Amethi: गांधी परिवार के गढ़ में गरजे CM योगी, बोले- देश में जजिया कर लगाना चाहती है कांग्रेस

CM Yogi in Amethi: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज अमेठी में बीजेपी प्रत्याशी स्मृति ईरानी के लिए चुनाव प्रचार किया। अपने संबोधन में उन्होंने कांग्रेस पर करारा हमला बोला।

Written By :  Surya Bhan Dwivedi
Report :  Aniket Gupta
Update: 2024-05-12 11:08 GMT

CM Yogi in Amethi: लोकसभा चुनाव में चुनाव प्रचार को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार अलग-अलग राज्यों में जाकर रैलियां कर रहे हैं। इसी क्रम में आज उन्होंने कांग्रेस व गांधी परिवार का गढ़ माने जाने वाली सीट अमेठी में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, कांग्रेस हिंदुस्तान में मुगल काल का जजिया कर लागू करना चाहती है। उन्होंने आगे कहा कि क्या आप लोग ऐसा कर लागू होने देंगे? सीएम योगी ने आगे कहा कि कांग्रेस की सरकार में जब आतंकवादी अंदर घुस आता था तो कहा जाता था सीमा पार से आया है। अब सीमा पार होने से पहले आतंकवादियों को जहन्नुम पहुंचा दिया जाता है।

स्मृति ईरानी ने हर सप्ताह अमेठी का दौरा किया: मुख्यमंत्री योगी


उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज यानी रविवार को अमेठी में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पहली बार अमेठी की जनता द्वारा जो निर्णय लिया गया था। उसने यह साबित किया अमेठीवासी भारत के विकास के साक्षी बनेंगे। उन्होंने आगे कहा कि मैं बधाई दूंगा सांसद स्मृति ईरानी को, उन्होंने 5 वर्षों में जितना दौरा अमेठी लोकसभा क्षेत्र का किया कांग्रेस उतना दौरा संयुक्त रूप से भी नहीं कर पाई थी। मुख्यमंत्री योगी ने स्मृति ईरानी की प्रशंसा करते हुए कहा कि एक नेता कैसे होना चाहिए? मंत्रालय के कार्यक्रमों से पूरा देश का भ्रमण करने के बाद हर सप्ताह उनका दौरा अमेठी के किसी न किसी विधानसभा क्षेत्र में यहां की जनता के साथ होता था।

इस बार भी अच्छा परिणाम चुनें: सीएम योगी

सीएम योगी ने आगे कहा कि जब अच्छे जनप्रतिनिधि चुनते हैं। तब परिणाम भी अच्छा ही आता है। एक बार फिर अच्छा परिणाम चुनें। इसकी अपील करने के लिए मैं आपके बीच आया हूं। तीन चरण पूरे हो चुके हैं। पूरे देश में चौथे चरण का मतदान कल है। कल 10 राज्यों की 96 सीटों पर चुनाव है। उन्होंने आगे कहा, तीन चरणों के मतदान में पूरे देश में जो मोदी लहर थी। वह अब सुनामी लहर का रूप लेने जा रही है। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी ने “फिर एक बार मोदी सरकार, अबकी बार 400 पार” का नारा लगवाया।

लोग बोले- जो राम को लाए हम उनको लाएंगे: CM योगी

सीएम योगी ने आगे जनता को संबोधित करते हुए कहा, जब हम 400 की बात करते हैं तो विपक्ष के गठबंधन को चक्कर आता है। जब देश के अलग-अलग राज्यों में मुझे जाने का अवसर प्राप्त हुआ। पहले दूसरे और तीसरे चरण के मतदान के बाद मैंने पूछा मोदी सरकार आप लोग चिल्ला रहे हैं। अबकी बार 400 पार कैसे होगा? तब लोग कहते थे जो राम को लाए हैं हम उनको लाएंगे। यह तो वह क्षेत्र है, जिसके बगल नया सवेरा है। 500 वर्ष का अंधेरा समाप्त हुआ है। इसके लिए आप सभी को विशेष रूप से बधाई। पीएम मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बना दो।

कांग्रेस देश में जजिया कर लगाना चाहती है: योगी आदित्यनाथ

बीजेपी की सरकार में देश में 80 करोड़ लोगों को फ्री में राशन दिया जा रहा है। पाकिस्तान में 25 करोड़ लोग भुखमरी से मर जा रहे हैं। पूरे भारत में किसानों को सम्मान निधि योजना का लाभ, सभी परिवारों को शौचालय, गरीबों को घर दिया गया है। कांग्रेस तब क्या कर रही थी? यहां के गरीबों को मकान नहीं दे सकते थे। शौचालय नहीं दे सकते थे। उनलोगों ने कहा गरीबी एक झटके में मिटा देंगे, कैसे मिटाएंगे? संपत्ति का सर्वे करेंगे। आपके बाप दादाओं का जितना विरासत होगा उसमें आधे पर कांग्रेसी कब्जा करेंगे। यह मुगल काल की तरह जजिया कानून लागू करना चाहते हैं। आप मुगल शासन लागू कराना चाहेंगे क्या?

Tags:    

Similar News