Weather Update: यूपी में और बढ़ेगा गर्मी का कहर, देश के इन इलाकों में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट

Weather Update: मौसम विभाग ने अगले एक-दो दिनों में उत्तर प्रदेश में और गर्मी पड़ने की चेतावनी के साथ तेज हवाएं चलने की आशंका जताई है।

Update: 2023-04-10 10:19 GMT
Aaj Ka Mausam (photo: social media )

Weather Update: देश में बारिश और ओलावृष्टि का दौर खत्म होने के बाद विभिन्न हिस्सों में प्रचंड गर्मी पड़ने लगी है। उत्तर प्रदेश में भी तीखी धूप ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मौसम विभाग ने अगले एक-दो दिनों में उत्तर प्रदेश में और गर्मी पड़ने की चेतावनी के साथ तेज हवाएं चलने की आशंका जताई है। देश के अन्य राज्यों में भी आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की आशंका है।

दिल्ली-एनसीआर में आज बादल छाए रहने की संभावना है मगर बारिश की कोई उम्मीद नहीं है। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश और केरल में आज हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग की ओर से आज केरल और माहे में आंधी-तूफान और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। ओडिशा में भी बिजली गिरने की आशंका है। विदर्भ, मराठवाड़ा, तटीय कर्नाटक और तमिलनाडु में भी आज हल्की बारिश हो सकती है।

कानपुर में पारा 37 डिग्री के पार पहुंचा

उत्तर प्रदेश में दोपहर के समय गर्मी की तपिश में इजाफा देखने को मिल रहा है। प्रदेश की राजधानी लखनऊ समेत अन्य जिलों में रविवार को मौसम साफ बना रहा। इस हफ्ते प्रदेश के मौसम में कोई बड़ा बदलाव होने की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। प्रदेश के न्यूनतम तापमान में कोई बदलाव होने की संभावना नहीं है। रविवार को यूपी में अधिकतम तापमान कानपुर और सुल्तानपुर में 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

महाराष्ट्र के इन इलाकों में बारिश की आशंका

महाराष्ट्र के कई इलाकों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है नागपुर सहित कई जिलों में हाल के दिनों में जोरदार बारिश हुई है। आने वाले दिनों में भी महाराष्ट्र के कई जिलों में मौसम का मिजाज बदला रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक अगले पांच दिनों के दौरान नागपुर और वर्धा में हल्की बारिश जबकि चंद्रपुर, गोंदिया, भंडारा, गढ़चिरौली, बुलढाणा और वाशिम जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। बारिश की वजह से महाराष्ट्र के किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। किसानों की ओर से सरकार से नष्ट फसलों का मुआवजा देने की मांग की गई है।

हिमाचल में हो सकती है हल्की बर्फबारी

देश के कई इलाकों में बढ़ती गर्मी के बीच हिमाचल प्रदेश में हल्की बर्फबारी होने का अनुमान लगाया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में प्रदेश में बारिश के साथ ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी हो सकती है। शिमला स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक 9 से 12 अप्रैल के बीच राज्य के मध्य पर्वतीय कुछ भागों में हल्की बारिश हो सकती है। इसके साथ ही राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की आशंका है 12 अप्रैल के बाद राज्य का मौसम फिर शुष्क बने रहने की संभावना है।

दिल्ली में अभी और बढ़ेगी गर्मी

दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया। रविवार को अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान इस मौसम के औसत तापमान से 4 डिग्री नीचे 15.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग की ओर से लगाए गए पूर्वानुमान के मुताबिक सोमवार को राजधानी दिल्ली में हल्के बादल छाए रहेंगे।

सोमवार को भी दिल्ली में भीषण गर्मी पड़ने की आशंका है। इस दौरान अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने के बाद अब दिल्ली में भीषण गर्मी का एहसास होगा। इस सप्ताह के अंत तक दिल्ली में मई-जून जैसी भीषण गर्मी पड़ सकती है।

स्काईमेट वेदर का पूर्वानुमान

स्काईमेट वेदर के मुताबिक अगले 24 घंटे के दौरान अरुणाचल प्रदेश और केरल में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। विदर्भ, मराठवाड़ा, तटीय कर्नाटक और तमिलनाडु में हल्की बारिश के साथ कुछ स्थानों पर गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। शेष देश में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है। उत्तर पश्चिम, मध्य, पूर्व और उत्तर पूर्व भारत के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।

Tags:    

Similar News