Mumbai News: मुंबई को फिर दहलाने की धमकी, फोन कर कहा दो पाकिस्तानी ताज होटल को उड़ा देंगे

Mumbai News: मुंबई पुलिस के मेन कंट्रोल रूम में एक अज्ञात कॉल आई, जिसमें कॉल करने वाले ने कहा कि पाकिस्तान से दो लोग समुद्री मार्ग से भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करेंगे और मुंबई के ऐतिहासिक ताज होटल को बम से उड़ा देंगे।

Update: 2023-09-01 06:36 GMT
मुंबई ताज होटल ( सोशल मीडिया)

Mumbai News: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में ताज होटल को एक बार फिर दहशतगर्दों ने बम धमाकों से दहलाने की धमकी दी है। फोन करने वाले ने धमकी देते हुए कहा कि दो पाकिस्तानी मुंबई पहुंचेगे और ताज होटल को उड़ा देंगे। पुलिस ने मामला दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है। ये धमकी भरी कॉल मुंबई पुलिस के मेन कंट्रोल रूम में आई।

मुंबई पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि फोन करने वाले ने अपना नाम मुकेश सिंह बताया है। हालांकि, जांच में पता चला है कि फोन करने वाले का असली नाम जगदंबा प्रसाद सिंह है, जो उत्तर प्रदेश के गोंडा का रहने वाला है। फोन करने वाला मुंबई के सांताक्रूज इलाके में रहता है। जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 505 (1) (बी) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

2008 में ताज होटल में हुआ था आतंकी हमला

आपको बता दें कि मुंबई के कोलाबा इलाके में स्थित ताज होटल में 2008 में आतंकवादी हमला हुआ था। पाकिस्तान के आतंकवादी संगठन ने 26 नवंबर 2008 को समुद्र के रास्ते मुंबई में प्रवेश किया था और कई सर्वजनिक स्थलों को निशाना बनाया था। आतंकियों ने ताज पैलेस, ओबेरॉय ट्राइडेंट, सीएसएमटी रेलवे स्टेशन, कामा हॉस्पिटल, नरीमन हाउस यहूदी कम्युनिटी सेंटर, मेट्रो सिनेमा, टीओआई बिल्डिंग, सेंट जेवियर कॉलेज में सिलसिलेवार तरीके से हमला किया था। 26 नवंबर से शुरू हुआ हमला 29 नवंबर तक चला था। इस हमले में 166 लोगों की मौत हुई थी और कम से कम तीन सौ लोग घायल हुए थे। अजमल आमिर कसाब जिंदा पकड़ा गया था, उसके अन्य 9 साथी मारे गए थे। 4 साल तक ट्रायल चलने के बाद कसाब को अदालत ने 26/11 मुंबई आतंकी हमले के लिए मौत की सजा दी थी। उसे 21 नवंबर 2012 को पुणे के येरवडा जेल में फांसी दी गई थी।

Tags:    

Similar News