गांव-गांव मीटिंग पर कांग्रेस का जोर, प्रियंका गांधी भी होंगी शामिल
कांग्रेस नेत्री और उत्तर प्रदेश की संगठन प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा अब दिल्ली की गलियों को छोडक़र उत्तर प्रदेश के गांवों का रुख करने को तैयार हैं।;
लखनऊ: कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश के पंचायत चुनावों से पहले गांव-गांव संगठन बैठक आयोजित करने का फैसला किया है। इन बैठकों में सक्रिय कार्यकर्ताओं का चयन कर उन्हें अहम जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी भी इन बैठकों में शामिल होंगी। पंचायत चुनाव के साथ ही विधानसभा चुनावों की तैयारी में जुटी प्रियंका अब यूपी में ज्यादा वक्त देंगी।
ये भी पढ़ें:अकेले पड़े अखिलेश: वैक्सीन पर घमासान, शिवपाल-मायावती ने भी किया समर्थन
आज से कांग्रेस का गांव-गांव, वार्ड-वार्ड अभियान शुरू हो रहा है
कांग्रेस नेत्री और उत्तर प्रदेश की संगठन प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा अब दिल्ली की गलियों को छोडक़र उत्तर प्रदेश के गांवों का रुख करने को तैयार हैं। तीन जनवरी से कांग्रेस का गांव-गांव, वार्ड-वार्ड अभियान शुरू हो रहा है। 25 जनवरी तक चलने वाले इस अभियान के तहत कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गांव व पंचायत स्तर पर बैठकें बुलाई गई हैं। इन बैठकों में कांग्रेस की रीति-नीति पर चर्चा करने के साथ ही संगठन की मजबूती पर भी विचार किया जाएगा। सक्रिय कार्यकर्ताओं को दायित्व भी सौंपे जाएंगे। इन बैठकों में जिला कोआर्डिनेटर व पार्टी पदाधिकारियों की अहम भूमिका तय की गई है।
ऑनलाइन शिरकत करते हुए प्रियंका गांधी ने सभी को लक्ष्य सौंपे हैं
अभियान की तैयारी बैठक में पिछले दिनों कांग्रेस कार्यकर्ता व पदाधिकारियों को लखनऊ बुलाया गया था। इस बैठक में ऑनलाइन शिरकत करते हुए प्रियंका गांधी ने सभी को लक्ष्य सौंपे हैं। कार्यकर्ताओं की डिमांड पर उन्होंने मीटिंग में यह भी कहा कि गांव-गांव चलने वाली बैठकों में वह कहीं भी पहुंच सकती हैं। इससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साह कई गुना बढ़ गया है। बताया जा रहा है कि सभी जिलों व क्षेत्रों में पार्टी कार्यकर्ता इन बैठकों की तैयारी में जी-जान से जुट गए हैं।
पंचायत और विधानसभा चुनाव पर है फोकस
कांग्रेस ने 2021 को विधानसभा चुनाव की तैयारी का आखिरी मौका करार दिया है। बताया जा रहा है कि प्रियंका गांधी ने पार्टी नेताओं से कह दिया है कि अगले 12 महीने के दौरान पार्टी को अगली कतार में खड़ा करना है। जनता से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष करने के अलावा संगठन की मजबूती पर भी ध्यान देना है। पंचायत चुनाव को विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल माना जा रहा है। इसलिए प्रियंका गांधी भी अब लखनऊ में ज्यादा वक्त बिताने के लिए तैयार हैं। माना जा रहा है कि अब उनका सबसे ज्यादा वक्त यूपी की राजनीति में बीतेगा। वह पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ प्रदेश के हर जिले में कार्यक्रम करती दिखाई देंगी। जनवरी महीने में भी वह गांव-गांव अभियान में शामिल होकर कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाएंगी।
कांग्रेस के गांव स्तरीय अभियान में प्रदेश प्रभारी व राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के शामिल होने के आश्वासन से ही कार्यकर्ताओं का उत्साह आसमान पर है। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस ने पिछले साल भर के दौरान जिस तरह योगी सरकार के खिलाफ संघर्ष किया है। वह सभी ने देखा है। आज योगी सरकार किसानों की बात करने लगी है। प्रियंका जी के आने का सभी को बेसब्री से इंतजार है।
ये भी पढ़ें:किसे लगेगा पहले कोरोना का टीका, कैसे लगेगी वैक्सीन, यहां मिलेगी सारी जानकारी
डॉ उमाशंकर पांडेय, प्रदेश प्रवक्ता कांग्रेस
गांव-वार्ड अभियान के तहत न्याय पंचायत व वार्ड कमेटी प्रभारी नियुक्त किए जाएंगे। जिला व शहर अध्यक्ष से लेकर विभिन्न पदाधिकारियों को बैठक करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन बैठकों के साथ कांग्रेस संगठन पूरी तरह से चुनाव में जाने के लिए तैयार होगा। प्रियंका जी के आने के बाद माहौल कांग्रेस के पक्ष में ही बनेगा।
सिद्धार्थ प्रिय श्रीवास्तव , प्रशासन प्रभारी उत्तर प्रदेश कांग्रेस
रिपोर्ट- अखिलेश तिवारी
दोस्तों देश दुनिया की और खबरों को तेजी से जानने के लिए बनें रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलों करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।