चुनाव लड़ने की इच्छा के बावजूद कांग्रेस ने किया नजरअंदाज, क्या रॉबर्ट वाड्रा पर ‘सासु मां’ को नहीं है भरोसा?

Robert Vadra From Amethi: प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा ने अमेठी से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई थी। इसके बावजूद कांग्रेस ने अमेठी से किशोरीलाल शर्मा को चुनावी मैदान में उतारा।

Report :  Aniket Gupta
Update: 2024-05-04 08:56 GMT

Robert Vadra From Amethi: लोकसभा चुनाव को लेकर देश में राजनीतिक माहौल चरम पर है। तमाम पार्टियां अपने-अपने स्तर पर तैयारियों में जुटी हैं। दलों के स्टार प्रचारक अलग-अलग राज्यों में जाकर चुनावी जनसभाओं को संबोधित कर रहे हैं। दो चरणों का मतदान समाप्त हो चुका है। तीसरे के लिए 7 मई को वोटिंग होनी है। यूपी में इस चरण में 10 सीटों पर चुनाव होंगे। बीते कुछ दिनों से प्रदेश की दो चर्चित सीट अमेठी और रायबरेली पर राजनीति काफी गरम थी। लेकिन, कांग्रेस ने बीते दिन यानी शुक्रवार को इन सीटों पर अपने पत्ते खोल दिए और अपने फैसले से तमाम राजनीतिक पंडितों की भविष्यवाणी को गलत ठहरा दिया। बीते कुछ दिनों से देश में चर्चा थी कि कांग्रेस अमेठी से राहुल गांधी और रायबरेली से प्रियंका गांधी को मैदान में उतार सकती है। लेकिन, कांग्रेस ने इस कयासबाजी के दौर को समाप्त करते हुए सबको चौंका दिया। अमेठी से किशोरी लाल शर्मा को और रायबरेली से राहुल गांधी को उम्मीदवार घोषित किया गया।

अमेठी की जनता चाहती है कि मैं प्रतिनिधित्व करूं: रॉबर्ट वाड्रा

इन सब के बीच एक और चर्चा तेज रही है, वो है सोनिया गांधी के दामाद व प्रियंका के पति रॉबर्ट वाड्रा के अमेठी से चुनाव लड़ने की। साथ ही रॉबर्ट वाड्रा ने भी अमेठी से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई थी। इसके बावजूद रॉबर्ट वाड्रा को मौका नहीं मिला। अब इस बात के कयास लगाए जा रहे हैं कि क्या कांग्रेस में सबकुछ ठीक नहीं है? बता दें, कुछ दिनों पहले रॉबर्ट वाड्रा ने चुनाव लड़ने की इच्छा जताते हुए कहा था कि यह जनता की पुकार है। उन्होंने कहा था कि वह लोगों की कड़ी मेहनत को समझते हैं। अमेठी के लोग चाहते हैं कि मैं उनका प्रतिनिधित्व करूं, उनके क्षेत्र में जाऊं और उनकी समस्याएं सुनूं ताकि वे प्रगति कर सकें। मैं भी राजनीति में आने का इच्छुक हूं लेकिन निर्णय सही समय पर लिया जाएगा।

बीजेपी ने कांग्रेस पर लगाए आरोप

प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा के चुनाव लड़ने की इच्छा जताने के बाद यह कयास लगाए जा रहे थे कि रॉबर्ट वाड्रा की राजनीति में इस बार एंट्री हो सकती है। लेकिन, इसके बावजूद कांग्रेस हाईकमान की तरफ से उन्हें नजरअंदाज किया गया। इस मुद्दे को लेकर बीजेपी ने भी कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। बीजेपी ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि राहुल गांधी खेमा कांग्रेस के अंदर प्रियंका गांधी वाड्रा और रॉबर्ट वाड्रा को हाशिए पर धकेल रहा है। दरअसल, बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा, 'अमेठी में अपार लोकप्रियता का दावा करने के बावजूद उस सीट के लिए रॉबर्ट वाड्रा पर ध्यान नहीं दिया गया। यह स्पष्ट है कि राहुल गांधी खेमा व्यवस्थित रूप से प्रियंका गांधी और उनके पति दोनों को हाशिए पर धकेल रहा है।'


शतरंज की कुछ चालें अभी बाकी हैं, थोड़ा इंतजार कीजिए: मल्लिकार्जुन खरगे

इन सब को देखते हुए अब चर्चा है कि क्या कांग्रेस में सबकुछ ठीक है? या सचमुच प्रियंका और रॉबर्ट वाड्रा को कांग्रेस नजरअंदाज कर रही है। हालांकि, प्रियंका गांधी के चुनावी करियर को लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा था कि शतरंज की कुछ चालें अभी बाकी हैं, थोड़ा इंतजार कीजिए।

Tags:    

Similar News