राहुल-प्रियंका ने किसानों का जीता दिल, देशद्रोह पर भाजपा को घेरने में हुए कामयाब

भाजपा की ओर से लगाए जा रहे आरोपों का बारी- बारी जवाब देकर राहुल और प्रियंका ने गुरुवार को आंदोलन कर रहे किसानों का दिल जीतने की कोशिश की है। इससे किसान आंदोलन समर्थक गदगद हैं। सोशल मीडिया पर प्रियंका और राहुल की जमकर तारीफ हो रही है। आंदोलित किसान नेताओं ने भी समर्थन में बयान जारी किए हैं।

Update: 2020-12-24 09:46 GMT
राहुल-प्रियंका ने किसानों का जीता दिल, देशद्रोह पर भाजपा को घेरने में हुए कामयाब

अखिलेश तिवारी

नई दिल्ली: किसानों के आंदोलन मामले में प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी व राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। राहुल गांधी ने कहा कि अगर मोहन भागवत भी सरकार का विरोध करें तो उन्हें भी आतंकवादी बता दिया जाएगा। प्रियंका ने कहा भाजपा पर कन्फ्यूज होने का आरोप लगाते हुए कहा कि वह विपक्ष को लेकर अपनी राय का निर्माण करने में असमर्थ है। किसानों की समस्या का हल इसलिए नहीं हो रहा है कि सरकार और भाजपा के लोग किसानों से बात नहीं करना चाहते हैं। बात करेंगे तो हल भी निकलेगा।

राहुल गांधी और प्रियंका ने संभाला मोर्चा

किसान आंदोलन को लेकर भाजपा खेमे की ओर से किए जा रहे प्रचार का जवाब देने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका ने मोर्चा संभाला। भाजपा और उसके समर्थकों पर राहुल ने बड़ा हमला बोला है। आंदोलन कर रहे किसानों को खालिस्तानी और विदेशों से सहायता लेकर अशांति फैलाने वाले आरोपों के जवाब में राहुल ने कहा कि सरकार का विरोध करना देशद्रोह हो गया है। जो भी इस सरकार का विरोध करेगा वह किसान हो या मजदूर अथवा किसी अन्य वर्ग का हो, उसे आतंकवादी बता दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हाल यह है कि अगर आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत भी सरकार की आलोचना कर दें अथवा उसका विरोध करें तो उन्हें भी आतंकवादी बता दिया जाएगा।

किसान आंदोलन Live:प्रियंका समेत सभी कांग्रेसी नेता रिहा, राहुल का केंद्र पर हमला

कांग्रेस ने भाजपा के नेताओं को लिया आड़े हाथ

प्रियंका गांधी ने भी भाजपा के नेताओं को आड़े हाथ लिया है। उन्होंने भाजपा नेताओं के उस बयान की याद दिलाई, जिसमें कांग्रेस को विपक्ष के लायक भी नहीं बताया गया है। भाजपा नेता बार-बार यह कहते रहे हैं कि जनता ने कांग्रेस को संसद में विपक्ष के लायक भी नहीं रखा है। इससे भाजपा के लोग यह कहने की कोशिश करते हैं कि देश में कांग्रेस की ताकत खत्म हो गई है। इसी बात की ओर याद दिलाते हुए प्रियंका ने कहा कि एक ओर कहा जाता है कि कांग्रेस की ताकत खत्म हो गई है दूसरी ओर कहा जा रहा है कि कांग्रेस ने दिल्ली बार्डर पर लाखों किसानों के कैंप लगवा दिए हैं। प्रियंका ने कहा कि पहले भाजपा को यह तय करना चाहिए कि क्या कांग्रेस खत्म हो गई है अथवा वह मजबूत है कि वह देश में आंदोलन करा सकती है।

 

प्रियंका ने उठाया किसानों का मुद्दा

किसानों के मामले में भी प्रियंका ने भाजपा को घेरा है। उन्होंने कहा कि किसानों को बरगलाया नहीं जा सकता है। जो भी इस सरकार का विरोध करता है उसके बारे में कहा जाता है कि वह गुमराह हो रहा है। किसान अपना भला-बुरा समझते हैं। उन्हें कोई गुमराह नहीं कर सकता। गुमराह करने की कोशिश भाजपा की ओर से की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार व भाजपा के लोग चूंकि किसानों के साथ बात नहीं करना चाहते हैं। बातचीत में वह अपने लोगों को आगे करना चाहते हैं और अपने चंद पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए किसानों को बर्बाद करने पर तुले हैं।

सुनें पीएम मोदी को: बंगाल की विश्वभारती यूनिवर्सिटी के शताब्दी कार्यक्रम हुए शामिल

प्रियंका ने किसानों का दिल जीतने की कोशिश की

भाजपा की ओर से लगाए जा रहे आरोपों का बारी- बारी जवाब देकर राहुल और प्रियंका ने गुरुवार को आंदोलन कर रहे किसानों का दिल जीतने की कोशिश की है। इससे किसान आंदोलन समर्थक गदगद हैं। सोशल मीडिया पर प्रियंका और राहुल की जमकर तारीफ हो रही है। आंदोलित किसान नेताओं ने भी समर्थन में बयान जारी किए हैं। गुरुवार के इस प्रदर्शन से कांग्रेस ने किसान आंदोलन की जमीन पर भाजपा को सीधी चुनौती दे दी है। इससे इतना तय हो गया है कि कृषि कानूनों को लागू करने से भाजपा को जो फायदा या नुकसान होगा उस सिक्के का दूसरा पहलू कांग्रेस के साथ जाएगा। अगर कृषि कानूनों से भाजपा को नुकसान हुआ तो कांग्रेस की झोली में किसानों का समर्थन आना तय है।

दोस्तों देश दुनिया की और खबरों को तेजी से जानने के लिए बनें रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलों करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

Tags:    

Similar News