Dahi Jamane Ka Tarika: घर पर जामन हो गया है खत्म, इन 3 तरीकों से जमाएं स्वादिष्ट दही

Dahi Jamane Ka Tarika In Hindi: अगर कभी आपके घर में दही जमाने के लिए जामन न रहे तो परेशान होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि कुछ ट्रिक्स की मदद से बिना जामन के भी दही जमाया जा सकता है।

Newstrack :  Network
Update: 2024-09-01 03:00 GMT

Dahi Jamane Ka Tarika (फोटो साभार- सोशल मीडिया)

Dahi Jamane Ka Tarika Without Dahi In Hindi: दही एक ऐसी चीज है, जो अमूमन हर किसी को पसंद होती है। इसे सुबह नाश्ते से लेकर डिनर तक में लोग खाना पसंद करते हैं। खाना बनाने में भी दही (Curd/Dahi) का काफी यूज किया जाता है। प्रोटीन, कैल्शियम और विटामिन से भरपूर दही खाने के कई सारे हेल्थ बेनिफिट्स (Curd Health Benefits) भी होते हैं। वैसे तो आज के समय में दुकान के साथ-साथ ऑनलाइन भी दही को तुरंत खरीदा जा सकता है, लेकिन घर पर जमाई गई दही का स्वाद ही कुछ और होता है। लेकिन कई बार ऐसा होता है कि दही जमाने के लिए घर पर जामन ही मौजूद नहीं होता है। ऐसे में अब क्या किया जाए? टेंशन लेने की कोई बात नहीं है, क्योंकि बिना जामन के भी आसानी से स्वादिष्ट दही जमाई जा सकती है।

दही जमाने के आसान तरीके

अगर कभी आपके घर में दही जमाने के लिए जामन न रहे तो आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि आज हम आपको कुछ ऐसे ट्रिक्स बताने जा रहे हैं, जिनकी मदद से बिना जामन के ही आसानी से दही जमाया जा सकता है। आइए जानते हैं इन आसान तरीकों के बारे में।

(फोटो साभार- सोशल मीडिया)

हरी मिर्च या लाल मिर्च से

ये दो चीजें ऐसी हैं, जो किसी भी घर में आसानी से उपलब्ध रहती हैं। ऐसे में आप इनका इस्तेमाल करके दही जमा सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले एक बर्तन में दूध को गर्म कर लें। इसके बाद जब दूध गुनगुना रह जाए तो इसमें दो हरी मिर्च डालें। मिर्च के ऊपरी हिस्से (डंठल) को हटाने की जरूरत नहीं है। इसके बाद दूध को ढककर किसी गर्म जगह पर 6 घंटे के लिए रख दें। इस तरीके से दही जमकर तैयार हो जाएगी।

वहीं, लाल मिर्च से दही जमाने के लिए भी यही तरीका अपनाना होगा। गुनगुने दूध में सूखी लाल मिर्च को डालने के बाद 7 से 8 घंटे के लिए किसी गर्म जगह पर रख दें। इस तरीके से भी आसानी से दही जम जाएगा।

नींबू

दही जमाने का एक और आसान तरीका है नींबू। इससे दही जमाने के लिए गुनगुने दूध में 2 चम्मच नींबू का रस निचोड़कर डाल दें। इसके बाद दूध को ढककर 6 से 7 घंटे के लिए गर्म जगह पर रख देना है। बस दही जमकर तैयार हो जाएगा।

चांदी का सिक्का

क्या आप जानते हैं कि चांदी के सिक्के का भी इस्तेमाल करके दही जमाया जा सकता है। इसके लिए दूध को गुनगुना होने तक गर्म करें और फिर उसमें साफ चांदी का सिक्का या फिर अंगूठी को डाल दें। फिर दूध को ढककर 7-8 घंटे के लिए गर्म जगह पर रख दें। इससे भी दही स्वादिष्ट जमता है।

नोट- यह खबर सामान्य जानकारी पर आधारित है। इन उपायों पर अमल करने से पहले डॉक्टर या किसी एक्सपर्ट से सलाह जरूर लें।

Tags:    

Similar News