Odisha News: उड़ीसा में अब 10 नहीं 12 जून को होगा शपथ ग्रहण समारोह, जानिए वजह

Orissa News: उड़ीसा में तकरीबन 24 साल बाद भाजपा की सरकार बनाने जा रही है जिसके शपथ ग्रहण समारोह को लेकर तैयारियां जोरों से चल रही हैं।

Written By :  Santosh Tiwari
Update: 2024-06-09 11:18 GMT

उड़ीसा विधानसभा भवन Source- Social Media  

Odisha News: उड़ीसा में तकरीबन 24 साल बाद भाजपा की सरकार बनाने जा रही है, जिसके शपथ ग्रहण समारोह को लेकर तैयारियां जोरों से चल रही हैं। पहले यह कार्यक्रम 10 जून को होना प्रस्तावित था, लेकिन अब आगामी 12 जून को शपथ ग्रहण किया जाएगा। समारोह को कुशलता पूर्वक संपन्न कराने के लिए जनता मैदान में व्यापक स्तर पर तैयारियां जारी हैं। वहीं, राज्य के भाजपा नेता भी तैयारियों पर नजर बनाए हुए हैं। 

24 साल बाद राज्य में बनेगा भाजपा का सीएम

गौरतलब है की उड़ीसा में बीते 24 वर्षों से बीजू जनता दल का शासन था, लेकिन इस बार विधान सभा चुनाव में भाजपा ने बीजद को हराकर सत्ता में वापसी की है। भाजपा ने विधानसभा चुनाव में कुल 141 सीटों में से 78 सीटों पर कब्जा जमाया है, जबकि बीजद महज 51 सीटें जीतने में कामयाब हो सकी है। विधानसभा चुनाव में अच्छे प्रदर्शन से भाजपा नेता भी उत्साहित हैं और अब राज्य में भाजपा का मुख्यमंत्री बनने जा रहा है।

पीएम के साथ कई राज्यों के सीएम होंगे शामिल 

जानकारी के अनुसार, शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल होंगे। पीएम के साथ ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा शर्मा, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के भी समारोह में शामिल होने की संभावनाएं हैं। भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ ही देश भर के कई दिग्गज भाजपा नेता भी कार्यक्रम में शामिल होने आ रहे हैं। इसे लेकर जोर शोर से तैयारियां चल रही हैं।

सीएम के नाम पर संशय 

उड़ीसा में शपथ ग्रहण की तारीख भले ही तय हो गई हो, लेकिन अभी तक राज्य के नए सीएम का नाम तय नहीं हो सका है। सूत्रों के अनुसार केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत पांडा, भुवनेश्वर से सांसद अपराजिता सारंगी और बालासोर से सांसद प्रताप सारंगी शामिल हैं। इसके अलावा कई अन्य नाम भी हैं, जिन पर मुख्यमंत्री पद हेतु विमर्श जारी है। माना यह भी जा रहा है कि सांसदों को सीएम बनाने से भाजपा थोड़ा परहेज कर सकती है, क्योंकि इस बार देश भर में भाजपा सांसदों की संख्या काफी कम है और केंद्र में गठबंधन सरकार है। ऐसे में केंद्र सरकार के लिए सांसदों की संख्या भी बेहद महत्वपूर्ण है।

कड़ी सुरक्षा में होगा कार्यक्रम 

उड़ीसा के जनता मैदान में होने जा रहा शपथ ग्रहण समारोह बेहद कड़ी सुरक्षा व्यस्था के बीच किया जाएगा। कार्य्रकम में विशिष्ट व्यक्तियों के शामिल होने के कारण पुलिस के साथ ही केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां भी कड़ी निगरानी रखेंगी। वहीं, कार्य्रकम स्थल और इसके आसपास का इलाका नो फ्लाइंग जोन रहेगा। राज्य के डीजीपी अरुण कुमार षड़ंगी एवं पुलिस कमिश्नर संजीव पंडा ने अन्य अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया है।

Tags:    

Similar News