Kanpur News: सारस से मिला आरिफ, हर कोई ऐसा प्रेम देख हुआ भावुक

Kanpur News: जब आरिफ को देख सारस जोर-जोर चीखने लगा तो हर कोई भावुक हो गया। शायद उसके मन ही मन में आरिफ के लिए एक खुशी सी थी। आरिफ भी सारस को देखकर भावुक तो नजर आया ही, उसकी देखरेख को लेकर चिंतित भी था।

Update:2023-04-11 22:54 IST
Arif meet the saras

Kanpur News: नवाबगंज चिड़ियाघर के वन्य जीव अस्पताल में आरिफ को सारस से मिलने की इजाजत मिली। अमेठी के मो. आरिफ और सारस की दोस्ती सोशल मीडिया पर बहुत समय से छाई हुई थी। सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी इस दोस्ती पर कई बयान दे चुके थे। बाद में सारस और आरिफ को वन विभाग ने अलग कर नवाबगंज पक्षी विहार में सारस को सुरक्षित कर दिया था। उनका साथ रहना और बिछड़ना दोनों काफी चर्चित रहा। मंगलवार को आरिफ पक्षी विहार में सारस से मिलने पहुंचा। उसे देख सारस ने मानो पंख उठाकर अपनी खुशी जाहिर की।

विधायक के साथ गए थे आरिफ

पक्षी विहार में आर्य नगर विधायक अमिताभ बाजपेई ने आरिफ की सारस से मुलाकात कराई। पक्षी का मनुष्य के प्रति प्रेम देखकर विधायक का मन भावुक हो गया। उन्होंने कहा कि नफरत की राजनीति करने वालों को सारस एवं आरिफ की दोस्ती से सबक लेना चाहिए। आरिफ 10 से 15 मिनट तक सारस के पास ही रहा। सपा विधायक अमिताभ बाजपेई ने प्रशासनिक अधिकारियों से सारस को पक्षी विहार से नियमानुसार सुरक्षित स्थान पर छोड़ने की बात रखी, हालांकि इस चर्चित मुद्दे पर इसका कोई असर होने की उम्मीद नहीं के बराबर बताई जा रही है।

प्रेम की भाषा पशु-पक्षी भी हैं समझते

आरिफ ने पक्षी विहार पहुंच कर सभी नियम को फॉलो करते हुए सारस से मुलाकात की। साथ में जू के डाक्टर आशुतोष सिंह, आकाश यादव भी मौजूद थे। जब आरिफ को देख सारस जोर-जोर चीखने लगा तो हर कोई भावुक हो गया। शायद उसके मन ही मन में आरिफ के लिए एक खुशी सी थी। आरिफ भी सारस को देखकर भावुक तो नजर आया ही, उसकी देखरेख को लेकर चिंतित भी था।

सियासी गलियारों में रही है सारस और आरिफ की दोस्ती की चर्चा

अमेठी के रहने वाले आरिफ और सारस की दोस्ती तब चर्चा में आ गई जब सपा प्रमुख अखिलेश यादव वहां उनसे मिलने पहुंचे। इसके बाद सरकार के वन विभाग ने पक्षी संरक्षण की बात करते हुए सारस को आरिफ से अलग कर पक्षी विहार भेज दिया। जहां आज आरिफ ने जाकर उससे मुलाकात की।

Tags:    

Similar News