BJP vs Congress: कर्नाटक उपचुनाव में भाषाई मर्यादाएं टूटीं, कांग्रेस ने पीएम मोदी को बताया अंगूठाछाप, भाजपा का तीखा विरोध

BJP vs Congress: कर्नाटक में दो विधानसभा सीटों पर हो रहे उपचुनाव से पहले कांग्रेस और भाजपा के बीच घमासान छिड़ गया है। इन हमलों के दौरान भाषा की मर्यादा भी तार-तार होती जा रही है।

Report :  Anshuman Tiwari
Newstrack :  Shreya
Update:2021-10-19 12:43 IST

राहुल गांधी- पीएम नरेंद्र मोदी (फोटो साभार- सोशल मीडिया) 

BJP vs Congress: कर्नाटक में दो विधानसभा सीटों पर हो रहे उपचुनाव (Karnataka Upchunav) से पहले कांग्रेस (Congress) और भाजपा (BJP) के बीच घमासान छिड़ गया है। चुनाव जीतने के लिए दोनों दलों की ओर से एक-दूसरे पर जमकर सियासी हमले किए जा रहे हैं। इन हमलों के दौरान भाषा की मर्यादा भी तार-तार होती जा रही है। कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) पर बड़ा हमला करते हुए यहां तक कह डाला कि कांग्रेस ने इतनी ढेर सारे स्कूल बनवाए मगर पीएम मोदी ने फिर भी पढ़ाई नहीं की। पार्टी ने उन्हें अंगूठाछाप तक बता डाला। भाजपा ने कांग्रेस के इस बयान (Congress Ka Bayan) का तीखा विरोध करते हुए जवाब दिया कि देश के प्रधानमंत्री ने न तो किसी महिला के साथ सिगरेट पी और न तो किसी बार में डांस किया।

कांग्रेस के ट्वीट पर खासा विवाद पैदा हो गया है। भाजपा ने इस ट्वीट पर तीखी आपत्ति जताई है। राज्य में दो विधानसभा सीटों पर हो रहे उपचुनाव में कांग्रेस ने पूरी ताकत लगा रखी है। पार्टी का मानना है कि दो सीटों पर जीत के साथ 2023 के विधानसभा चुनाव में उसकी दावेदारी को मजबूती मिलेगी। 

कांग्रेस का विवादित ट्वीट (Congress Ka Vivadit Tweet)

दरअसल, यह सारा विवाद कांग्रेस की ओर से किए गए एक ट्वीट के बाद पैदा हुआ। कांग्रेस की प्रदेश इकाई की ओर से कन्नड़ भाषा में किए गए ट्वीट में प्रधानमंत्री को अंगूठाछाप और अनपढ़ बताया गया है। इस ट्वीट में कहा गया है कि कांग्रेस ने अपने राज में इतने स्कूल बनवाए मगर प्रधानमंत्री कभी पढ़ने नहीं गए। कांग्रेस ने युवकों को सिखाने के लिए इतनी सारी योजनाएं बनाईं मगर प्रधानमंत्री ने यहां भी कुछ नहीं सीखा।

ट्वीट में यहां तक कहा गया है कि भिक्षावृत्ति पर प्रतिबंध होने के बावजूद जिन लोगों ने भीख मांगना चुना, वे आज आम लोगों को भीख मांगने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। अंगूठाछाप मोदी की वजह से पूरा देश भुगत रहा है।

कांग्रेस का विवादित ट्वीट (फोटो साभार- ट्विटर) 

भाजपा ने दिया कांग्रेस को जवाब (BJP Attacked Congress)

कांग्रेस की कर्नाटक इकाई की ओर से किए गए इस ट्वीट के बाद भाजपा के प्रदेश इकाई की ओर से भी उसी भाषा में जवाब दिया गया है। कर्नाटक भाजपा ने राहुल गांधी (Rahul Gandhi) का नाम लिए बिना इस ट्वीट का जवाब दिया है। भाजपा के ट्वीट (BJP Ka Tweet) में कहा गया है कि हमारे प्रधानमंत्री आप के नेता से अलग हैं। प्रधानमंत्री ने किसी महिला के साथ सिगरेट नहीं पी और किसी बार में डांस भी नहीं किया। उन्होंने अपने देश के लिए समर्पित जीवन जिया है, परिवार के लिए नहीं। 

 मालविका अविनाश (फोटो साभार- सोशल मीडिया) 

भाजपा ने जताई तीखी आपत्ति

कर्नाटक कांग्रेस (Karnataka Congress) की ओर से किए गए ट्वीट पर भाजपा ने तीखी आपत्ति जताई है। भाजपा ने इसे प्रधानमंत्री मोदी (PM Narendra Modi) पर व्यक्तिगत टिप्पणी करार देते हुए अक्षम्य अपराध बताया। भाजपा की कर्नाटक इकाई की प्रवक्ता मालविका अविनाश (Malavika Avinash) ने कहा कि इस टिप्पणी से कांग्रेस की मानसिकता का पता चलता है। यह भी पता चलता है कि कांग्रेस ही इतना नीचे गिर सकती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की टिप्पणी इस स्तर की भी नहीं है कि उसका जवाब दिया जाए।

दूसरी ओर कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता लावण्या बलाल ने इस बात को स्वीकार किया है कि कांग्रेस की ओर से किए गए ट्वीट का स्वर दुर्भाग्यपूर्ण था। उन्होंने इस मामले में जांच कराने की बात भी कही है। हालांकि उन्होंने इस टिप्पणी को वापस लेने और माफी मांगने से इनकार कर दिया।

कर्नाटक की हनागल और सिंदगी विधानसभा सीटों पर 30 अक्टूबर को उपचुनाव होने वाला है। इस उपचुनाव को जीतने के लिए कांग्रेस और भाजपा के बीच जबर्दस्त जोर आजमाइश चल रही है। दोनों दलों की ओर से एक-दूसरे पर तीखे हमले करके चुनाव जीतने की कोशिश की जा रही है।  

दोस्तों देश और दुनिया की खबरों को तेजी से जानने के लिए बने रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलो करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

Tags:    

Similar News