एस जयपाल रेड्डी के निधन पर इन राजनेताओं ने जताया शोक, देखें ट्वीट

रेड्डी कई दशकों तक सांसद रहे और उन्होंने विभिन्न सरकारों में अहम पद संभाले। वह चार बार विधायक, पांच बार लोकसभा सांसद और दो बार राज्यसभा सदस्य चुने गए थे। कांग्रेस ने एक ट्वीट किया कि रेड्डी के निधन की खबर बेहद दु:खद है।

Update: 2019-07-28 09:28 GMT
एस जयपाल रेड्डी के निधन पर इन राजनेताओं ने जताया शोक, देखें ट्वीट

हैदराबाद: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री एस जयपाल रेड्डी का शनिवार देर रात हैदराबाद के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 77 वर्ष के थे। कांग्रेस के एक नेता ने बताया कि रेड्डी को हाल में निमोनिया हुआ था और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां देर रात एक बजकर 28 मिनट पर उनका देहांत हो गया।

यह भी पढ़ें: बारूद को हाथ लगाने के बराबर है 35ए के साथ छेड़छाड़ : महबूबा मुफ्ती

रेड्डी के देहांत पर तमाम दिग्गज नेताओं ने शोक व्यक्त किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एस जयपाल रेड्डी के निधन पर रविवार को शोक जताया और उन्हें प्रभावी प्रशासक बताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि दुख की इस घड़ी में रेड्डी के परिवार और शुभचिंतकों के प्रति उनकी संवेदनाए हैं।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने मोदी के हवाले से ट्वीट किया, ‘‘श्री जयपाल रेड्डी को सार्वजनिक जीवन का वर्षों का अनुभव था। उनका स्पष्टवादी वक्ता और प्रभावी प्रशासक के रूप में सम्मान किया जाता था। उनके निधन से दुखी हूं।’’



यह भी पढ़ें: बहराइच: नाव पलटने का मामला, 17 लोगों का रेस्क्यू, एक महिला की हुई मौत

उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने कांग्रेस नेता एस जयपाल रेड्डी के निधन पर रविवार को शोक व्यक्त किया। नायडू ने कहा कि रेड्डी चार दशकों से उसके निकट मित्र थे और आंध्र प्रदेश विधानसभा में वे अगल-बगल बैठा करते थे।





उपराष्ट्रपति ने एक संदेश में कहा, ‘‘वह शानदार वक्ता थे। उन्हें 1998 में ‘उत्कृष्ट सांसद पुरस्कार’ से नवाजा गया था। तीक्ष्ण बुद्धि के धनी और हाजिर जवाब रेड्डी अपनी पार्टी के एक प्रभावशाली प्रवक्ता थे।’’

यह भी पढ़ें: बीजेपी नेता काशीनाथ घोष का पश्चिम बंगाल के हुगली में नहर में तैरता मिला शव

उन्होंने कहा कि रेड्डी को लोकतांत्रिक मूल्यों को बरकरार रखने और उन्हें बढ़ावा देने के लिए जाना जाता था। ‘‘वह कमजोर एवं हाशिए पर मौजूद वर्गों के लिए अथक काम करने वाले समर्थक थे। उनकी कमी बहुत खलेगी।’’

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने वरिष्ठ नेता जयपाल रेड्डी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए पूर्व केंन्द्रीय मंत्री को ‘‘तेलंगाना का महान पुत्र ’’ बताया। गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘ मैं पूर्व केन्द्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता श्री जयपाल रेड्डी के निधन के बारे में जान कर दुखी हूं।’’



यह भी पढ़ें: कर्नाटक: विधानसभा अध्यक्ष ने 14 और असंतुष्ट विधायकों को ठहराया अयोग्य

उन्होंने कहा, ‘‘ बेहतरीन सांसद, तेलंगाना के महान पुत्र, उन्होंने अपना पूरा जीवन जन सेवा में समर्पित कर दिया। उनके परिवार और दोस्तों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।’’ दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी रेड्डी के देहांत पर शोक प्रकट किया।

केजरीवाल ने ट्वीट किया, ‘‘अनुभवी नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री जयपाल रेड्डी के निधन के बारे में सुनकर दुखी हूं। सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं करने वाले भद्र राजनेता को देश याद करेगा।’’



यह भी पढ़ें: Ground Breaking2: यूपी को मिला तोहफा, देखें क्या-क्या है सीएम की झोली में

पश्चिम बंगाल की मुख्मंत्री ममता बनर्जी ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयपाल रेड्डी के निधन पर रविवार को शोक जताया। बनर्जी ने उन्हें एक अनुभवी सांसद और एक अच्छा वक्ता बताया।



उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘ जयपाल रेड्डी के निधन से शोकाकुल हूं। एक अनुभवी सांसद, केन्द्रीय मंत्री और कुशल वक्ता के तौर पर उनकी योग्यताओं को लोग याद रखेंगे। उनके परिजन और समर्थकों के प्रति संवेदनाएं।’’

रेड्डी कई दशकों तक सांसद रहे और उन्होंने विभिन्न सरकारों में अहम पद संभाले। वह चार बार विधायक, पांच बार लोकसभा सांसद और दो बार राज्यसभा सदस्य चुने गए थे। कांग्रेस ने एक ट्वीट किया कि रेड्डी के निधन की खबर बेहद दु:खद है। पार्टी ने कहा, ‘‘हम कामना करते हैं कि दुख की इस घड़ी में उनके परिवार और दोस्तों को हौसला मिले।’’

Tags:    

Similar News