RBI News: कौन है संजय मल्होत्रा, जो बने अगले RBI गवर्नर

राजस्व सचिव संजय मल्होत्रा अगले RBI गवर्नर बनेंगे। वह वर्तमान गवर्नर शक्तिकांत दास की जगह लेंगे। शक्तिकांत दास का कार्यकाल 10 दिसंबर को समाप्त हो रहा।;

Newstrack :  Network
Update:2024-12-09 17:59 IST

RBI News: राजस्व सचिव संजय मल्होत्रा अगले RBI गवर्नर बनेंगे। उन्हें आरबीआई का 26वां गवर्नर नियुक्त किया गया है। वह वर्तमान गवर्नर शक्तिकांत दास की जगह लेंगे। शक्तिकांत दास का कार्यकाल 10 दिसंबर को समाप्त हो रहा। कैबिनेट ने उन्हें अगले तीन साल के लिये गवर्नर नियुक्त किया है। वर्तमान में वे वित्त मंत्रालय में सचिव (राजस्व) हैं। संजय मल्होत्रा ​​1990 बैच के राजस्थान कैडर के भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी हैं। उन्होंने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, कानपुर से कंप्यूटर विज्ञान में इंजीनियरिंग में डिग्री हासिल की है और प्रिंसटन यूनिवर्सिटी, अमेरिका से पब्लिक पॉलिसी में मास्टर्स की उपाधि प्राप्त की है। 


अपने 33 वर्षों से अधिक के करियर में नेतृत्व और उत्कृष्टता का प्रदर्शन करते हुए उन्हों​​ने बिजली, वित्त और सूचना प्रौद्योगिकी, खान आदि सहित विविध क्षेत्रों में काम किया है। अपने पिछले कार्यभार में, उन्होंने भारत सरकार के वित्त मंत्रालय के तहत वित्तीय सेवा विभाग में सचिव का पद संभाला था। उन्हें राज्य और केंद्र सरकार में वित्त और कराधान के क्षेत्र में व्यापक रूप से काम किया है। अपने वर्तमान पोस्टिंग के तहत, वे प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष टैक्स के संबंध में कर नीति निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसके साथ ही सरकारी कंपनी REC के कर्ताधर्ता रह चुके हैं। वह जीएसटी काउंसिल के भी पदेन सचिव की भूमिका में राज्यों के प्रतिनिधियों के साथ काम कर चुके हैं।

शक्तिकांत दास 6 साल रहे RBI गवर्नर

गवर्नर शक्तिकांत दास 12 दिसंबर 2018 को आरबीआई के 25वें गवर्नर बने थे। उन्होंने उर्जित पटेल के अचानक इस्तीफे के बाद यह पदभार संभाला था। उनका शुरुआती कार्यकाल तीन साल का था। बाद में उन्हें सेवा विस्तार दिया गया था। शक्तिकांत दास ने कोरोना के दौरान, यूक्रेन- रूस युद्ध और मडिल-ईस्ट में संघर्ष के समय देश में महंगाई की समस्या को काबू में करने की दिशा में उल्लेखनीय काम किया। इसके लिये उन्हें लगातार दो बार वर्ष के सर्वश्रेष्ठ केंद्रीय बैंकर का पुरस्कार दिया गया।

Tags:    

Similar News