Weather Update Today: मौसम के बदले रुख से ठंड में इजाफा, यूपी और एमपी समेत कई राज्यों में आज बरसेंगे बादल

Weather Update Today: प्रदेश के कुछ इलाकों में आज भी बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग की ओर से मध्य प्रदेश, राजस्थान महाराष्ट्र और गुजरात समेत कई इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update: 2023-11-28 04:56 GMT

Weather Update Today  (photo: social media )

Weather Update Today: देश के कई इलाकों में आज भी मौसम का तेवर बदला हुआ नजर रहा है। राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में बारिश के बाद ठंड में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भी सोमवार की रात बारिश के बाद ठंड बढ़ गई है। प्रदेश के कुछ इलाकों में आज भी बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग की ओर से मध्य प्रदेश, राजस्थान महाराष्ट्र और गुजरात समेत कई इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने दिल्ली और उत्तराखंड में भी बारिश होने की चेतावनी दी है।

बारिश के बाद दिल्ली में बढ़ी ठंड

दिल्ली और एनसीआर के इलाकों में मौसम पूरी तरह बदल चुका है। कल की बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। सोमवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस था।

मौसम के जानकारों का कहना है कि दिसंबर की शुरुआत में राजधानी दिल्ली के न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इसके साथ ही हल्का से मध्यम कोहरा छाए रहने का भी पूर्वानुमान लगाया गया है।

यूपी में भी बदला मौसम का मिजाज

उत्तर प्रदेश में भी मौसम का तेवर काफी तेजी से बदल रहा है। दिन में भी लोगों को ठंड का एहसास होने लगा है जबकि रात के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। अलीगढ़ में सोमवार की पूरी रात रुक-रुक कर बारिश होती रही। बारिश का कारण जिले में आठवीं तक के स्कूलों को आज बंद रखने के आदेश दिए गए हैं। आगरा, झांसी और वाराणसी समेत कुछ और इलाकों में भी हल्की बारिश होने की खबर है।

मौसम विभाग का गाना है कि आज कानपुर मंडल के 6 जिलों में बारिश होने की संभावना है। वाराणसी में 30 नवंबर को हल्की बारिश होने की संभावना है। प्रदेश में अयोध्या और कानपुर सोमवार को सबसे ठंडा स्थान रहे और दोनों ही इलाकों में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम के जानकारों का कहना है कि अभी प्रदेश में दो दिनों तक बदली और कोहरे का दौर बना रहेगा।

इन राज्यों में भी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ राज्यों में 29 नवंबर तक गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की चेतावनी दी है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम और मध्य भारत के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जाएगी। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 30 नवंबर तक भारी वर्षा होने का अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही तेज हवाएं भी लोगों को परेशान करेंगी।

स्काईमेट वेदर का पूर्वानुमान

स्काईमेट वेदर के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान, मध्य प्रदेश, तटीय तमिलनाडु और तटीय आंध्र प्रदेश के साथ-साथ अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक या दो स्थानों पर भारी बारिश लोगों के लिए मुसीबत बन सकती है। पश्चिमी हिमालय के ऊपरी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने की आशंका है। उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, केरल, लक्षद्वीप और आंध्र प्रदेश में हल्की बारिश हो सकती है।

गुजरात में बारिश बनी कहर

गुजरात के कई इलाकों में बेमौसम की बारिश ने जनजीवन को काफी प्रभावित किया है। बारिश के दौरान बिजली गिरने की घटनाओं में 27 लोगों की मौत होने की खबर है और फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। बिजली गिरने से संबंधित मौत रविवार सुबह से लेकर 24 घंटों के अंतराल में हुईं।

सबसे ज्यादा मौत दाहोद, तापी, डांग, अमरेली, सुरेंद्रनगर, बोटाद, मेहसाणा, खेड़ा, पंचमहल, साबरकांठा, अहमदाबाद, भरूच और देवभूमि द्वारका जिलों में हुईं। प्रशासन की ओर से लोगों को राहत पहुंचाने के प्रयास किया जा रहे हैं।

Tags:    

Similar News