Weather Today: देश के कई राज्यों में आज होगी झमाझम बारिश, यूपी में भी जमकर बरसेंगे बादल

Weather Update Today: देश के कई राज्यों में मानसून की मेहरबानी के कारण अच्छी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आज भी देश के कई राज्यों में तेज बारिश की आशंका जताई है।

Report :  Anshuman Tiwari
Update: 2022-07-20 02:24 GMT

Weather Update Today in India (image credit social media)

Weather Update Today in India: देश के कई राज्यों में मानसून की मेहरबानी के कारण अच्छी बारिश हो रही है। कई राज्यों में तो भारी बारिश के कारण लोगों की मुसीबतें भी काफी बढ़ गई हैं। मौसम विभाग ने आज भी देश के कई राज्यों में तेज बारिश की आशंका जताई है। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तराखंड, केरल, गुजरात, मध्य प्रदेश, तटीय कर्नाटक, पश्चिम बंगाल और उत्तर पूर्व में आज तेज बारिश होने की आशंका है। उत्तराखंड के कई जिलों में तो आज भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। कुछ अन्य इलाकों में भी अच्छी बारिश होगी और इसके लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

उत्तर प्रदेश के लोगों को भी आज प्रचंड गर्मी और उमस से राहत मिल सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आज और कल झमाझम बारिश होने के आसार हैं। प्रदेश में शहर के लोगों के साथ ही ग्रामीण इलाकों के लोग भी बारिश की बेसब्री से प्रतीक्षा कर रहे हैं। हाल के दिनों में अच्छी बारिश न होने के कारण धान की रोपाई का काम भी काफी प्रभावित हुआ है। ऐसे में यह बारिश खेती करने वाले ग्रामीणों के लिए काफी मददगार साबित हो सकती है। 

उत्तराखंड में हुआ अलर्ट जारी 

उत्तराखंड के कई जिलों में आज भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने राज्य राजधानी देहरादून, शहीद उधम सिंह नगर,पौड़ी, टिहरी, नैनीताल, चंपावत और हरिद्वार में भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका जताई है। मौसम विभाग की ओर से इसके लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। 

राज्य के अन्य जिलों में भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है और इसके लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। उत्तराखंड के लोगों को हाल के दिनों में काफी बारिश का सामना करना पड़ा है। इसके चलते राज्य में कई मार्गों को भी बंद करना पड़ा।

यूपी में भी झमाझम बारिश के आसार

उत्तर प्रदेश के लोगों को हाल के दिनों में प्रचंड गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा है। इस बार मानसून के सक्रिय होने के बाद प्रदेश में अभी तक अच्छी बारिश नहीं हुई है। इसी कारण प्रदेश के लोग बारिश का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में अब बारिश के लिए अनुकूल सिस्टम बन गया है। प्रदेश के विभिन्न इलाकों में बुधवार और गुरुवार को झमाझम बारिश होने के आसार हैं। 

प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में झमाझम बारिश का असर दिखेगा। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में 23 जुलाई तक बारिश जारी रह सकती है। देश के विभिन्न हिस्सों में मानसून की सक्रियता के बावजूद अभी तक मानसून उत्तर प्रदेश पर ज्यादा मेहरबान नहीं दिखा है। मौसम विभाग का मानना है कि प्रदेश पर अब जल्द ही मानसून की मेहरबानी दिखेगी। इस कारण प्रदेश में लोगों को गर्मी और उमस से निजात मिल सकती है

इन राज्यों में बरसेंगे बादल

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान देश के कई राज्यों में भारी बारिश हो सकती है। स्काईमेट वेदर के मुताबिक उत्तराखंड, केरल, गुजरात, दक्षिण पूर्वी मध्य प्रदेश, तटीय कर्नाटक, सिक्किम, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और उत्तर पूर्व भारत में अगले 24 घंटे के दौरान बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में मध्यम तो कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। गुरुवार को गंगा के मैदानी इलाकों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।

इसका असर हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, उत्तरी पंजाब, बिहार के कुछ हिस्सों और उत्तरी मध्य प्रदेश में दिखेगा। इसके परिणामस्वरूप कई स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश होने की आशंका है। छत्तीसगढ़, विदर्भ, उत्तरी तेलंगाना, लक्षद्वीप, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और जम्मू कश्मीर में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, आंतरिक महाराष्ट्र, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक ओठिशा और तटीय आंध्र प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

बिहार को गर्मी से मिलेगी निजात

बिहार में इस बार अभी तक अच्छी बारिश न होने के कारण सूखे जैसे हालात दिख रहे हैं।  प्रचंड धूप और उमस ने लोगों को बेहाल कर रखा है और लोग बेसब्री से बारिश की प्रतीक्षा कर रहे हैं। ऐसे लोगों की उम्मीदें पूरी हो सकती है क्योंकि भारतीय मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक बिहार में आज अच्छी बारिश होने की संभावना है। 

बारिश का यह दौर कल भी जारी रह सकता है। प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की फुल्की बारिश हो सकती है जबकि कुछ इलाकों में तेज बारिश होने की आशंका है। ग्रामीण इलाकों के लोग बारिश को लेकर ज्यादा चिंतित और परेशान हैं। उनका कहना है कि यदि अब जल्द ही अच्छी बारिश नहीं हुई तो हालात गंभीर हो जाएंगे। मौसम विभाग का बारिश का पूर्वानुमान खेती किसानी करने वाले लोगों की उम्मीदें जगाने वाला है।

मध्य प्रदेश पर भी मानसून मेहरबान

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान पश्चिमी मध्य प्रदेश के अधिकांश जिलों में बारिश की गतिविधि कम होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने उत्तरी मध्य प्रदेश में बारिश के गतिविधियां बढ़ने की चेतावनी भी दी है। टीकमगढ़, निवाड़ी और छतरपुर में आज भारी बारिश होने की आशंका है। राज्य में पिछले कई दिनों से कुछ इलाकों में हल्की तो कुछ इलाकों में मध्यम बारिश हो रही है। बारिश के कारण राज्य के नदी-नाले उफान पर आ गए हैं। कई स्थानों पर गांव का शहर से संपर्क कट गया है। 

Tags:    

Similar News