Rishabh Pant Car Accident: PM मोदी ने ऋषभ पंत की मां से की बात, स्वास्थ्य के बारे में जाना हाल..ICU में भर्ती

Rishabh Pant Accident: शुक्रवार का दिन खेल जगत के लिए दो बुरी खबर लेकर आया। देर रात फुटबाल के महान खिलाड़ी पेले का निधन हो गया था। और उसके कुछ देर बाद शुक्रवार तड़के भारत के स्टार क्रिकेटर ऋषभ पंत सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए।

Written By :  Suryakant Soni
Update: 2022-12-30 15:29 GMT

Rishabh Pant Car Accident (Image: Social Media) 

Rishabh Pant Accident: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत की मां से फोन पर बात की। उन्होंने उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी ने ऋषभ पंत की मां से बात की और उनके बेटे के स्वास्थ्य के बारे में पूछा। बता दें, कि आज ऋषभ पंत को आईसीयू में शिफ्ट किया गया। वो डॉक्टरों की निगरानी में हैं। फिलहाल उनका स्वास्थ्य स्थिर बताया जा रहा है। इससे पहले, पीएम मोदी ने ऋषभ पंत के दुर्घटना की जानकारी मिलने के बाद उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए एक ट्वीट किया था।

बता दें, क्रिकेटर ऋषभ पंत का शुक्रवार तड़के दिल्ली से रुड़की जाते समय गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी कार का करीब सुबह 4:30 बजे रुड़की के नारसन बॉर्डर पर हम्मादपुर झाल के पास डिवाइडर से टकरा गई। पंत को गंभीर चोटें आयी हैं। 

पीएम नरेंद्र मोदी ने ऋषभ पंत के लिए किया ट्वीट:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऋषभ पंत के लिए ट्वीट कर उनके जल्दी ठीक होने की प्रार्थना की है। पीएम मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा "जाने माने क्रिकेटर ऋषभ पंत के हादसे से व्यथित हूं। मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य और कल्याण के लिए प्रार्थना करता हूं।" बता दें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए आज का दिन बेहद दुखभरा साबित हुआ है, उनकी मां हीराबेन का निधन हो गया है। पीएम ने सुबह तड़के देश को उनके निधन की जानकारी दी थी। बता दें कि 100 वर्षीय हीराबेन को खराब स्वास्थ्य के चलते बुधवार को अस्पताल में भर्ती किया गया था।

कल ही दुबई से दिल्ली लौटे थे पंत:

बता दें बांग्लादेश दौरे के बाद ऋषभ पंत सीधे दुबई के लिए रवाना हो गए थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक वो गुरूवार को फ्लाइट से दिल्ली लौटे थे, जिसके बाद नए साल मनाने के लिए वो अपनी मां को सरप्राइज देने के लिए दिल्ली से अलसुबह ही अपने घर की ओर चल पड़े। जिस समय हादसा हुआ उस समय के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहे हैं। ऋषभ पंत विंड स्क्रीन तोड़कर गाड़ी से बाहर निकले थे। हादसे के समय वहां मौजूद लोगों ने पंत को तुरंत गाड़ी से बाहर निकाला और दुर्घटना के बाद तुरंत 108 की मदद से उपचार के लिए उन्हें रुड़की के सिविल अस्पताल भेजा गया।

पंत के एक्सीडेंट पर BCCI ने जारी किया बयान:

ऋषभ पंत के एक्सीडेंट पर BCCI के सचिव जय शाह ने आधिकारिक बयान जारी किया है। BCCI ने अपने बयान में बताया है कि ऋषभ पंत को हादसे के बाद हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, भारतीय क्रिकेट बोर्ड पूरी तरह से परिवार और अस्पताल के संपर्क में है और उन्हें बेहतर इलाज दिलाने की कोशिश चल रही है। बीसीसीआई के बयान के मुताबिक ऋषभ पंत के माथे पर दो कट हैं और उनके घुटने में चोट लगी है। ऋषभ पंत के अंगूठे, एड़ी, कलाई और पीठ पर चोट आई है। उनका देहरादून के मैक्स अस्पताल में इलाज जारी है।

Tags:    

Similar News