Weather Today Update:दिल्ली-एनसीआर में बदला मौसम का मिजाज, यूपी समेत इन राज्यों में भी बारिश का अलर्ट

Weather Today Update: मौसम विभाग ने आज दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर पश्चिम राजस्थान और पश्चिम उत्तर प्रदेश समेत देश के कुछ अन्य इलाकों में भी बारिश की संभावना जताई है।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update:2023-03-01 08:48 IST

Weather Update Today (Photo: Social Media)

Weather Today Update: देश के कई राज्यों में पड़ रही गर्मी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। देश में 1877 के बाद इस बार फरवरी का महीना सबसे गर्म रहा है और इस दौरान औसत तापमान 29.54 डिग्री सेल्सियस रहा है। मौसम विभाग ने इसे ग्लोबल वार्मिंग से जोड़ा है। वैसे मार्च की शुरुआत में आज मौसम का तेवर बदलता हुआ नजर आ रहा है। दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने करवट ली है। राष्ट्रीय राजधानी में तेज हवाएं चल रही हैं और कई स्थानों पर बूंदाबांदी भी हुई है। बुधवार को तेज हवाओं ने दिल्ली में फिर ठंड का एहसास करा दिया।

मौसम विभाग ने आज दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर पश्चिम राजस्थान और पश्चिम उत्तर प्रदेश समेत देश के कुछ अन्य इलाकों में भी बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही दो मार्च तक जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई में बारिश और बर्फबारी होने का पूर्वानुमान लगाया गया है।

यूपी के इन इलाकों में होगी बारिश 

मौसम विभाग ने पहले ही 28 फरवरी की शाम पश्चिमी विक्षोभ के पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में दस्तक देने की संभावना जताई थी। पश्चिमी विक्षोभ का असर मैदानी इलाकों पर भी दिख रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली-एनसीआर में हिंडन एयरपोर्ट, गाजियाबाद, करनाल, रोहतक, अमरोहा और आसपास के इलाकों में आज हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक इससे तापमान में ज्यादा अंतर नहीं आएगा मगर हल्के बादल छाए रहेंगे। उत्तर प्रदेश के दिल्ली से सटे इलाकों में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश होने की संभावना है।

उत्तराखंड में येलो अलर्ट जारी

उत्तराखंड में भी आज मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला नजर आएगा। मौसम विभाग ने उत्तराखंड में बर्फबारी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है कि देहरादून, चमोली, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग में आज बारिश हो सकती है। इसके साथ ही प्रदेश में कई स्थानों पर बर्फबारी होने की भी संभावना है। प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में काफी तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। उत्तराखंड के अलावा जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में भी आज बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है।

इस बार पड़ेगी काफी ज्यादा गर्मी

मौसम विभाग का कहना है कि मार्च से जून महीने तक तापमान औसत से काफी ज्यादा रहेगा। इस दौरान उत्तर पूर्वी, पूर्वी, मध्य भारत और उत्तर पश्चिम भारत में झुलसाने वाली गर्मी पड़ेगी। इसके साथ ही अगले तीन महीने के दौरान उत्तर पश्चिम और मध्य भारत के विभिन्न हिस्सों में रहने वाले लोगों को हीट वेव का सामना करना पड़ेगा। इस दौरान दिन के साथ ही रात का तापमान भी काफी ज्यादा रहने की संभावना जताई गई है।

मार्च के महीने को आमतौर पर बसंत का महीना की कहा जाता है मगर इस बार यह महीना काफी गर्मी वाला साबित होगा। मौसम विभाग के मुताबिक मध्य भारत में रहने वाले लोगों को मार्च महीने के दौरान ही लू का सामना करना पड़ सकता है। दक्षिण भारत में तापमान औसत रहने का अनुमान लगाया गया है मगर देश के अन्य हिस्सों में रहने वाले लोगों को मार्च महीने से ही भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा।

कड़ी धूप के कारण गर्मी में इजाफा

दिल्ली में मंगलवार की सुबह सुहानी रही और न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि दिन चढ़ने के साथ गर्मी में काफी बढ़ोतरी हुई। सोमवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 14.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जो कि सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक है। सोमवार को दोपहर में अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों में सुबह और शाम के समय हल्की ठंड का एहसास हो रहा है जबकि दोपहर में कड़ी धूप के कारण तीखी गर्मी पड़ रही है। इस बार फरवरी का महीना काफी गर्म रहा और इस दौरान प्रदेश के विभिन्न इलाकों में लोग दोपहर के समय गर्मी से बेहाल होते दिखे। राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास चल रहा है।

राजस्थान में भी आज बदला रहेगा मौसम

पश्चिमी विक्षोभ की वजह से राजस्थान के कई इलाकों में आज बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना है। जयपुर स्थित मौसम केंद्र का कहना है कि विशेष तौर पर उत्तर पश्चिमी राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखेगा। उत्तर पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर, चुरू, हनुमानगढ़, गंगानगर और आसपास के इलाकों में आज बादल छाए रहेंगे। इस दौरान इन इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।

कई राज्यों में बारिश की संभावना

स्काईमेट वेदर के मुताबिक अगले 24 घंटे के दौरान पश्चिमी हिमालय पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ बर्फबारी होने की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर तेज बर्फबारी भी हो सकती है। पंजाब, हरियाणा, उत्तर पश्चिम राजस्थान, असम, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, दक्षिण तमिलनाडु, केरल के कुछ हिस्सों और अंडमान व निकोबार द्वीप समूह के दक्षिणी हिस्सों में छिटपुट बारिश होने की संभावना है। दिल्ली-एनसीआर और उत्तर पश्चिम उत्तर प्रदेश में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।

Tags:    

Similar News