Nitin Gadkari: केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की तबीयत बिगड़ी, आनन-फानन में पहुंची मेडिकल टीम

Nitin Gadkari : केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की अचानक तबियत बिगड़ गई। वो एक कार्यक्रम में शिरकत करने पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी गए थे। उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया है।

Written By :  aman
Update: 2022-11-17 09:31 GMT

नितिन गडकरी (photo: social media ) 

Nitin Gadkari News: केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी (Nitin Gadkari) की गुरुवार (17 नवंबर) को अचानक तबियत बिगड़ गई। गडकरी एक कार्यक्रम में शिरकत करने पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी गए थे। कार्यक्रम में मंच पर अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि, शुगर लेवल गिरने की वजह से तबीयत ख़राब हुई। केंद्रीय मंत्री के प्राथमिक इलाज के लिए तुरंत ही नजदीकी अस्पताल से एक टीम कार्यक्रम स्थल पहुंची। नितिन गडकरी की हालत अब सामान्य है। 

नितिन गडकरी की हालत बिगड़ने की खबर मिलते ही पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी हरकत में आईं। उन्होंने अधिकारियों को स्थिति संभालने के निर्देश दिए। आनन-फानन में केंद्रीय मंत्री को कार्यक्रम स्थल से बाहर ले जाया गया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गडकरी को इस वक्त राजू बिष्ट के आवास बरसाना ले जाया जा रहा है। वो वहीं आराम करेंगे। 

सड़क शिलान्यास के लिए गए थे गडकरी  

केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी आज पश्चिम बंगाल दौरे पर थे। सिलीगुड़ी में उनका एक कार्यक्रम था। शहर के शिव मंदिर से सेवक की छावनी तक सड़क का शिलान्यास करने केंद्रीय मंत्री पहुंचे थे। गडकरी जिस कार्यक्रम में शामिल हुए थे वो स्थल दार्जिलिंग जंक्शन के पास दागापुर मैदान में आयोजित किया गया था। लेकिन अचानक केंद्रीय मंत्री बीमार महसूस करने लगे। उनकी तकलीफ देख कार्यक्रम को जल्द ही रोक दिया गया। फिर डॉक्टरों की एक टीम मौके पर पहुंची। अब उन्हें पहले से राहत है।  

सीएम ममता की ले रहीं जानकारी 

सिलीगुड़ी के माटीगारा में बीजेपी के सांसद राजू बिष्ट के आवास पर तीन डॉक्टरों की टीम केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का इलाज कर रही है। बताया जा रहा है वो पहले से बेहतर महसूस कर रहे हैं। जल्द ही उन्हें दिल्ली ले जाया जा सकता है। इस बीच, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने नितिन गडकरी के स्वास्थ्य पर लगातार नजर बनाए हुई हैं। सीएम ममता बनर्जी ने सिलीगुड़ी कमिश्नर से उनके स्वास्थ्य के लिए सभी जरूरी इंतजाम करने के आदेश दिए हैं।

इससे पहले भी नितिन गडकरी की तबीयत अन्य कार्यक्रमों के दौरान बिगड़ चुकी है। साल 2018 के सितंबर महीने में महाराष्ट्र के अहमदनगर के एक कार्यक्रम के दौरान भी वो बेहोश हो गए थे। उससे भी पहले गडकरी अप्रैल 2010 में एक कार्यक्रम में दिल्ली के जंतर मंतर पर चक्कर खाकर गिर पड़े थे। 

Tags:    

Similar News