। उन्होंने कहा, मैं देश की हर महिला से कहना चाहूंगी, वो खुद पर विश्वास रखें और जो करना चाहती हैं वो करें।'

इंडियन आर्मी ने किया ट्वीट

इंडियन आर्मी ने ट्वीट किया। जिसमें लिखा, 'महिला कैडेट रेखा सिंह, दिवंगत नायक दीपक सिंह की पत्नी, भारतीय सेना में कमीशन हुई हैं। उन्होंने चेन्नई की ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी से अपनी ट्रेनिंग पूरी कर ली है।'

शादी के 8 महीने बाद ही शहीद हो गए थे दीपक

आपको बता दें, दीपक सिंह वर्ष 2012 में सेना में शामिल हुए थे। बिहार रेजीमेंट में बतौर नर्सिंग स्टाफ उनकी तैनाती हुई थी। जनवरी 2020 में उनकी पोस्टिंग लद्दाख में की गई थी। तैनाती के करीब 5 महीने बाद ही चीनी सैनिकों के साथ मुठभेड़ में नायक दीपक सिंह शहीद हो गए। शहीद होने से 8 महीने पहले ही दीपक की शादी रेखा सिंह से हुई थी। अब रेखा सिंह सेना में शामिल होकर नई मिसाल पेश की हैं।

गौरतलब है कि, दो साल पहले जून 2020 में गलवान घाटी में इंडियन आर्मी और चीनी सेना के बीच झड़प हुई थी। इस झड़प में 20 भारतीय सैनिक शहीद हो गए थे, जिनमें दीपक सिंह भी शामिल थे।

Tags:    

Similar News