पप्पू-पप्पी और बंटी बबली में बुराई क्या ...ये तो कामन नाम हैं

Update:2019-03-18 19:28 IST

लखनऊ। अब की केंद्रीय मंत्री महेश शर्मा के गौतमबुद्ध नगर में बोल बहके हैं उन्होंने कह दिया कि पप्पू कहता है पीएम बनूंगा, अब तो पप्पू की पप्पी आ गई। और इस बयान पर उनकी शामत आ गई है। पूरे सूबे में उनका यह बयान वायरल हो गया है। बात भाजपा के दफ्तर पहुंची तो पार्टी प्रवक्ता ने कहा कि बेवजह तिल को ताड़ बनाया जा रहा है। हमारी संस्कृति में इस तरह के नाम रखे जाते हैं जैसे पप्पू-पप्पी, बंटी-बबली। इसमें खराब लगने वाली कोई बात नहीं है ये तो कामन नाम हैं।

इससे पहले भाजपा विधायक सतीश पुनिया भी राहुल और प्रियंका गांधी पर व्यंग्य करते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं से बोल चुके हैं कि कांग्रेस का पप्पू फेल हो गया तो कांग्रेस बबली के रूप में प्रियंका गांधी को लेकर आई है लेकिन इस बबली का बंटी भी जमानत पर चल रहा है। इस पर भी बवाल हुआ था।

पप्पू कहता है कि PM बनेगा, अब तो पप्पी भी आ गई: महेश शर्मा

यह सच है कि चुनाव के दौरान सियासी घमासान में अक्सर नेताओं के बोल बेपटरी हो जाते हैं। मुद्दों से चुनाव को जब भटकाना होता है तो यह आम हो जाता है। नेताओं में होड़ लग जाती है कौन मतदाताओं को लुभाने के लिए नेता कितनी घटिया और हलकी शब्दावली का इस्तेमाल करता है।

इस बार जुबान फिसली है केंद्रीय मंत्री महेश शर्मा की। देश के सबसे बड़े सूबे यूपी में पहले चरण यानि 11 अप्रैल को जिन आठ सीटों पर चुनाव होना है। इसमें गौतम बुद्ध नगर की सीट भी शामिल है। इस सीट पर 2014 से महेश शर्मा सांसद हैं जो कि कैबिनेट मंत्री भी हैं। हालांकि 2019 के लोकसभा चुनाव के लिए इस सीट पर अभी बीजेपी ने उम्मीदवार के नाम का ऐलान नहीं किया है। लेकिन महेश शर्मा अपने को उम्मीद्वार मान कर जोरशोर से प्रचार में जुटे हुए हैं।

राहुल-प्रियंका पर BJP विधायक का हमला, कहा- पप्पू फेल हुआ, तो बबली को लाए

सिकंदराबाद में चुनावी सभा को संबोधित करते समय महेश शर्मा के बोल बहक गए। महेश शर्मा ने कहा कि अगर ममता बनर्जी यहां आकर कत्थक करें और कर्नाटक के सीएम यहां गीत गाएं तो क्या फर्क पड़ेगा।

महेश शर्मा यहीं नहीं रुके थोड़ा आगे बढ़कर राहुल गांधी पर निशाना साधने के साथ उन्होंने प्रियंका गांधी पर भी निशाना साधा। महेश शर्मा ने कहा कि पप्पू कहता है पीएम बनूंगा, अब तो पप्पू की पप्पी आ गई। इन लोगों से ऊपर उठकर देखना है तो आज हमारा शेर मोदी है।

भाजपा दफ्तर के बाहर एक नेताजी कहने लगे इसे कहते हैं विनाश काले विपरीत बुद्धि एक आदमी बेचारा ठीक करने में लगा दूसरा उधेड़ने में जुटा है। मोदी को शेर तो चल जाएगा। लेकिन नारी शक्ति का अपमान...भारी पड़ सकता है। धीरे धीरे चुनाव असली मुद्दे से दूर होता जा रहा है।

Tags:    

Similar News