Rohit Sharma: शानदार बल्लेबाजी से रोहित शर्मा ने बना डाले कई बड़े रिकॉर्ड, पाकिस्तान के बाबर आजम का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी तोड़ा

Rohit Sharma Records: रोहित शर्मा अब टी 20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने 157 मैचों की 149 पारियों में 4165 रन बनाए हैं।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update:2024-06-25 10:23 IST

Rohit Sharma Record  (photo: social media )

Rohit Sharma Records: विश्व क्रिकेट में टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा को हिटमैन यूं ही नहीं कहा जाता। रोहित शर्मा अगर पिच पर ठहर जाएं तो फिर वे दुनिया के दिग्गज गेंदबाजों की धज्जियां भी उड़ा देते हैं। टी 20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए मैच के दौरान भी रोहित शर्मा ने विस्फोटक बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। उन्होंने 41 गेंदों में 92 रन ठोक डाले। उनके निर्मम अंदाज को इसी बात से समझा जा सकता है कि अपनी पारी के दौरान उन्होंने सात चौके और आठ छक्के लगाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 224.39 रहा।

ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज जोश हेजलवुड को छोड़कर कोई भी गेंदबाज रोहित शर्मा को बांधने में कामयाब नहीं हो सका। मिशेल स्टार्क और एडम जंपा जैसे गेंदबाजों की उन्होंने जमकर धुनाई की। अपनी शानदार बल्लेबाजी की बदौलत रोहित शर्मा ने कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। उन्होंने छक्कों का दोहरा शतक लगाने के साथ ही टी 20 में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम को पीछे छोड़ दिया।

रोहित के 19 हजार रन पूरे

रोहित शर्मा ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 19 हजार रन पूरे कर लिए हैं। रोहित शर्मा ने टेस्ट क्रिकेट में 4137 रन बनाए हैं तो वनडे में उन्होंने 10709 रन बनाने में कामयाबी हासिल की है। टी 20 क्रिकेट में अब रोहित शर्मा के नाम 4165 रंग दर्ज हो गए हैं। इस तरह रोहित शर्मा क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट मिलकर 19000 से ज्यादा रन बना लिए हैं।


बाबर आजम और कोहली को पीछे छोड़ा

टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा अब टी 20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने 157 मैचों की 149 पारियों में 4165 रन बनाए हैं। उन्होंने पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम और टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली जैसे दिग्गज बल्लेबाजों को पीछे छोड़ दिया है। बाबर आजम ने टी 20 इंटरनेशनल मैचों में 4145 और कोहली ने 4103 रन बनाए हैं।


छक्कों का दोहरा शतक पूरा किया

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए मैच के दौरान रोहित शर्मा काफी विस्फोटक अंदाज में दिखे। इस दौरान उन्होंने आठ छक्के लगा डाले। इसके साथ ही वे छक्कों का दोहरा शतक पूरा करने में भी कामयाब हो गए हैं। उन्होंने अपने टी 20 के अंतरराष्ट्रीय करियर में 200 छक्के पूरे कर लिए हैं और यह कमाल करने वाले वे दुनिया के पहले बल्लेबाज हो गए हैं। उनके बाद न्यूजीलैंड के मार्टिन गप्टिल का का नंबर है जिन्होंने 173 छक्के लगाने में कामयाबी हासिल की है।


ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे ज्यादा छक्के

इसके साथ ही रोहित शर्मा भारत के लिए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उनके बाद इस लिस्ट में विराट कोहली का नंबर आता है जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 26 छक्के जमाए हैं।


पावर प्ले में ही पूरा किया अर्धशतक

रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ताबड़तोड़ बैटिंग करते हुए एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उन्होंने सिर्फ 19 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। रोहित शर्मा पावरप्ले के दौरान ही अपना अर्धशतक बनाने में कामयाब रहे। टी 20 वर्ल्ड कप में यह कमाल दिखाने वाले वे पहले कप्तान हैं।


सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज

टी20 वर्ल्ड कप 2024 में रोहित शर्मा भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने अभी तक टूर्नामेंट में टीम इंडिया के लिए 191 रन बना लिए हैं। उनके बाद ऋषभ पंत का नाम है जिन्होंने 7 मैच में 167 रन बनाए हैं।

इसके साथ ही रोहित शर्मा टी 20 वर्ल्ड कप 2024 में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। रोहित ने 19 गेंदों में अर्धशतक लगाकर एरॉन जोंस और क्विंटन डिकॉक को पीछे छोड़ दिया।


रोहित शर्मा ने युवराज को छोड़ा पीछे

रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 8 छक्के लगाए। अब वे टी20 वर्ल्ड कप के किसी मैच में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। रोहित शर्मा ने युवराज सिंह को पीछे छोड़ दिया जिन्होंने 2007 में इंग्लैंड के खिलाफ 7 छक्के लगाए थे।



Tags:    

Similar News