Weather Today: ओडिशा में दो दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट, पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी बिगड़ेगा मौसम का मिजाज

Weather Today: राज्य के कुछ हिस्सों में रेड, कुछ हिस्सों में ऑरेंज तो कुछ हिस्सों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।;

Written By :  Anshuman Tiwari
Update:2022-08-19 08:06 IST

भारी बारिश (फोटो: न्यूज़ट्रैक)

Click the Play button to listen to article

Weather Today: देश के कई राज्यों में हाल के दिनों में मानसून की सक्रियता का काफी असर दिखा है। आज भी देश के कई राज्यों में व्यापक वर्षा होने की संभावना जताई गई है। विशेष रूप में से ओडिशा में दो दिनों तक बहुत भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है। इसके लिए राज्य के कुछ हिस्सों में रेड,कुछ हिस्सों में ऑरेंज तो कुछ हिस्सों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। ओडिशा के अलावा पश्चिम बंगाल में भी भारी बारिश की आशंका जताई गई है। मछुआरों को अगले दो दिनों तक ओडिशा और पश्चिम बंगाल के समुद्री तटों पर ना जाने की सलाह दी गई है।

पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी शुक्रवार और शनिवार को जमकर बारिश होने की संभावना जताई गई है। बिहार के लोगों को भी आज गर्मी और उमस से राहत मिलेगी। राज्य के कई हिस्सों में आज मूसलाधार बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया गया है।

कई राज्यों में होगी बारिश

देश के कई राज्यों में अगले 24 घंटे के दौरान बारिश की आशंका जताई गई है। मौसम के जानकारों के मुताबिक इस दौरान ओडिशा, झारखंड, छत्तीसगढ़, गंगीय पश्चिम बंगाल, पूर्वी मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्सों, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक या दो स्थानों पर भारी बारिश होने की आशंका है।

स्काईमेट वेदर के मुताबिक गुजरात, सिक्किम, जम्मू कश्मीर,उप हिमालयी पश्चिम बंगाल, तेलंगाना के कुछ हिस्सों, कोंकण व गोवा,अंडमान निकोबार द्वीप समूह और उत्तर पूर्व भारत में हल्की बारिश होने की संभावना है। मध्य महाराष्ट्र, केरल, तमिलनाडु, आंतरिक कर्नाटक और लक्षद्वीप में भी हल्की बारिश हो सकती है।

ओडिशा में भारी बारिश का अलर्ट

ओडिशा में इन दिनों भारी बारिश हो रही है। गुरुवार को भी राज्य के कई इलाकों में लोगों को भारी बारिश का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने पहले ही इसके लिए येलो अलर्ट जारी कर रखा था। मौसम विभाग ने राज्य में अगले दो दिनों तक बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तरी खाड़ी के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के शुक्रवार की सुबह मजबूत होने के कारण राज्य में भारी बारिश होने की आशंका है। शुक्रवार को मयूरभंज और क्योंझर जिले के कुछ हिस्सों में अत्यधिक भारी बारिश की आशंका के कारण रेड अलर्ट जारी किया है। इस भारी बारिश के कारण बाढ़ आने और भूस्खलन होने की आशंका भी जताई गई है।

इन जिलों में जारी हुआ अलर्ट

मौसम विभाग की ओर से कटक, संबलपुर और जगतसिंहपुर सहित 14 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है जबकि 7 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। शनिवार को भी ओडिशा के 7 जिलों में भारी बारिश की आशंका जताई गई है जबकि आठ अन्य जिलों में भी व्यापक वर्षा हो सकती है।

मछुआरों को अगले दो दिनों तक ओडिशा और पश्चिम बंगाल के समुद्री तटों पर न जाने की सलाह दी गई है। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने हवाई दौरा करके राज्य के जलभराव वाले इलाकों का जायजा लिया है। अफसरों को राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।

पश्चिम बंगाल में भी होगी भारी बारिश

उत्तरी बंगाल की खाड़ी में शुक्रवार को निम्न दबाव का क्षेत्र बनने के कारण सप्ताह के आखिरी दिनों में गंगीय पश्चिम बंगाल में व्यापक बारिश होने का अनुमान लगाया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण शुक्रवार से रविवार तक बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश लोगों की मुसीबत का कारण बनेगी। भारी बारिश की आशंका को देखते हुए मछुआरों को समुद्री तटों पर न जाने की सलाह दी गई है।

पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश की आशंका

देश के कई राज्यों में जहां मानसून पूरी तरह सक्रिय दिख रहा है वहीं इस बार यूपी और बिहार में कम बारिश हुई है। मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश में 19 और 20 अगस्त को बारिश होने का अनुमान लगाया है। मौसम विभाग का कहना है कि शुक्रवार और शनिवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश गरज के साथ बारिश होने और बिजली गिरने की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है।

बिहार में हाल के दिनों में धूप और उमस से लोग बेहाल रहे हैं मगर प्रदेश के लोगों को आज राहत मिल सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक आज बिहार के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश होने की आशंका है।

दिल्ली में मिली गर्मी से राहत

दिल्ली के आसमान में बुधवार को बादल छाए रहने और ठंडी हवाएं चलने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग का कहना है कि सप्ताह के आखिरी दिनों में दिल्ली में बारिश होने की संभावना है।

इस बार मानसूनी सीजन के दौरान दिल्ली में कम बारिश हुई है। 1 जून से अभी तक 337.9 मिलीमीटर बारिश हुई है जबकि आमतौर पर इस दौरान 415.7 मिलीमीटर बारिश होती है। अगस्त की शुरुआत के बाद अभी तक राजधानी में काफी कम बारिश हुई है।

Tags:    

Similar News