UP Politics: योगी के बजट पर भड़के अखिलेश, बोले- न समस्याओं का समाधान है, न भविष्य की संभावना

UP Politics: अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री जी अर्थव्यवस्था को एक ट्रिलियन डॉलर बनाने की बात करते हैं लेकिन वह बताएं कि प्रदेश की विकास दर क्या है? क्या इस विकास दर से यूपी की अर्थव्यवस्था एक ट्रिलियन डॉलर हो पाएगी।

Written By :  Anant kumar shukla
Update: 2023-02-22 14:20 GMT

Akhilesh Yadav Target on Yogi government budget (Social Media)

UP Politics: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार का राज्य का बजट दिशाहीन है। बजट में न आज की समस्याओं का समाधान है और न भविष्य की संभावना है। गांव, गरीब, किसान, नौजवान के लिए कुछ नहीं है। बजट निराशाजनक है। यह महिलाओं, किसानों, नौजवान को निराश करने वाला है।

अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री जी अर्थव्यवस्था को एक ट्रिलियन डॉलर बनाने की बात करते हैं लेकिन वह बताएं कि प्रदेश की विकास दर क्या है? क्या इस विकास दर से यूपी की अर्थव्यवस्था एक ट्रिलियन डॉलर हो पाएगी।

बजट में किसान और गांव के लिए कुछ नहीं

उन्होंने कहा कि दिल्ली की सरकार ने किसानों और गांव को निराश किया। प्रदेश की भाजपा सरकार ने भी वैसा ही रवैया अख्तियार करते हुए किसानों और गांव को निराश किया है। बजट में किसानों और गांव के लिए कुछ नहीं है।

छह साल में कुछ नहीं बदला, किसान परेशान

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की सरकार का यह सातवां बजट है। सरकार बताएं क्या किसानों की आय दोगुनी हुई? क्या किसानों को उनकी फसलों की सही कीमत मिल रही है? सिर्फ बोल देने और भाषण देने से कुछ नहीं होता है। डीजल, पेट्रोल, कीटनाशक, खाद, बीज सब महंगा हो गया है। डीजल की महंगाई से आवागमन ही नहीं महंगा होता बल्कि सड़क, अस्पताल के निर्माण से लेकर खेती किसानी के कार्य सभी महंगे हो जाते हैं।

नौजवानों की नौकरी के लिए कुछ नहीं

सपा अध्यक्ष ने कहा कि इस इस बजट में नौजवानों की नौकरी रोजगार के लिए कुछ नहीं है। बजट में इन्वेस्टमेंट पॉलिसी या उद्योग धंधे लगाने के लिए कोई राहत पैकेज नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि सरकार को केवल मेला लगाना आता है। बड़े उद्योगपतियों से मिल लेने से इन्वेस्टमेंट नहीं आता है।

सरकार नें एमएसएमई सेक्टर को बर्बाद कर दिया

यादव ने कहा कि इस सरकार ने एमएसएमई सेक्टर को बर्बाद कर दिया है। प्रदेश में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस नहीं ईज आफ डूइंग क्राइम है। यूज़ ऑफ डूइंग मुकदमा है जो सच दिखाएगा और बोलेगा उस पर मुकदमा हो जाएगा।

भाजपाईयों में दूरदृष्टि और इच्छाशक्ति की कमी

अखिलेश यादव ने कहा कि विकास के लिए बजट से अधिक दूरदृष्टि और इच्छाशक्ति की जरूरत होती है। जिसका अभाव भाजपाई राजनीति में हमेशा से रहा है। इसलिए उत्तर प्रदेश के कई विभाग बीते साल के आवंटित बजट का आधा भी खर्च नहीं कर पाए। उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पिछले साल के बजट का 50 फीसदी भी खर्च नहीं कर पाई कई विभाग, मंत्री मौन हैं। फिर इस भाजपा सरकार से कौन से विकास की उम्मीद की जा सकती है।

बजट में जतिय जनगड़ना नहीं, अल्पसंख्यकों की उपेक्षा

अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार को छह साल काम करने का मौका मिला लेकिन वह जनता को कोई राहत नहीं दे पाई है। प्रदेश की एग्रीकल्चर ग्रोथ रेट डाउन हुई है। बिजली महंगी हो गई है। माइक्रो इंडस्ट्रीज खत्म हो गई हैं। सरकार बहुत चतुराई से पीपीपी मॉडल पर अस्पताल दे रही है। जाति जनगणना के लिए कोई प्रावधान नहीं है। अल्पसंख्यक, दलित, पिछड़ों की उपेक्षा हुई है।

सरकार वादे तोड़ने में माहिर

उन्होने कहा कि यह ऐसी सरकार है जो अपने किए वादे भी पूरे नहीं करती है। मुख्यमंत्री जी ने 5 करोड़ विधायक निधि करने की घोषणा की थी पर सदन में दिया गया वादा भी तोड़ दिया। लखनऊ-कानपुर मेट्रो एक इंच आगे नहीं बढ़ी। गन्ना किसानों के साथ लगातार धोखा किया। मां गंगा की सफाई का वादा भी झूठा निकला। जहां तक गंगा एक्सप्रेस-वे के निर्माण की बात है उसके निर्माण पर संकट घिरता नज़र आता है। अभी तक कोई नया स्टेडियम भी नहीं बना है। भाजपा का यह बजट जनविरोधी-विकास विरोधी है।

Tags:    

Similar News