West Bengal News: पंचायत चुनाव के नामांकन के आखिरी दिन दो गुटों में गोलीबारी, एक की मौत दो घायल

West Bengal News: पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जनपद के चोपड़ा क्षेत्र में गुरुवार को दो गुटों में गोलीबारी हो गई। इस गोलीकांड में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

Update: 2023-06-15 09:16 GMT
सांकेतिक तस्वीर ( सोशल मीडिया)

West Bengal News: पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जनपद के चोपड़ा क्षेत्र में गुरुवार को दो गुटो में गोलीबारी हो गई। इस गोली में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती करवाया है। फिलहाल मारे गए व्यक्ति की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के मुताबिक कांग्रेस और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के कुछ उम्मीदवार संयुक्त रूप से पंचायत चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान उनके ऊपर अज्ञात लोगों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस फायरिंग में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रुप से घायल हो गए। जानकारी मिल रही है कि जिस युवक की मौत हुई है वह माकपा कार्यकर्ता था।

माकपा केंद्रीय समिति के सदस्य सुजन चक्रवर्ती ने कहा कि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस से जुड़े गुंडों ने जानबूझकर उनके उम्मीदवारों पर हमले किए है। उन्होनें कहा कि जानबूझकर माकपा के लोगों को नामांकन दाखिल करने से रोका जा रहा है और उनपर जानलेवा हमले किए जा रहे हैं।

नामांकन दाखिल करने का आज आखिरी दिन

बता दें कि पश्चिम बंगाल में 8 जुलाई को होने वाले पंचायत चुनाव को लेकर राजनीतिक घमासान जा रही है। पंचायत चुनाव के लिए आज गुरुवार (15 जून) को नामांकन का आखिरी दिन था। नामांकन के आखिरी दिन ही गोलीबारी की घटना हुई जिसमें एक युवक को जान चली गई है, वहीं दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। 8 जून को मतदान की तारीखों की घोषणा के बाद से पश्चिम बंगाल में नामांकन को लेकर यह दूसरी मौत है। 9 जून को मुर्शिदाबाद जिले के खारग्राम में एक कांग्रेस कार्यकर्ता फूलचंद शेख की हत्या कर दी गई थी।

Tags:    

Similar News