Vijay को रोकने लिए 'दुश्मन' बनेंगे दोस्त? तमिलनाडु में DMK-AIADMK के साथ आने की सुगबुगाहट तेज
DMK AIADMK alliance news Tamil Nadu: तमिलनाडु में सियासी भूचाल! दशकों के दुश्मन DMK और AIADMK क्या साथ आएंगे? विजय की TVK के उभार ने बदले समीकरण, सरकार गठन को लेकर बड़ा खेल शुरू। जानिए पूरी अंदर की कहानी।
DMK AIADMK alliance news Tamil Nadu:तमिलनाडु की राजनीति इस समय उस रोमांचक मोड़ पर पहुंच गई है, जहां हर पल समीकरण बदल रहे हैं। एक तरफ अभिनेता से नेता बने विजय अपनी पार्टी 'टीवीके' (TVK) के साथ सत्ता की दहलीज पर खड़े हैं, तो दूसरी तरफ बहुमत के जादुई आंकड़े ने उनका रास्ता रोक दिया है। बुधवार को विजय ने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल से मुलाकात की और 112 विधायकों का समर्थन पत्र सौंपते हुए सरकार बनाने का दावा पेश किया। हालांकि, राज्यपाल ने संवैधानिक नियमों का हवाला देते हुए स्पष्ट कर दिया कि सरकार बनाने के लिए कम से कम 118 विधायकों का समर्थन अनिवार्य है। इसके बाद विजय ने और समय की मांग की है।
बहुमत का गणित और शपथ ग्रहण पर संशय
नतीजों में टीवीके 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी तो बनी, लेकिन पेंच विजय की दोहरी जीत में फंस गया है। विजय ने दो सीटों से चुनाव जीता है, और नियम के मुताबिक एक सीट छोड़ते ही उनकी पार्टी का संख्याबल 107 रह जाएगा। कांग्रेस की 5 सीटों के समर्थन के बावजूद यह आंकड़ा 112 तक ही पहुंच पा रहा है, जो 118 के जादुई आंकड़े से 6 कम है। पहले खबर थी कि विजय 7 मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे, लेकिन अब पर्याप्त संख्याबल न होने के कारण शपथ ग्रहण टलने के पूरे आसार नजर आ रहे हैं।
क्या एक होंगे धुर-विरोधी? तमिलनाडु में नई सुगबुगाहट
इस बीच सबसे चौंकाने वाली खबर यह आ रही है कि दशकों से एक-दूसरे की कट्टर दुश्मन रही डीएमके (DMK) और एआईएडीएमके (AIADMK) गठबंधन की संभावनाओं पर विचार कर रही हैं। सूत्रों की मानें तो दोनों द्रविड़ दल विजय की बढ़ती ताकत को रोकने के लिए हाथ मिला सकते हैं। यदि ये दोनों धुर-विरोधी दल साथ आते हैं, तो तमिलनाडु की राजनीति में यह अब तक का सबसे बड़ा उलटफेर होगा। फिलहाल पूरी नजर राजभवन पर टिकी है कि क्या विजय जरूरी समर्थन जुटा पाएंगे या फिर तमिलनाडु की पुरानी ताकतें मिलकर नया खेल करेंगी।