UPPCS Result 2023: फौजी की बेटी बनी एसडीएम, जानिए कैसे हासिल की पहली रैंक? बेटियों ने लहराया परचम

UPPCS Result 2023: कहते हैं जब जुनून और शिद्दत हो तो बड़ी से बड़ी कठिनाई भी तिनका बराबर हो जाती है। ये प्रदेश की बेटियों ने कर दिखाया है। कई बार असफलता के बाद भी हार नहीं मानी और फिर जीत का परचम लहरा ही दिया।

Update: 2023-04-08 10:58 GMT
agra Divya Sikarwar (फोटो: सोशल मीडिया )

UPPCS Result 2023: यूपी पीसीएस परीक्षा में आगरा का डंका बजा है। आगरा की बेटी दिव्या ने परीक्षा में पहला, लखनऊ की प्रतीक्षा पांडेय ने दूसरा और बुलंदशहर की नम्रता ने तीसरा स्थान हासिल किया है। वहीं परीक्षा परिणाम में आगरा शहर का नाम खूब रोशन हुआ। शहर की ऐश्वर्या दुबे ने 9वां स्थान हासिल किया है। शमसाबाद के आशीष की 12वीं रैंक आई है। ग्वालियर रोड के रहने वाले सतेंद्र की 43वीं रैंक आई है। आवास विकास कॉलोनी के रहने वाले शिवम ने परीक्षा में 89वाँ स्थान हासिल किया है।

उत्तर प्रदेश के आगरा में फौजी राजपाल सिकरवार के घर अचानक से खुशियों का अंबार लग गया। फौजी राजपाल सिकरवार की बेटी दिव्या सिकरवार ने यूपीपीसीएस की परीक्षा में टॉप किया है। दिव्या सिकरवार उत्तर प्रदेश टॉप करने के बाद बेहद खुश है। दिव्या के साथ उनके माता-पिता, भाई, रिश्तेदार, नातेदार, गांव के लोग बेहद खुश हैं। दिव्या के घर पर बधाई देने वालो का तांता लगा हुआ है। दिव्या ने बताया कि उन्होंने पूरी तैयारी घर पर रहकर की। दो प्रयासों में वह परीक्षा पास नहीं कर पाई थी। तीसरे अटेम्ट में उन्होंने जी जान लगाकर तैयारी की। अब नतीजा सबके सामने है। दिव्या ने कहा कि मेहनत कभी बेकार नही जाती। मन लगाकर सही दिशा में पढ़ने से सफलता जरूर मिलती है। पिता राजपाल तो बेटी दिव्या की तारीफें करते थक नही रहे है। कह रहे है जो बेटे नहीं कर पाए। वह उनकी बेटी ने कर दिखाया हैं। दिव्या की माँ बताती है कि बेटी ने बहुत मेहनत की है। वह घर से बाहर कहीं नहीं जाती थी। दो साल घर के एक कमरे में ही बंद रहती और सिर्फ पढ़ती रहती थी। दिव्या की मां बताती है कि पढ़ाई के सामने उसे खाने तक का होश नहीं रहता था। खाना लगा देते थे लेकिन वह पढ़ती रहती थी खाना नहीं खाती थी। दिव्या ने गांव से ही हाईस्कूल और इंटर की परीक्षा यूपी बोर्ड से पास की। इंटरमीडिएट पास करने के बाद वह आगरा के सेंट जॉन्स डिग्री कॉलेज मैं स्नातक और परास्नातक की पढ़ाई की।

जुनून बहुत जरूरी

दिव्या का कहना है कि सफलता को पाने के लिए जुनून बहुत जरूरी है। स्नातक और परास्नातक की पढ़ाई के दौरान दिव्या ने अंग्रेजी भाषा को मजबूत कर लिया। यहीं से यूपीपीसीएस की परीक्षा को पास करने की बात मन में शिद्दत के साथ बैठा ली। इसके बाद दिव्या की दुनिया सिमटकर सिर्फ घर और किताबों तक रह गई। आगरा से करीब 20 किलोमीटर दूर गांव गढ़ी रामी की इस छोरी ने अब कमाल कर दिखाया है। दिव्या के पिता रामपाल सिकरवार बीएसएफ से रिटायर हुए है। दिव्या का एक भाई उत्तर प्रदेश पुलिस में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। छोटा भाई कपिल घर गांव में रहकर माता पिता के साथ रहकर उनकी सेवा करने की बात कह रहा है।

आगरा की ऐश्वर्या दुबे ने हासिल की 9 वी रैंक

यूपी पीसीएस परीक्षा में आगरा की ऐश्वर्या दुबे ने 9 वी रैंक हासिल की है। बेटी की इस कामयाबी से ऐश्वर्या के माता पिता बेहद खुश है। ऐश्वर्या ने बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए 8 से 10 घण्टे पढ़ना बेहद जरूरी है। यूपी पीसीएस परीक्षा में आगरा के आशीष ने 12 वी रैंक हासिल की है। शमसाबाद इन्द्रपुरम के रहने वाले आशीष ने माता पिता के आशीर्वाद और कड़ी मेहनत को सफलता का राज बताया है। यूपी पीसीएस परीक्षा में आगरा के सतेंद्र ने 43 वी रैंक हासिल की है। सतेंद्र ग्वालियर रोड के बाद गांव के रहने वाले है। सतेंद्र वायु सेना में तैनात है। सतेंद्र में नौकरी में रहते हुए कड़ी मेहनत के साथ पढ़ाई की। सफलता हासिल की। यूपी पीसीएस परीक्षा में आगरा के शिवम ने 89 वी रैंक प्राप्त की है। आवास विकास कॉलोनी के रहने वाले शिवम ने बताया कि वह सोशल मीडिया से दूर रहे। अख़बार और किताबो से करंट अफेयर्स की तैयारी की। कड़ी मेहनत कर सफलता हासिल की।

Tags:    

Similar News