कोरोना का कहर: महाराष्ट्र में आज लगेगा लाॅकडाउन! लागू होंगी सख्त पाबंदियां

कोरोना के बढ़ते कहर को देखते हुए सीएम ठाकरे आज महाराष्ट्र में लॉकडाउन लगाने का ऐलान कर सकते हैं।

Newstrack Network :  Network
Published By :  Shreya
Update: 2021-04-21 01:51 GMT

गेट वे ऑफ इंडिया फाइल फोटो (साभार- सोशल मीडिया)

मुंबई: महाराष्ट्र में कोरोना वायरस (Corona Virus) की संक्रमण बेकाबू होने के बाद राज्य में एक बार फिर से सख्त लॉकडाउन (Lockdown) का साया मंडराने लगा है। जाहिर है कि सूबे में लगातार कोविड-19 के मामलों (Covid-19 New Cases) में भारी इजाफा दर्ज किया जा रहा है। बीते 24 घंटे के दौरान ही महाराष्ट्र में 62,097 नए संक्रमित मिले हैं।

रोजाना सामने आ रहे रिकॉर्ड तोड़ मामलों के मद्देनजर मंगलवार को राज्य मंत्रिमंडल की बैठक (State Cabinet Meeting) में सख्त लॉकडाउन लगाने का फैसला किया गया है। हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन माना जा रहा है कि आज यानी बुधवार सुबह राज्य के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे (CM Uddhav Thackeray) नए दिशा-निर्देश के साथ लॉकडाउन की घोषणा कर सकते हैं।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा- गंभीर लॉकडाउन की आवश्यकता 

वहीं, इससे पहले महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा था कि कड़े प्रतिबंधों के बावजूद सूबे में रोजाना 50 हजार से ज्यादा कोरोना मरीज मिल रहे हैं। ऐसे में इस वक्त राज्य में गंभीर लॉकडाउन की आवश्यकता है। राज्य कैबिनेट की बैठक में अधिकांश मंत्रियों ने लॉकडाउन लगाने की मांग की है। ऐसे में कैबिनेट ने फैसला किया है कि कोरोना की चेन को तोड़ने के लिए महाराष्ट्र में 21 अप्रैल की रात 8 बजे से लॉकडाउन लगाया जाएगा।

सीएम उद्धव ठाकरे (फोटो साभार - ट्विटर)

सीएम ठाकरे आज करेंगे घोषणा

राजेश टोपे ने कहा कि बुधवार सुबह मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे अधिकृत तौर पर लॉकडाउन की घोषणा करेंगे। इसके अलावा शिवसेना नेता व शहरी विकास मंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि जनता की भावना है कि राज्य में संपूर्ण लॉकडाउन लगे। जो बीते साल की ही तरह सख्त होगा।

कोरोना से महाराष्ट्र में बुरा हाल

गौरतलब है कि देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर से सबसे बुरी तरह से महाराष्ट्र प्रभावित हुआ है। यहां पर कोरोना के मामले रोजाना नए रिकॉर्ड बना रहे हैं। बीते 24 घंटे में भारत में दर्ज हुए नए मामलों में सबसे ज्यादा केस महाराष्ट्र में ही दर्ज किए गए हैं। यहां पर सर्वाधिक 62,097 नए संक्रमित मिले हैं।

Tags:    

Similar News