महोबा में चुनावी वर्चस्व के चलते SP-BSP समर्थकों के बीच खूनी संघर्ष, 4 घायल

यूपी विधानसभा चुनाव- 2017 के चौथे चरण का मतदान शुरू होते ही बुंदेलखंड के महोबा में हिंसा की खबर है।

Update:2017-02-23 09:01 IST
महोबा में चुनावी वर्चस्व के चलते SP-BSP समर्थकों के बीच खूनी संघर्ष, 4 घायल

महोबा: यूपी विधानसभा चुनाव- 2017 के चौथे चरण का मतदान शुरू होते ही बुंदेलखंड के महोबा में चुनावी वर्चस्व के चलते गुरुवार (23 फरवरी) सुबह करीब 3 बजे सपा-बसपा समर्थकों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। यह घटना बजरिया चौकी से कुछ ही दूरी पर हुई। इस घटना में सपा प्रत्याशी सिद्धगोपाल साहू के बेटे साकेत साहू, सपा यूथ ब्र‍िग्रेड के जिलाध्यक्ष सहित 4 लोग घायल बताए जा रहे हैं। सपा प्रत्याशी ने पुलिस अधीक्षक पर बसपा प्रत्याशी से मिलीभगत के गंभीर आरोप लगाए हैं। बता दें कि 23 फरवरी को बुंदेलखंड के महोबा में वोटिंग हो रही है।

घटना का आरोप बसपा प्रत्याशी अरिमर्दन सिंह के बेटे हिमांचल और उनके नाती सहित दो दर्जन से अधिक लोगों पर है। इन सबके खिलाफ पुलिस को तहरीर दी गई है।

घटना के अनुसार, सपा प्रत्याशी सिद्धगोपाल साहू का ड्राइवर रेलवे स्टेशन से चाय पीकर लौट रहा था। इसी दौरान बजरिया चौकी के पास बसपा समर्थकों की कार ने टक्कर मार दी।

इस बात की जानकारी मिलने पर सपा प्रत्याशी का बेटा साकेत साहू और मुलायम सिंह यूथ बिग्रेड के जिला अध्यक्ष तारिक सहित एक दर्जन साथी मौके पर पहुंचे।

आरोप है कि वहां पहले से घात लगाए बसपा प्रत्याशी अरिमर्दन सिंह का बेटा हिमांचल सिंह, नाती अभिमन्यु सिंह सहित दो दर्जन से अधिक बसपा समर्थक उन पर टूट पड़े।

मदद के लिए सपा समर्थक बजरिया चौकी पहुंचे तो वर्दी धारियों ने हाथ खड़े कर दिए। इसके बाद हिमांचल सिंह सहित उनके समर्थकों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

इस घटना में सपा प्रत्याशी के बेटे साकेत साहू, सपा यूथ बिग्रेड के जिलाध्यक्ष अब्दुल तारिक, सपा कार्यकर्ता अमित सहित एक अन्य को गोली लगी। घटना को अंजाम देकर सभी बसपाई मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते एसपी गौरव सिंह सहित डीएम अजय कुमार और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल में एडमिट करवाया है।

सपा प्रत्याशी सिद्धगोपाल साहू ने पांच नामजद सहित 10 से ज्यादा अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। सपा प्रत्यशी सिद्धगोपाल ने एसपी महोबा गौरव सिंह पर बसपा के प्रत्याशी से मिली भगत कर घटना को अंजाम होना बताया है। उनकी मानें, तो कई बार उनसे उनके परिवार की सुरक्षा को लेकर कहा गया मगर उन्होंने कभी मदद नहीं की

साकेत सहित दो लोगों की हालात नाजुक बनी हुई है जिन्हें इलाज के लिए कानपुर रेफर कर दिया गया। इस घटना से पूरे इलाके में कोहराम मच गया।

आगे की स्लाइड में देखिए फोटोज ...

Tags:    

Similar News