Weather Today: कर्नाटक और केरल में आज भी मौसम रहेगा खराब, भारी बारिश से बढ़ेगी लोगों की मुसीबत

Weather Today: दक्षिण भारत के इन तीन राज्यों के साथ ही मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में भी आज झमाझम बारिश होने की संभावना जताई गई है।;

Written By :  Anshuman Tiwari
Update:2022-09-08 08:12 IST

भारी बारिश से दक्षिण भारत में जनजीवन अस्त-व्यस्त (photo: social media )

Weather Today: भारी बारिश से बेहाल कर्नाटक में मानसून का का कहर खत्म होता नहीं दिख रहा है। मौसम विभाग ने आज भी कर्नाटक के विभिन्न इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। कर्नाटक के अलावा दक्षिण भारत के दो और राज्यों केरल और तमिलनाडु में भारी बारिश लोगों की मुसीबत बढ़ा सकती है। बेंगलुरु शहर हाल में हुई भारी बारिश से बेहाल दिख रहा है और माना जा रहा है कि भारी बारिश के कारण बेंगलुरु के लोगों की दिक्कतें और बढ़ेंगी। राज्य में बारिश का यह दौर 11 सितंबर तक जारी रहने की संभावना है।

दक्षिण भारत के इन तीन राज्यों के साथ ही मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में भी आज झमाझम बारिश होने की संभावना जताई गई है। ओडिशा, गोवा और कोंकण क्षेत्र में भी 11 सितंबर तक जोरदार बारिश होने की संभावना है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अगले चार-पांच दिनों के दौरान बारिश होने की संभावना नहीं है। राजधानी में बादल तो जरूर छाएंगे मगर बारिश की संभावना नहीं दिख रही है।

कई राज्यों में भारी बारिश होने की आशंका

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक अगले 24 घंटे के दौरान कर्नाटक और केरल में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। मध्य महाराष्ट्र, कोंकण व गोवा, लक्षद्वीप और अंडमान व निकोबार द्वीप समूह के कुछ इलाकों में भी भारी बारिश की आशंका जताई गई है। स्काईमेट वेदर के मुताबिक छत्तीसगढ़, तेलंगाना, विदर्भ और मध्य प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक या दो स्थानों पर भारी बारिश होने की आशंका है।

पूर्वोत्तर भारत, बिहार,उप हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। दक्षिण गुजरात, तमिलनाडु और गंगीय पश्चिम बंगाल मैं हल्की बारिश होने की संभावना है।

बेंगलुरु के लोगों का जारी रहेगा संकट

दक्षिण भारत के तीन राज्यों कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु में आज जोरदार बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि राज्य में गुरुवार से झमाझम बारिश होगी और बारिश का यह दौर 11 सितंबर तक जारी रह सकता है। तीनों ही राज्यों में हाल के दिनों में हुई भारी बारिश के कारण जनजीवन काफी प्रभावित हुआ है। तटीय कर्नाटक के इलाकों में गुरुवार और शुक्रवार को भारी बारिश लोगों की मुसीबत बढ़ा सकती है।

बेंगलुरु शहर भारी बारिश के कारण सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। बेंगलुरु में बारिश ने 90 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। राजधानी के तमाम इलाकों के जलमग्न हो जाने के कारण लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। तमाम इलाकों में लोगों को नावों और ट्रैक्टरों का सहारा लेने पर मजबूर होना पड़ा है। निचले इलाकों के साथ ही पाश इलाकों में भी भारी जलभराव के कारण लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। लोग इसे लेकर सरकार और सरकारी अफसरों के खिलाफ जमकर भड़ास निकाल रहे हैं। ऐसे में मौसम विभाग की भविष्यवाणी लोगों की चिंताएं बढ़ाने वाली है।

मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र में भी होगी बारिश

मौसम विभाग का कहना है कि पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी आज जोरदार बारिश होने की संभावना है। महाराष्ट्र के कई इलाकों में भी मौसम खराब रहने की आशंका है। मौसम के जानकारों के मुताबिक महाराष्ट्र के मराठवाड़ा और विदर्भ इलाके में 11 सितंबर तक झमाझम बारिश होने की संभावना है। ओडिशा, गोवा और कोंकण क्षेत्र में भी 11 सितंबर तक बारिश होने की संभावना जताई गई है।

मौसम के जानकारों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी पर बना चक्रवाती परिसंचरण जल्द ही निम्न दबाव के क्षेत्र में बदलकर जोर पकड़ सकता है। इस कारण ओडिशा में जोरदार बारिश का नया दौर शुरू होने की संभावना जताई गई है। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ और बिहार की राजधानी पटना में भी आज बारिश की संभावना है।

राजधानी दिल्ली में बारिश की संभावना नहीं

राजधानी दिल्ली में अगले चार-पांच दिनों तक मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि इस दौरान दिल्ली में बादल तो छा सकते हैं मगर बारिश की कोई संभावना नहीं है। दिल्ली में अगस्त महीने के दौरान पिछले 14 वर्षों में सबसे कम बारिश हुई है।

सितंबर महीने के दौरान भी दिल्ली में अभी तक मानसून की मेहरबानी नहीं दिख रही है। सितंबर महीने में अब तक दिल्ली में सिर्फ 8.8 मिलीमीटर बारिश हुई है। पूरे अगस्त महीने के दौरान दिल्ली में 41.6 मिलीमीटर बारिश हुई थी।

Tags:    

Similar News