Weather Update Today: मौसम का बदला मिजाज, उत्तर भारत में बारिश बढ़ाएगी ठंड, लखनऊ में घने कोहरे ने बढ़ाई मुसीबत

Weather Update Today: दिल्ली-एनसीआर में भी बारिश और ठंड का असर दिखेगा। मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को पंजाब, हरियाणा और उत्तराखंड में हल्की बारिश हो सकती है। ह

Written By :  Anshuman Tiwari
Update: 2023-12-22 03:10 GMT

Lucknow weather (Photo: Newstrack.com)

 Weather Update Today: देश के कई इलाकों में कड़ाके की सर्दी ने सितम ढाना शुरू कर दिया है। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में भी दिखने लगा है। उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर भारत के कई राज्यों में आज बादल छाए रहेंगे और बारिश होने की आशंका है। दिल्ली-एनसीआर में भी बारिश और ठंड का असर दिखेगा। मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को पंजाब, हरियाणा और उत्तराखंड में हल्की बारिश हो सकती है। हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर में 22 से 24 दिसम्बर तक मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना जताई गई है।

उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ समेत कई शहरों में गुरुवार के बाद शुक्रवार की सुबह भी घना कोहरा छाया रहा। इस कारण सुबह के समय आवागमन में लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। प्रदेश के विभिन्न शहरों में आसमान में बादलों के डेरा डालने के कारण ठंडी हवाएं लोगों को गलन का अहसास कराती रहीं। आने वाले दिनों में विभिन्न शहरों में दिन के तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।

ठंड और घने कोहरे ने बढ़ाई मुसीबत

देश के कई राज्यों में कड़ाके की ठंड ने लोगों की मुसीबत बढ़ा दी है। राजधानी दिल्ली और लखनऊ समेत पूरे उत्तर भारत में सुबह के समय घना कोहरा देखने को मिल रहा है। घने कोहरे के कारण सुबह के समय स्कूल जाने वाले बच्चों और विभिन्न कामों को लेकर निकलने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर पश्चिम भारत में अगले 2-3 दिनों के दौरान सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक के पूरे उत्तर भारत में आज से बारिश का दौर शुरू हो सकता है। इस कारण ठंड में और बढ़ोतरी होने की चेतावनी दी गई है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में कोहरा छाए रहने का अनुमान लगाया गया है। इसके साथ ही पंजाब में कोल्ड वेव का अलर्ट जारी किया गया है।

दिल्ली-एनसीआर में बारिश की आशंका

दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को बारिश लोगों की मुसीबत बढ़ा सकती है वैसे शुक्रवार को बारिश के बाद शनिवार से तापमान में कुछ बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को न्यूनतम तापमान बढ़कर 9 डिग्री और अधिकतम तापमान बढ़कर 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

दिल्ली में 27 दिसंबर तक सुबह के समय हल्का से मध्यम स्तर को कोहरा छाए रहने की आशंका है। पश्चिमी विक्षोभ के पश्चिमी हिमालय के पास पहुंचने से हवाओं में थोड़ा बदलाव भी आएगा।

दक्षिण के राज्यों में भी होगी बरसात

स्काईमेट वेदर की रिपोर्ट के मुताबिक अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, तमिलनाडु, केरल और लक्षद्वीप में आज हल्की बारिश हो सकती है। 22 से 23 दिसंबर के बीच पश्चिमी राजस्थान, उत्तरी पंजाब और उत्तरी हरियाणा में हल्की बारिश होने की संभावना है।

जम्मू-कश्मीर, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में 22 से 24 सितंबर दिसंबर के बीच हल्की बारिश और बर्फबारी लोगों के मुसीबत बढ़ा सकती है। उत्तराखंड के ऊपरी इलाकों में शनिवार और रविवार को हल्की बारिश और बर्फबारी होने की आशंका है।

जम्मू-कश्मीर में गुरुवार से चिल्लई कलां का दौर शुरू होने के बाद कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 0 से नीचे पहुंच गया है। जम्मू कश्मीर में अब 40 दिनों तक कड़ाके की ठंड लोगों के लिए मुसीबत बनी रहेगी।

Tags:    

Similar News