Weather Today: ओडिशा, बंगाल और झारखंड में आज भारी बारिश के आसार,मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

Weather Today: भारी बारिश की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग की ओर से अलर्ट जारी किया गया है।;

Written By :  Anshuman Tiwari
Update:2022-09-11 08:48 IST

Weather Today (photo: Newstrack )

Weather Today: बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने निम्न दबाव के क्षेत्र के कारण पश्चिम बंगाल, ओडिशा और झारखंड में आज भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है। इन तीनों ही राज्यों में जोरदार बारिश के कारण लोगों की मुसीबतें बढ़ सकती हैं। भारी बारिश की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग की ओर से अलर्ट जारी किया गया है।

इन तीनों राज्यों के अलावा पूर्वोत्तर के राज्यों, महाराष्ट्र और कर्नाटक में भी जोरदार बारिश होने की संभावना है। कर्नाटक में पिछले कई दिनों से भारी बारिश के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। बिहार और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी आज बादलों के बरसने की संभावना है।

कई राज्यों में होगी झमाझम बारिश

अगले 24 घंटे के दौरान देश के कई राज्यों में जोरदार बारिश होने की संभावना जताई गई है। स्काईमेट वेदर के मुताबिक दक्षिण ओडिशा, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तराखंड, तेलंगाना और दक्षिण छत्तीसगढ़ में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की आशंका है। तटीय कर्नाटक, गंगीय पश्चिम बंगाल और दक्षिण गुजरात में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक या दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

पूर्वोत्तर के राज्यों में भरी झमाझम बारिश होने की संभावना है। मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, नागालैंड और मेघालय में बारिश होने की संभावना है। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों,आंतरिक कर्नाटक, जम्मू-कश्मीर, आंतरिक ओडिशा, केरल और गुजरात के बाकी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। झारखंड, बिहार, तमिलनाडु, लक्षद्वीप, पूर्वी गुजरात और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की बारिश होने के आसार हैं।

ओडिशा में 13 तक बारिश की संभावना

बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण ओडिशा का मौसम 13 सितंबर तक खराब रहेगा। ओडिशा में मंगलवार तक भारी बारिश होने की आशंका है। मौसम विभाग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक बंगाल के उत्तर पश्चिमी खाड़ी के ऊपर बने इस कम दबाव के क्षेत्र के कारण ओडिशा के लोगों की मुश्किलें बढ़ेंगी।

राज्य के कई जिलों में 13 सितंबर तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। आज राज्य के दक्षिणी हिस्सों में मूसलाधार बारिश होने की आशंका है और मौसम विभाग ने इसके लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

बंगाल में भी दिखेगा भारी बारिश का कहर

बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र का असर पश्चिम बंगाल में भी दिखेगा। पश्चिम बंगाल के विभिन्न इलाकों में 14 सितंबर तक भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की ओर से जारी की गई चेतावनी के मुताबिक गंभीर पश्चिम बंगाल में रविवार और सोमवार को दो दिनों तक भारी बारिश होगी जबकि उप हिमालयी पश्चिम बंगाल में 12 से 14 सितंबर तक भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है।

पश्चिम बंगाल और ओडिशा के तटों के आसपास तूफानी हवाएं चलने का अनुमान भी लगाया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक इन हवाओं की रफ्तार 45 किलोमीटर प्रति घंटे तक की हो सकती है। मौसम विभाग की ओर से मछुआरों को सलाह दी गई है कि वे ओडिशा और बंगाल के समुद्री तटों की ओर न जाएं।

झारखंड में भी बिगड़ेगा मौसम

मौसम विभाग ने झारखंड में भी 13 सितंबर तक भारी बारिश होने की चेतावनी दी है। मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी पर बने कम दबाव के क्षेत्र का असर झारखंड पर भी पड़ना तय है। झारखंड में आज से इसका असर दिखाई पड़ने लगेगा। मौसम विभाग का कहना है कि आज राज्य के दक्षिणी पूर्वी और उत्तरी पूर्वी इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।

सोमवार को राज्य के उत्तरी और मध्य इलाकों में मध्यम से भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है। भारी बारिश की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग की ओर से येलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य में 14 और 15 सितंबर को भी बारिश होगी। इस दौरान लगभग पूरे राज्य में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान लगाया गया है।

राजस्थान-महाराष्ट्र में भी बारिश के आसार

मौसम विभाग की ओर से आज राजस्थान में भी बारिश की संभावना जताई गई है। राजस्थान के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान के मुताबिक 11 सितंबर को जोरदार बारिश होने की संभावना जताई गई है। राज्य में बारिश का दौर एक सप्ताह तक जारी रह सकता है। इस दौरान कोटा और उदयपुर संभाग के जिलों में ज्यादा बारिश होने की संभावना है। आज प्रदेश के 11 जिलों में तेज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

राजस्थान के अलावा महाराष्ट्र के कई हिस्सों में भी आज अच्छी बारिश होने की संभावना है। पिछले कई दिनों से बारिश की मार झेल रहे कर्नाटक में बारिश का दौर आज भी जारी रहेगा। इस दौरान कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम तो कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। पूर्वोत्तर के राज्यों मणिपुर, मेघालय, त्रिपुरा, मिजोरम और नागालैंड में भी आज झमाझम बारिश होने की संभावना है। दिल्ली के कई इलाकों में शनिवार को बारिश होने से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। राजधानी में अगले पांच दिनों के दौरान बारिश होने की संभावना जताई गई है।

Tags:    

Similar News