Maharashtra Accident: महाराष्ट्र में बड़ा सड़क हादसा, 2 कारों के बीच भिड़ंत में 4 लोगों की मौत

Maharashtra Accident: टक्कर इतनी जोरदार थी कि इसकी आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। तेज आवाज सुनकर लोग घटनास्थल की ओर दौड़े।

Written By :  Krishna Chaudhary
Update: 2022-11-19 03:24 GMT

Maharashtra road accident  (photo: social media )

Maharashtra Accident: महाराष्ट्र में एक बड़ा सड़क हादसा हो गया है। औरंगाबाद – अहमदनगर राजमार्ग पर दो कारों की आपस में भिडंत हो गई। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। हादसे में कुछ लोगों के घायल होने की भी खबर है। दुर्घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जख्मी लोगों को कार से निकाला और नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, औरंगाबाद – अहमदनगर राजमार्ग पर कायगांव के करीब तेज रफ्तार से औरंगाबाद की ओर जा रही कार सामने से आ रही एक दूसरी कार से जा भिड़ी। स्थानीय लोगों के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि इसकी आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। तेज आवाज सुनकर लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। घटना शुक्रवार देर रात की बताई जा रही है।

इस हादसे में दोनों कार के परखच्चे उड़ गए थे। घटनास्थल पर पहुंचे लोगों ने तुरंत क्षतिग्रस्त कार के अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकालने की कोशिशें शुरू कर दीं लेकिन कार के बुरी तरह डैमेज हो जाने के कारण अंदर फंसे लोगों को निकालना मुश्किल हो रहा था। जिसके बाद दुर्घटना की सूचना स्थानीय थाने को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने लोकल लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सभी को इलाज के लिए गंगापुर स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने 4 लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, जख्मी लोगों का इलाज जारी है।

हादसे की सूचना परिजनों को दी गयी 

दोनों कार में कुल कितने लोग सवार थे, फिलहाल इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस ने शवों की शिनाख्त कर हादसे की सूचना मृत लोगों के परिजनों को दे दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव उन्हें दे दिया जाएगा। बताया जा रहा है कि एक कार औरंगाबाद और दूसरी कार अमरावती की थी।

बता दें कि इससे पहले गुरूवार देर रात मुंबई – पुणे हाईवे पर एक कार ट्रक से टकरा गई थी, जिसमें 4 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 5 लोग घायल हो गए थे।

Tags:    

Similar News