मौत का कोहरा ! दिल्ली में 4 वेटलिफ्टरों की दुर्घटना में मौत

Update: 2018-01-07 09:41 GMT

नई दिल्ली : दिल्ली-हरियाणा सीमा के पास रविवार को घने कोहरे के कारण एक कार दुर्घटना में राष्ट्रीय स्तर के चार वेटलिफ्टरों की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल हुए दो वेटलिफ्टरों में से एक विश्व चैम्पियन है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

यह दुर्घटना दिल्ली और हरियाणा के बीच सिंघु सीमा के नजदीक दिल्ली के अलीपुर गांव के पास सुबह करीब 4 बजे हुई।

पीड़ित दिल्ली-पानीपत राष्ट्रीय राजमार्ग -1 पर एक स्विफ्ट डिजायर कार में यात्रा कर रहे थे। पुलिस का मानना है कि कोहरे के कारण दृश्यता कम थी, लेकिन फिर भी कार तेज गति से चल रही थी।

ये भी देखें :दिल्ली में सुबह कोहरा छाया, 20 रेलगाड़ियां देरी से और 10 ट्रेनें रद्द

दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि इस दुर्घटना में मारे गए वेटलिफ्टरों की पहचान टीकमचंद (27), योगेश (24), हरीश रॉय (20) और सौरभ (18) के रूप में हुई है।

इन पीड़ितों को नरेला के राजा हरीशचंद्र अस्पताल ले जाया गया था, जहां चिकित्सकों ने इन्हें मृत घोषित कर दिया।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि देश के लिए 2017 में भारोत्तोलन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाले सक्षम यादव और एक अन्य वेटलिफ्टर रोहित (19) गंभीर रूप से घायल हो गए।

यादव और अन्य घायल वेटलिफ्टर को इलाज के लिए तत्काल नई दिल्ली के शालीमार बाग में स्थित मैक्स अस्पताल ले जाया गया।

आधिकारी के अनुसार, कार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर एक बिजली के खंभे से भिड़ गई। दुर्घटना इतनी जोरदार थी कि उसके कारण कार की छत तक उड़ गई।

ये भी देखें :पहाड़ से लेकर मैदान गलन भरी ठंड में कांप रहा, छाया रहेगा कोहरा

अधिकारी ने कहा, "इस दुर्घटना में मारे गए और घायल हुए सभी वेटलिफ्टर हरियाणा के हैं और वे उत्तरी दिल्ली के तिमारपुर इलाके में अलग-अलग स्थानों पर रहते थे। वे सभी शनिवार को रोहित का जन्मदिन मनाने के लिए करनाल (हरियाणा) गए थे।"

उन्होंने कहा, "प्रथमदृष्टया, कार की गति काफी तेज थी। इस कारण चालक बिजली के खंभे को नहीं देख पाया। कार से शराब की बोतलें भी बरामद हुई हैं। इसलिए संभवत: यह नशे में गाड़ी चलाने का मामला भी है।"

दुर्घटना में घायल हुए भारोत्तोलक अस्पताल में अभी बेहोशी की हालत में हैं। यह दुर्घटना तब हुई जब वे सभी दिल्ली लौट रहे थे।

Tags:    

Similar News