Mamata Banerjee: 'जब इंदिरा गांधी चांद पर गई थीं', चंद्रयान-3 पर CM ममता बनर्जी का फिर चौंकाने वाला बयान

Mamata Banerjee: बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने एक और चौंकाने वाला बयान दिया। उन्होंने दावा किया कि, पूर्व पीएम इंदिरा गांधी चंद्रमा पर गई थीं। इससे पहले, उन्होंने फिल्म निर्माता-निर्देशक राकेश रोशन को लेकर अजीबोगरीब बयान दिया था।

Update: 2023-08-29 12:28 GMT
Mamata Banerjee on Indira Gandhi (Social Media)

Mamata Banerjee on Indira Gandhi: भारतीय अंतरिक्ष यात्री राकेश शर्मा (Indian Astronaut Rakesh Sharma) को गलती से फिल्म निर्माता-निर्देशक राकेश रोशन बताने के चंद दिनों बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (CM Mamata Banerjee) ने एक और चौंकाने वाला बयान दिया। ममता के हालिया बयान को सुनने वाले हैरान हैं, पूछ रहे हैं...ये क्या बोल दिया?

दरअसल, वेस्ट बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने दावा किया कि, 'पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी चंद्रमा पर गई थीं।' इंदिरा गांधी सरकार (Indira Gandhi government) के दौरान भारत की पहली अंतरिक्ष यात्रा को याद करते हुए ममता बोलीं, 'जब इंदिरा गांधी चंद्रमा पर पहुंचीं, तो उन्होंने राकेश शर्मा से पूछा कि वहां से हिंदुस्तान कैसा दिखता है। उन्होंने जवाब दिया, 'सारे जहां से अच्छा।'

CM ममता ने राकेश शर्मा को बताया था राकेश रोशन

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ये बातें तृणमूल छात्र परिषद (TMCP) के स्थापना दिवस, 2023 पर कही। एक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने ये टिप्पणी की। इससे पहले, चंद्रयान-3 मिशन (chandrayaan-3 mission) की सफलता के लिए इसरो के वैज्ञानिकों की सराहना करते हुए ममता बनर्जी ने राकेश शर्मा को राकेश रोशन के रूप में संदर्भित किया था। जिसकी तब आलोचना भी हुई थी।

23 अगस्त को ISRO ने रचा इतिहास

उल्लेखनीय है कि, भारत ने 23 अगस्त को अंतरिक्ष की दुनिया में इतिहास रचा। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के महत्वाकांक्षी तीसरे चंद्र मिशन चंद्रयान-3 के लैंडर मॉड्यूल (LM) ने चंद्रमा की सतह पर कदम रखा। जिसके बाद यह उपलब्धि हासिल करने वाला भारत चौथा देश बन गया। वहीं, पृथ्वी के एकमात्र प्राकृतिक उपग्रह के साउथ पोल पर पहुंचने वाला पहला देश बन गया।

रोवर प्रज्ञान भेज रहा तस्वीरें

चंद्रमा पर चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के 3 दिन बाद, ISRO ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव (South Pole of Moon) की खोज करने वाले रोवर प्रज्ञान (Rover Pragyan) के फुटेज जारी किए। 'प्रज्ञान' को लैंडिंग के एक दिन बाद विक्रम लैंडर से तैनात किया गया था। इसने चंद्रमा के चट्टानों और गड्ढों को नेविगेट करते हुए वहां सतह की खोज शुरू की। प्रज्ञान हर दिन नई तस्वीरों के माध्यम से मिशन की सफलता की इबारत गढ़ रहा है।

Tags:    

Similar News