Robert Vadra: रॉबर्ट वाड्रा सियासी मैदान में उतरने के लिए तैयार, पार्टी चाहेगी तो ले सकते हैं बड़ा फैसला

Robert Vadra: वायनाड से कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी के पति और बिजनेसमैन रॉबर्ट वाड्रा के सियासी मैदान में उतरने को लेकर समय-समय पर अटकलें लगाई जाती रही हैं।;

Update:2025-04-14 17:03 IST

Robert Vadra

Robert Vadra: वायनाड से कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी के पति और बिजनेसमैन रॉबर्ट वाड्रा के सियासी मैदान में उतरने को लेकर समय-समय पर अटकलें लगाई जाती रही हैं। हालांकि गांधी परिवार ने इसे लेकर हमेशा चुप्पी साधे रखी है। इस बीच रॉबर्ट वाड्रा ने खुद इस संबंध में बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस पार्टी चाहेगी तो वे परिवार का आशीर्वाद लेकर सियासी मैदान में उतरने के लिए तैयार हैं।

प्रियंका गांधी की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि सबसे पहले मैंने ही उनसे कहा था कि मैं उन्हें देश की संसद में देखना चाहता हूं। रॉबर्ट वाड्रा के इस बड़े बयान पर अभी कांग्रेस की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

सियासी मैदान में उतरने की इच्छा जताई

गांधी परिवार के प्रमुख सदस्य रॉबर्ट वाड्रा ने एक समाचार एजेंसी से बातचीत के दौरान राजनीति के मैदान में उतरने की इच्छा जताई। उन्होंने कहा कि गांधी परिवार से जुड़ा होने के कारण उनका राजनीति से पुराना रिश्ता रहा है। पिछले कुछ वर्षों के दौरान कई राजनीतिक दलों ने उनका नाम राजनीति में घसीटने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद मैंने अभी तक राजनीति से दूरी बनाकर रखी है।

उन्होंने कहा कि खास तौर पर देश में चुनाव के मौके पर मेरा नाम खूब उछाला जाता रहा है। देश में किसी भी स्थान पर चुनाव होने पर मेरा नाम लेकर चर्चा शुरू कर दी जाती है। मैं गांधी परिवार का सदस्य हूं और राजनीति से जुड़ाव का यही एकमात्र कारण है।

प्रियंका गांधी की जमकर तारीफ

प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा ने कहा कि मैंने अपनी पत्नी प्रियंका और राहुल गांधी से राजनीति के गुर सीखे हैं क्योंकि ये दोनों हमेशा राजनीति के मैदान में एक्टिव रहते हैं। प्रियंका गांधी की तारीफ करते हुए रॉबर्ट वाड्रा ने कहा कि वे काफी मेहनती हैं। वाड्रा ने कहा कि सबसे पहले मैंने ही प्रियंका गांधी से कहा था कि मैं उन्हें देश की संसद में देखना चाहता हूं।

वे अब देश की संसद में पहुंच चुकी हैं। मैंने प्रियंका के साथ ही राहुल गांधी से भी बहुत कुछ सीखा है। उल्लेखनीय है कि राहुल गांधी के वायनाड सीट से इस्तीफा देने के बाद प्रियंका गांधी ने वहां से चुनाव लड़ा था और भारी मतों से जीत हासिल की थी।

कांग्रेस पार्टी करेगी फैसला

रॉबर्ट वाड्रा ने कहा के संसद में विपक्ष की आवाज को और मजबूत बनाए जाने की जरूरत है। राजनीति के मैदान में सक्रिय होने की संभावना के बारे में पूछे जाने पर रॉबर्ट वाड्रा ने कहा कि वे इसके लिए तैयार हैं मगर कांग्रेस पार्टी ही आखिरी फैसला करेगी। उन्होंने कहा कि यह देश सेक्युलर रहा है और इसा सेक्युलर बनाए रखने के लिए बड़ी लड़ाई लड़नी होगी। मैं इस लड़ाई को लड़ने के लिए तैयार हूं।

मैं अपने परिवार का आशीर्वाद लेकर ही राजनीति के मैदान में उतरना चाहता हूं। बेल्जियम में मेहुल चौकसी की गिरफ्तारी की चर्चा करते हुए रॉबर्ट वाड्रा ने कहा कि यह देश के लिए बहुत बड़ी कामयाबी है। हमें इस गिरफ्तारी से ज्यादा घोटाले के पैसे को बरामद करने पर जोर देना चाहिए। उन्होंने घोटाले का शिकार होने वाले लोगों को मुआवजा देने की भी मांग की।

Tags:    

Similar News