Rewa News: भगवान परशुराम जन्मोत्सव पर निकलेगी भव्य शोभायात्रा, उत्साह के साथ तैयारी में जुटे लोग

Rewa News: अक्षय तृतीया और भगवान श्री परशुराम जन्मोत्सव के अवसर पर 22 अप्रैल को भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी इसमें सैकड़ों भक्त हिस्सा लेंगे और जनपद के विभिन्न स्थलों से होकर यह यात्रा गुजरेगी।

Update: 2023-04-18 20:54 GMT
भगवान परशुराम जन्मोत्सव पर निकलेगी भव्य शोभायात्रा: Photo- Social Media

Rewa News: अक्षय तृतीया और भगवान श्री परशुराम जन्मोत्सव के अवसर पर 22 अप्रैल को भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी इसमें सैकड़ों भक्त हिस्सा लेंगे और जनपद के विभिन्न स्थलों से होकर यह यात्रा गुजरेगी।

सजाधजा रथ, झांकियां रहेंगी आकर्षण का केंद्र

विप्र सेवा संघ द्वारा निकाली जाने वाली इस शोभायात्रा में सजे-धजे रथ, लाइव झांकी, डीजे पर धार्मिक गायन और तमाम कलाकारों को शामिल किया जाएगा। यह यात्रा शहर के प्रमुख बाजारों और रास्तों से गुजरेगी। भक्तिमय माहौल में कई जगह विभिन्न संगठनों व आम लोगों के द्वारा पुष्पवर्षा करके इसका स्वागत किया जाएगा। सेवा संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव शुक्ला ने बताया कि भगवान परशुराम ज़ी विष्णु भगवान के छठवें अवतार हैं। शस्त्र और शास्त्र का अनुपम उदाहरण हैं और चिरंजीवी हैं।

उन्होंने प्रभु की महिमा के बारे में बताया कि अन्याय के खिलाफ लड़ाई में कर्ण और भीष्म पितामह जैसे महान योद्धाओं को प्रभु ने शस्त्र की दीक्षा दी। उनकी महिमाओं का वर्णन सभी धार्मिक ग्रंथों में मिलता है, जो भक्तों को जीवन का मार्गदर्शन प्रदान करता है। उन्होंने बताया कि शोभायात्रा के दौरान बड़ी संख्या आम लोगों के अलावा संगठन के लोग शामिल रहेंगे। यात्रा में शामिल महिलाएं कलश लेकर यात्रा का हिस्सा बनेंगी। जगह-जगह रास्ते में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया जाएगा।

ये रहेगा यात्रा का मार्ग

अक्षय तृतीया के दिन यह शोभायात्रा सुबह 10 बजे कॉलेज चौराहे से होकर शिल्पी प्लाजा, प्रकाश चौराहा, घोड़ा चौराहे से पीली कोठी स्थित शिव मंदिर तक जाएगी और वहां इसका समापन होगा। इस दौरान शोभा यात्रा का जगह-जगह स्वागत किया जायेगा। शोभायात्रा को लेकर हुई बैठक में भारती शर्मा, विनय त्रिपाठी, प्रशांत तिवारी, रामायण तिवारी, डॉ. एसएन तिवारी, डॉ. कृष्ण पाल शर्मा, उमाकांत तिवारी, शकुंतला मिश्रा, अतुल्य शुक्ला,श्याम मिश्रा,विष्णु शर्मा, मनोज गौतम, रामू गर्ग आदि शामिल रहे। सभी ने शोभायात्रा को यादगार बनाने के लिए विभिन्न पहलुओं पर विचार विमर्श किया।

Tags:    

Similar News