UP Politics: सीट शेयरिंग में देरी को लेकर अखिलेश कांग्रेस से नाराज, राहुल की न्याय यात्रा से कर सकते हैं किनारा, सपा ने दिखाए सख्त तेवर

UP Politicsसपा की नाराज विधायक पल्लवी पटेल ने हाल में वाराणसी में राहुल की न्याय यात्रा में हिस्सा लिया था। स्वामी प्रसाद मौर्य की कांग्रेस से नजदीकी भी अखिलेश की नाराजगी का बड़ा कारण है।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update: 2024-02-19 05:26 GMT

UP Politics (Photo: Social Media)

UP Politics: लोकसभा चुनाव से पहले विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया को लगातार झटके लग रहे हैं। अब उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच-बीच सबकुछ ठीक-ठाक नहीं चल रहा है। दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर अभी तक आखिरी फैसला नहीं हो सका है जिसे लेकर सपा मुखिया अखिलेश यादव नाराज बताए जा रहे हैं। ऐसे में अखिलेश यादव कांग्रेस नेता राहुल गांधी की आज अमेठी में भारत जोड़ो न्याय यात्रा से किनारा कर सकते हैं। सपा चाहती है कि पहले कांग्रेस सीट शेयरिंग पर फैसला ले। इसके बाद अखिलेश न्याय यात्रा में शामिल हो सकते हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि सोमवार को दोनों दलों के बीच सीट शेयरिंग पर फैसला लिया जा सकता है।

इसके साथ ही अखिलेश यादव इस बात को लेकर भी नाराज बताए जा रहे हैं कि कांग्रेस की ओर से उनकी पार्टी और सहयोगी दलों को तोड़ने की कोशिश की जा रही है। सपा की नाराज विधायक पल्लवी पटेल ने हाल में वाराणसी में राहुल की न्याय यात्रा में हिस्सा लिया था। स्वामी प्रसाद मौर्य की कांग्रेस से नजदीकी भी अखिलेश की नाराजगी का बड़ा कारण है।

सीट बंटवारे में देरी से अखिलेश नाराज

सपा से जुड़े सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस के साथ सीट शेयरिंग के मुद्दे पर अभी तक आखिरी फैसला नहीं लिया जा सका है। सपा की ओर से कांग्रेस को 11 सीटें देने की बात कही गई है और पार्टी 15-16 तक सीटें देने के लिए तैयार है। दूसरी ओर कांग्रेस की ओर से प्रदेश में 21-22 सीटों की डिमांड की जा रही है। कुछ मुस्लिम बहुल सीटों को लेकर भी समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच पेंच फंसा हुआ है। सीट बंटवारे में हो रही इस देरी को लेकर अखिलेश यादव नाराज बताए जा रहे हैं।

फैसले के बाद न्याय यात्रा में होंगे शामिल

सपा के एक बार वरिष्ठ नेता ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की ओर से पहले ही अमेठी या रायबरेली में न्याय यात्रा में शामिल होने की बात कही गई थी। सपा चाहती है कि न्याय यात्रा में अखिलेश यादव की शिरकत से पहले सीट बंटवारे पर आखिरी फैसला हो जाए। अगर आज दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे पर फैसला हो गया तो अखिलेश राहुल की न्याय यात्रा में कल रायबरेली में शिरकत कर सकते हैं। राहुल की न्याय यात्रा आज अमेठी में है और जानकारी के मुताबिक सपा मुखिया अखिलेश इसमें शामिल नहीं होंगे।

सपा नेताओं का कहना है कि अभी तक सीटों के बंटवारे को लेकर निर्णय न होने के कारण ही अखिलेश का फिलहाल सोमवार को अमेठी जाने का कार्यक्रम नहीं बना है। कांग्रेस से सीटों का बंटवारा होने के बाद ही अखिलेश यात्रा में शामिल होंगे।

राहुल की न्याय यात्रा आज अमेठी में

राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा आज अमेठी में होगी। अमेठी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से न्याय यात्रा के जोरदार स्वागत की तैयारी की गई है। अमेठी और गौरीगंज कस्बे में पदयात्रा करने के साथ ही राहुल गांधी गांधीनगर के पास एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष म मल्लिकार्जुन खड़गे भी आज अमेठी में न्याय यात्रा में शामिल होंगे।

कांग्रेस के जिला अध्यक्ष प्रदीप सिंघल ने बताया कि राहुल गांधी आज दोपहर दो बजे प्रतापगढ़ के रास्ते अमेठी की सीमा में स्थित कोहरा गांव में दाखिल होंगे। अमेठी की सीमा में राहुल गांधी का जोरदार स्वागत किया जाएगा। जिले में कई स्थानों पर कांग्रेस कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे।

Tags:    

Similar News