Sikkim Flood Update: सिक्किम का बाकी देश से संपर्क टूटा, बादल फटने की घटना में अब तक 14 लोगों की मौत, 102 अब भी लापता

Sikkim Flood Update: सिक्किम को देश के अन्य हिस्से से सड़क मार्ग से जोड़ने वाला एकमात्र नेशनल हाईवे एनएच-10 भी बह गया। राजधानी गंगटोक समेत उत्तरी सिक्किम के अन्य जिलों में स्कूलों को 8 अक्टूबर तक बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।

Written By :  Krishna Chaudhary
Update: 2023-10-05 03:09 GMT

Sikkim Flood  (photo: social media )

Sikkim Flood Update: सिक्किम में बादल फटने की घटना ने भयानक तबाही मचाई है। मंगलवार देर रात घटी इस घटना में अब तक 14 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है, जबकि 26 लोग घायल हैं। वहीं, 102 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं, जिनमें 22 सेना के जवान शामिल हैं। सिक्किम को देश के अन्य हिस्से से सड़क मार्ग से जोड़ने वाला एकमात्र नेशनल हाईवे एनएच-10 भी बह गया। राजधानी गंगटोक समेत उत्तरी सिक्किम के अन्य जिलों में स्कूलों को 8 अक्टूबर तक बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाक्योंग के ल्होनक झील के ऊपर अचानक बादल फटने से तीस्ता नदी में बाढ़ आ गई। चुगथांग बांध से पानी छोड़े जाने के कारण नदी का जलस्तर 15-20 की ऊंचाई तक बढ़ गया। इस कारण नदी ने रौद्र रूप धारण कर लिया और सेना के सार्वजनिक प्रतिष्ठान समेत दर्जनों सार्वजनिक व निजी बुनियादी ढांचे उसकी चपेट में आ गए।

एनडीआरएफ की टीम मोर्चे पर तैनात

बादल फटने के बाद अचानक आई बाढ़ ने सिक्किम और इससे लगने वाले पश्चिम बंगाल के इलाके में जबरदस्त तबाही मचाई है। सिक्किम का सिंगतम शहर इससे सबसे अधिक प्रभावित हुआ है। यहां 10 से 12 फीट तक मलबा भरा है। एनडीआरएफ की टीम यहां रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई है। अब तक सात लोगों को बचाया जा चुका है। एनडीआरएफ की एक टीम गंगटोक में और दो टीमें पश्चिम बंगाल के सिक्किम से सटे इलाकों में तैनात है। राज्य सरकार ने फ्लैश फ्लड को आपदा घोषित कर दिया है।

बंगाल में भी बिगड़े हालात

सिक्किम में आई इस प्राकृतिक आपदा से पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल भी प्रभावित हुआ है। राज्य के कलिपोंग में बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हो गए हैं। पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव एचके द्विवेदी ने बताया कि तीस्ता बैराज से तीन शव बरामद किए गए हैं, जिनकी शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है। उत्तरी बंगाल और बांग्लादेश, जहां से होकर तीस्ता बहती है, के लिए बाढ़ की चेतावनी जारी की गई है।

पीएम मोदी ने सिक्किम को मदद का दिया आश्वासन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिक्किम के हालत जानने के लिए मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग से बात की। उन्होंने इस मुश्किल घड़ी में राज्य को मदद का आश्वासन दिया। प्रधानमंत्री ने एक्स पर लिखा, सिक्किम के मुख्यमंत्री से बात की और राज्य के कुछ हिस्सों में दुर्भाग्यपूर्ण प्राकृतिक आपदा के मद्देनजर स्थिति का जायजा लिया। चुनौती से निपटने में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। मैं प्रभावित सभी लोगों की सुरक्षा और भलाई के लिए प्रार्थना करता हूं।

सेना के 23 जवान हुए थे लापता

उत्तरी सिक्किम के पाक्योंग में अचानक आई बाढ़ के कारण सेना के 23 जवान लापता हो गए थे। इसके अलावा कैंप के बाहर खड़ीं 41 गाड़ियां भी डूब गई थीं। लापता सैन्यकर्मियों में से एक को बचा लिया गया है। सेना ने कहा कि जवान की हालत स्थिर है और वह चिकित्सा देखभाल में है। वहीं, पाक्योंग जिले के डीएम ताशी चोपेल ने लापता सभी सैन्यकर्मियों की मौत की आशंका जताई है। हालांकि, सेना की ओर से फिलहाल इस पर कोई बयान नहीं आया है।

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने लापता जवानों की सलामती के लिए प्रार्थना की। उन्होंने एक्स पर लिखा, लोनाक, सिक्किम में हिमनद झील का फटना अत्यंत हृदय विदारक है। बेहद खराब मौसम के बीच राहत और बचाव कार्य जारी है. उन सेना के जवानों की सलामती के लिए प्रार्थना करता हूं, जो इस त्रासदी के कारण लापता हैं।'

बता दें कि मौसम विभाग ने आज यानी 5 अक्टूबर को पूर्वी और उत्तर पूर्वी राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

Tags:    

Similar News