Weather Update: यूपी समेत कई राज्यों में कहर बरपाने लगी गर्मी, अब लू के थपेड़े भी लोगों को करेंगे बेहाल

Weather Update: मौसम विभाग का कहना है दिल्ली और बिहार में पूरे दिन लू चलेगी। यूपी में भीषण गर्मी से होगा लोगो का हाल बेहाल।

Update: 2023-04-17 11:35 GMT
यूपी समेत दिल्ली और बिहार में भीषण गर्मी और लू

Weather Update: राजधानी दिल्ली और देश के अन्य हिस्सों में आप भीषण गर्मी पड़ने लगी है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है। उत्तर प्रदेश में लखनऊ और प्रयागराज समेत पांच जिलों का पारा 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के दौरान देश के कई हिस्सों में लू चलने का अलर्ट जारी किया है।
पश्चिम बंगाल के गंगीय क्षेत्रों, आंध्र प्रदेश, ओडिशा और बिहार के कुछ हिस्सों में हीटवेव चलने की चेतावनी दी गई है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ की वजह से देश के कई इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना भी जताई है।

यूपी में भीषण गर्मी ने किया बेहाल

उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों में चिलचिलाती धूप ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। लखनऊ और प्रयागराज समेत पांच जिलों में पारा 40 डिग्री के ऊपर पहुंच गया है। शुक्रवार को प्रयागराज का पारा 42 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया और यह शहर प्रदेश में सबसे गर्म रहा। झांसी में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से अधिक और लखनऊ में 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि अप्रैल महीने के आखिर में प्रदेश के विभिन्न जिलों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच सकता है। प्रदेश के पश्चिमी जिलों के लोगों को 18 और 19 अप्रैल को राहत मिल सकती है क्योंकि मौसम विभाग की ओर से इन दोनों दिनों के दौरान हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग का कहना है कि 17 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है जिसका असर उत्तर प्रदेश में भी दिखेगा। इस कारण प्रदेश के पश्चिमी इलाके में 18 और 19 अप्रैल को बारिश होने की संभावना है। बाकी इलाकों में अगले एक सप्ताह तक मौसम सामान्य रहने का पूर्वानुमान लगाया गया है। वैसे प्रदेश के विभिन्न इलाकों में अभी हीटवेव का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। मौसम के जानकारों के मुताबिक अप्रैल के आखिरी दिनों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया जा सकता है।

बिहार में हीटवेव का अलर्ट

बिहार में भी अप्रैल महीने के दौरान भीषण गर्मी पड़ने लगी है। राज्य में कम से कम पांच स्थानों का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है। मौसम विभाग की ओर से राज्य में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। बिहार का मौसम केंद्र के मुताबिक राज्य के लोगों को अभी 24 अप्रैल तक भीषण गर्मी से निजात नहीं मिलने वाली है। राज्य के आपदा प्रबंधन मंत्री शाहनवाज ने लोगों को भीषण गर्मी और निर्जलीकरण से बचने की सलाह दी है। जिलाधिकारियों को भी अपने जिलों में भीषण गर्मी से पैदा हुई स्थिति पर नजर रखने की हिदायत दी गई है। राज्य सरकार का कहना है कि आपदा प्रबंधन विभाग हालात पर नजर रखे हुए हैं। भीषण गर्मी के कारण राजधानी पटना समेत कई जिलों में स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव किया गया है।

दिल्ली में 40 डिग्री से ऊपर पहुंचा पारा

राजधानी दिल्ली में शनिवार को दिन भर चली लू ने लोगों को खूब बेहाल किया। शनिवार को दिल्ली में भीषण गर्मी थी और अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। शनिवार को अधिकतम शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। यह मौजूदा सीजन का सबसे ज्यादा तापमान है। न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य है। मौसम विभाग ने रविवार को भी अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई है।
शनिवार को दिल्ली में दिनभर चली गर्म हवाओं से लोग परेशान दिखे। दोपहर ढाई बजे से साढ़े चार बजे तक गर्मी ने लोगों को ज्यादा परेशान किया। दोपहिया वाहनों पर सवारी करने वालों को गर्मी ने ज्यादा बेहाल किया। मंगलवार से दिल्ली के अधिकतम तापमान में कमी दिख सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि मंगलवार से दिल्ली के कई इलाकों में बादल छाए रहेंगे और गुरुवार तक दिल्ली के कई इलाकों में बूंदाबांदी होने का पूर्वानुमान लगाया गया है। इससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ हद तक राहत मिल सकती है।

राजस्थान और ओडिशा में भी गर्मी का कहर

राजस्थान में भी गर्मी काफी जोर पकड़ती हुई दिख रही है। पिछले 24 घंटे के दौरान श्रीगंगानगर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य के अन्य इलाकों में भी प्रचंड गर्मी ने लोगों को बेहाल कर रखा है। अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 48 घंटों के दौरान राज्य के अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। राज्य में 18 और 19 अप्रैल को नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना जताई गई है। ओडिशा और झारखंड में भी भीषण गर्मी पड़ रही है। ओडिशा में कम से कम 25 स्थानों का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है। झारखंड में आज लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है क्योंकि राज्य के कई इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।

Tags:    

Similar News