Karnataka Election 2023: कर्नाटक में भाजपा ने झोंकी पूरी ताकत, पीएम मोदी पर ही भरोसा, आज फिर राज्य के दौरे पर

Karnataka Election 2023: नए साल की शुरुआत के साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ही कर्नाटक में सक्रिय हो गए थे और आज भी इस साल आठवीं बार कर्नाटक पहुंचे हैं। चुनाव की तारीख के ऐलान के बाद कर्नाटक में सियासी गतिविधियां काफी तेज हो गई हैं

Update: 2023-04-09 08:03 GMT
पीएम नरेंद्र मोदी (फोटो: सोशल मीडिया)

Karnataka Election 2023: दक्षिण भारत में अपने एकमात्र दुर्ग कर्नाटक को बचाने के लिए भाजपा पूरी ताकत झोंकने की तैयारी में जुटी हुई है। कर्नाटक में भाजपा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चेहरे का बड़ा सहारा है और इसी कारण और पीएम मोदी चुनाव कार्यक्रम की घोषणा से पहले ही कर्नाटक में सक्रिय हो गए थे। प्रधानमंत्री मोदी आज फिर कर्नाटक पहुंचे हैं और इस दौरान वे कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के साथ ही एक चुनावी रैली को भी संबोधित करेंगे।

नए साल की शुरुआत के साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ही कर्नाटक में सक्रिय हो गए थे और आज भी इस साल आठवीं बार कर्नाटक पहुंचे हैं। चुनाव की तारीख के ऐलान के बाद कर्नाटक में सियासी गतिविधियां काफी तेज हो गई हैं और कांग्रेस की ओर से 166 और जनता दल सेक्युलर की ओर से 93 सीटों पर प्रत्याशी घोषित किए जा चुके हैं। कर्नाटक में भाजपा की अभी तक एक भी सूची नहीं जारी हुई है। उम्मीद जताई जा रही है कि आज या कल भाजपा की ओर से पहली सूची जारी की जा सकती है।

पीएम मोदी का आज कर्नाटक में व्यस्त कार्यक्रम

प्रधानमंत्री मोदी के ताबड़तोड़ कर्नाटक दौरों के पीछे एक बड़ा कारण माना जा रहा है। दरअसल हाल में किए गए एक सर्वे में कर्नाटक चुनाव में कांग्रेस की स्थिति मजबूत मानी गई थी। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व तक भी यह खबर पहुंची है और माना जा रहा है कि इसीलिए पार्टी के स्टार प्रचारक और सबसे बड़े चेहरे प्रधानमंत्री मोदी को कर्नाटक के सियासी अखाड़े में बड़ी भूमिका निभाने के लिए उतार दिया गया है। पीएम मोदी इस साल कर्नाटक को कई बड़ी परियोजनाओं की सौगात दे चुके हैं।

वैसे कर्नाटक में चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के बाद आज वे पहले दौरे पर चुनावी सभा को संबोधित करने के लिए पहुंचने वाले हैं। कर्नाटक में आज पीएम मोदी चुनावी रैली के अलावा कई अन्य कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेंगे। प्रधानमंत्री बांदीपुर राष्ट्रीय उद्यान का दौरा करने के साथ ही प्रोजेक्ट टाइगर के 50 साल पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रमों का भी शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही वे बाघों की गणना के नए आंकड़े भी जारी करेंगे। माना जा रहा है कि अपनी चुनावी रैली के दौरान प्रधानमंत्री मोदी कांग्रेस पर तीखे हमले कर सकते हैं।

कर्नाटक में 20 से अधिक रैलियां करेंगे पीएम मोदी

भाजपा की ओर से कर्नाटक चुनाव के लिए प्रधानमंत्री मोदी की 20 से अधिक रैलियां आयोजित करने का कार्यक्रम तैयार किया गया है। भाजपा से जुड़े सूत्रों का कहना है कि पार्टी की ओर से इस बार उन इलाकों पर ज्यादा फोकस किया जा रहा है जहां कांग्रेस और जनता दल एस ज्यादा मजबूत स्थिति में हैं। ऐसे में प्रधानमंत्री की अधिकांश रैलियों का आयोजन कांग्रेस और जद एस के गढ़ माने जाने वाले इलाकों में ही किया जाएगा।
इसके जरिए भाजपा का मकसद कमजोर इलाकों में पार्टी प्रत्याशियों की स्थिति मजबूत बनाना है। पीएम मोदी के अलावा विभिन्न राज्यों में पार्टी के प्रमुख नेताओं और केंद्रीय मंत्रियों की फौज उतारने की भी तैयारी है। माना जा रहा है कि पार्टी की ओर से जल्द ही इसका कार्यक्रम तैयार कर लिया जाएगा। पार्टी की ओर से तय किए गए सभी स्टार प्रचारकों को कर्नाटक में चुनाव के मद्देनजर समय देने का निर्देश दिया गया है।

प्रधानमंत्री के दौरों पर कांग्रेस ने कसा तंज

कर्नाटक में प्रधानमंत्री के ताबड़तोड़ दौरों को लेकर कांग्रेस लगातार निशाना साधने में जुटी हुई है। कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पीएम मोदी के लगातार दौरे से साबित होता है कि पार्टी चुनावी हार की आशंका से घबराई हुई है। पार्टी को अपनी स्थिति काफी कमजोर लग रही है और इसी कारण प्रधानमंत्री मोदी के लगातार दौरे के कार्यक्रम तय किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के अलावा अन्य केंद्रीय नेता भी कर्नाटक का लगातार दौरा कर रहे हैं। उन्होंने भाजपा की ओर से अभी तक कोई भी सूची जारी न किए जाने पर भी सवाल उठाए।

जल्द जारी होगी भाजपा की सूची

कर्नाटक के विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की ओर से दो सूचियां घोषित की जा चुकी हैं। पहली सूची में 124 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए थे जबकि दूसरी सूची में 42 उम्मीदवारों के नाम थे। जनता दल सेक्युलर की ओर से 93 प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की जा चुकी है। दूसरी ओर भाजपा की ओर से अभी तक अपने पत्ते नहीं खोले गए हैं।

भाजपा के वरिष्ठ नेता और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा का कहना है कि भाजपा प्रत्याशियों की पहली सूची जल्द जारी की जाएगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली में केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में प्रत्याशियों के नामों को अंतिम रूप दिया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि कर्नाटक चुनाव में भाजपा पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने में कामयाब होगी।

Tags:    

Similar News