BJP President: भाजपा के ‘नाथ’ होंगे राजनाथ! नवरात्रि के बाद कभी भी हो सकता है नाम का ऐलान

BJP President: भाजपा के नये राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम को लेकर हर तरफ कयासों का दौर चल रहा है। जल्द ही भाजपा अपने नये सेनापति का ऐलान भी कर देगी।;

Update:2025-03-25 13:38 IST

rajnath singh

BJP President: भारतीय जनता पार्टी नये अध्यक्ष का तलाष कर रही है। वर्तमान भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल साल 2023 में ही खत्म हो गया था। लेकिन साल 2024 में लोकसभा और फिर दिल्ली विधानसभा चुनाव के चलते जेपी नड्डा अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभालते रहे। भाजपा के प्रदेष अध्यक्षों के चुनाव की प्रक्रिया जारी है। कई राज्यों में अध्यक्ष का चुनाव हो चुका है। वहीं कुछ राज्यों में अभी चुनाव चल रहा है। राज्य इकाइयों के चुनाव हो जाने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होगा।

ऐसे में संभावना जतायी जा रही है कि नवरात्रि के बाद कभी भी जेपी नड्डा के उत्तराधिकारी के नाम का ऐलान हो सकता है। भाजपा के संविधान के अनुसार, आधे राज्यों में चुनाव से पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव नहीं कराया जा सकता है। अब तक भाजपा ने 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों में से 13 राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष के नाम का ऐलान हो चुका है।

यूं तो भाजपा अध्यक्ष पद के लिए कई दावेदारों के नाम रेस में चल रहे हैं। धर्मेंद्र प्रधान से लेकर भूपेंद्र यादव और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को भी प्रबल दावेदार माना जा रहा है। यह सभी नेता केंद्र में मंत्री हैं और संघ के बेहद नजदीकी भी माने जाते हैं। लेकिन सियासी गलियारों में जो नाम दावेदार के रूप में सबसे आगे चल रहा है वह रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का है।

अगर राजनाथ सिंह के नाम पर राष्ट्रीय संगठन की मुहर लगती है तो वह भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष बन जायेंगे। उल्लेखनीय है कि 2027 में उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिहाज से भी राजनाथ सिंह बड़ा चेहरा माने जा रहे हैं। क्योंकि राजनाथ सिंह उत्तर प्रदेश से ही हैं और जातीय समीकरण से भी राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए फिट बैठते हैं।

क्यों लग सकती है राजनाथ सिंह के नाम पर मुहर

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 13 वर्ष की बेहद छोटी आयु में ही साल 1964 से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़ गये थे। उन्होंने आरएसएस के कई पदों की जिम्मेदारी संभाली है। इसके साथ ही वह दो बार पार्टी के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। वह पहली बार 31 दिसंबर 2005 को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने थे। दूसरी बार 23 जनवरी 2013 को वह भाजपा के फिर अध्यक्ष चुने गये और 09 जुलाई 2014 तक पदभार संभाला।

साल 2014 में भाजपा की शानदार जीत के बाद राजनाथ सिंह ने गृह मंत्री का पद संभाला और पार्टी अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। साल 2014 में उन्होंने लखनऊ लोकसभा चुनाव सीट से लड़ा था और जीत दर्ज की थी। 30 मई 2019 को राजनाथ सिंह ने फिर केंद्रीय मंत्री के रूप में शपथ ली और 1 जून 2019 को श्री सिंह केन्द्रीय रक्षा मंत्री बने।

भाजपा को कब मिलेगा नया राष्ट्रीय अध्यक्ष

भाजपा के नये राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम को लेकर हर तरफ कयासों का दौर चल रहा है। जल्द ही भाजपा अपने नये सेनापति का ऐलान भी कर देगी। बताया जा रहा है कि अभी संसद का बजट सत्र चल रहा है जोकि चार अप्रैल तक चलेगा। ऐसे में बजट सत्र के दौरान भाजपा अध्यक्ष के चुनाव की संभावना कम ही है। वहीं बेंगलुरू में 18 से 20 अप्रैल तक भाजपा की नेशनल एग्जीक्यूटिव काउंसिल की बैठक होनी है। ऐसे में नेशनल एग्जीक्यूटिव काउंसिल की बैठक से पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव हो सकता है। यानी भाजपा को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष की कुर्सी के लिए चार से 17 अप्रैल के बीच दावेदार का नाम की घोषणा कर सकती है।

साल 2020 से जेपी नड्डा हैं राष्ट्रीय अध्यक्ष

जेपी नड्डा को पहली बार 17 जून, 2019 को कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नामित किया गया था। इसके बाद 20 जनवरी, 2020 को नड्डा पार्टी के 11वें राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिए गए थे। तब से वह पद का दायित्व संभाल रहे है। जेपी नड्डा के नेतृत्व में भाजपा ने कई राज्यों में विधानसभा चुनाव लड़ा और भगवा परचम भी लहराया। वहीं लोकसभा चुनाव में भी फतह कर फिर सत्ता में वापसी की। विदित हो कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी 1980 से 1986 तक भाजपा के पहले अध्यक्ष थे। वहीं लाल कृष्ण आडवाणी लंबे समय तक इस पद का कार्यकाल संभाल चुके हैं।

Tags:    

Similar News