T20 World Cup Victory Parade : टीम इंडिया का किया गया सुपर स्वागत, खिलाड़ियों ने वंदे मातरम् के नारे

Victory Parade : टी 20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद टीम इंडिया पहली बार दिल्ली पहुंची, जहां एयरपोर्ट पर जोरदार स्वागत किया गया। दिल्ली एयरपोर्ट से भारतीय टीम के सदस्य होटल पहुंचे, यहां खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया गया।

Report :  Rajnish Verma
Update: 2024-07-04 13:50 GMT

Victory Parade : टी 20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद टीम इंडिया पहली बार दिल्ली पहुंची, जहां एयरपोर्ट पर जोरदार स्वागत किया गया। दिल्ली एयरपोर्ट से भारतीय टीम के सदस्य होटल पहुंचे, यहां खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद टीम इंडिया के खिलाड़ी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने गए। पीएम ने सभी खिलाड़ियों को जीत की बधाई दी और उनके साथ ब्रेकफास्ट किया, इसके बाद टीम के सदस्य मुंबई रवाना हो गए थे। टीम इंडिया मुंबई पहुंची, यहां मरीन ड्राइव से वानखेड़े स्टेडियम तक विक्ट्री परेड हुई। इसके बाद टीम वानखेड़े स्टेडियम पहुंची, जहां समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया है। मरीन ड्राइव से लेकर वानखेड़े स्टेडियम तक समर्थकों की काफी भीड़ जुटी रही, यहां नजारा देखते ही बन रहा था।

भारतीय खिलाड़ी मुंबई एयरपोर्ट से बाहर आए। खिलाड़ियों ने एयरपोर्ट से बाहर निकलते ही टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी को हवा में लहराया था। एयरपोर्ट ने खिलाड़ियों की दो बसें निकली, जो नरीमन पॉइंट पहुंची। यहां ओपन बस में खिलाड़ी बैठे और फिर वानखेडे स्टेडियम तक विक्ट्री परेड शुरू हुई। मरीन ड्राइव पर फैंस की काफी भीड़ दिखाई दी। यहां पुलिस प्रशासन से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। यहां विराट कोहली और कप्तान रोहित शर्मा के बड़े-बड़े कट आउट लगाए गए थे। फैंस अपने स्टार खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत करने के लिए तैयार थे।

भारतीय टीम को मिला 125 करोड़ रुपए का चेक

भारतीय टीम जब मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम पहुंची तो वहां समर्थक इंतजार में बैठे थे। स्टेडियम में टीम इंडिया की मैदान में एंट्री के साथ ही फैंस ने खिलाड़ियों को जमकर चीयर किया। इसके बाद टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने कहा कि ये पल बेहद खास है। उन्होंने समर्थकों की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि जिस तरह से विक्ट्री परेड का स्वागत हुआ, शानदार है। उन्होंने जसप्रीत बुमराह को देश का सबसे बड़ा खजाना बताया। भारतीय टीम को टी20 वर्ल्ड कप जीतने का इनाम भी मिला। बीसीसीआई ने भारतीय कप्तान को 125 करोड़ रुपए का चेक सौंपा है। ये रकम भारतीय टीम और उनके सहायक स्टाफ को बांटी जाएगी। अंत में भारतीय टीम के खिलाड़ियों ने मैदान का चक्कर लगाया। रोहित शर्मा और विराट कोहली ने वंदे मातरम् के नारे लगाए।

दिल्ली एयरपोर्ट पर भी हुआ था भव्य स्वागत

दिल्ली एयरपोर्ट से होटल रवाना होने से पूर्व टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने क्रिकेट फैंस को विश्व कप की झलक दिखाई। बस में बैठने से पहले कप्तान रोहित ने विश्व कप की ट्रॉफी हवा में लहराई, जिसे देखकर क्रिकेट फैंस खुशी से झूम उठे। विश्व विजेता टीम का आईटीसी मौर्या होटल में रेड कारपेट स्वागत किया गया। टीम इंडिया के विकेट कीपर ऋषभ पंत विश्व कप की ट्रॉफी लेकर होटल में दाखिल हुए। कप्तान रोहित शर्मा अपने पूरे परिवार के साथ होटल पहुंचे। टीम इंडिया के स्वागत के लिए विशेष तौर पर एक केक तैयार किया गया है। होटल के एग्जीक्यूटिव शेफ ने बताया कि यह केक टीम इंडिया के जर्सी के रंग का है जिसके ऊपर चॉकलेट से विश्व कप की प्रतिकृति बनाई गई है। उन्होंने कहा कि यह हमारी वर्ल्ड चैंपियन टीम के लिए विशेष तौर पर बनाया गया है। इसके साथ ही टीम इंडिया के सदस्यों के लिए स्पेशल ब्रेकफास्ट की भी व्यवस्था की गई है।

चक्रवात के कारण फंस गई थी टीम इंडिया

विश्व कप जीतने के बाद क्रिकेट फैंस भारतीय खिलाड़ियों का स्वागत करने को बेकरार थे। विश्व कप जीतने के बाद से ही टीम इंडिया के खिलाड़ी बारबाडोस में फंसे हुए थे। रविवार को बारबाडोस और आसपास के द्वीपों में खतरनाक हवा चली और चक्रवाती तूफान आ गया था। चक्रवाती तूफान के कारण करीब तीन लाख की आबादी वाला यह देश लॉकडाउन जैसी स्थिति का सामना कर रहा था। हवाई अड्डा भी बंद कर दिया गया था। टीम इंडिया के सदस्य होटल में ही फंसे हुए थे। इस तूफान के कारण विश्व कप जीतने के चार दिन बाद टीम इंडिया के सदस्य स्वदेश पहुंच सके हैं।

दक्षिण अफ्रीका को हराया था

बता दें कि टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका की मजबूत टीम को 7 रनों से हराकर विश्व कप जीता था। फाइनल मुकाबले के दौरान एक समय दक्षिण अफ्रीका की स्थिति मजबूत मानी जा रही थी, मगर हार्दिक पंड्या, जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह की शानदार गेंदबाजी के दम पर भारत ने फाइनल मुकाबला जीत लिया था। मैच के आखिरी ओवर में सूर्यकुमार यादव ने बाउंड्री लाइन पर डेविड मिलर का कैच लेकर टीम इंडिया को यह जीत दिलाने में बड़ी भूमिका निभाई थी। भारत ने 13 साल बाद कोई वर्ल्ड कप जीतने में कामयाबी हासिल की है। वैसे यदि टी 20 विश्व कप की बात की जाए तो 2007 के बाद 2024 में यह विश्व कप जीतने में टीम इंडिया कामयाब रही है। टीम इंडिया की इस बड़ी जीत के बाद से ही पूरे देश में खुशी का माहौल दिख रहा है।

Tags:    

Similar News