Amethi News: रिक्शा पलटने से चार बच्चों सहित आठ घायल, कालिकन धाम से लौट रहे थे श्रद्धालु

Amethi News:संग्रामपुर थाना क्षेत्र के कसारा के पास सोमवार को एक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। ई-रिक्शा पलटने से आठ लोग घायल हो गए। सभी लोग एक ही रिक्शे पर बैठकर कालिकन धाम का दर्शन कर घर लौट रहे थे।

Update:2024-10-07 20:35 IST

Amethi News (Pic- Newstrack)

Amethi News:शारदीय नवरात्र के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरा रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। इसमें सवार आठ श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल श्रद्धालुओं में तीन बच्चे भी शामिल हैं। सभी लोग सिद्धपीठ कालिकन धाम से दर्शन कर लौट रहे थे। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस से उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया।

जिले के संग्रामपुर थाना क्षेत्र के कसारा के पास सोमवार को एक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। ई-रिक्शा पलटने से आठ लोग घायल हो गए। सभी लोग एक ही रिक्शे पर बैठकर कालिकन धाम का दर्शन कर घर लौट रहे थे। सभी घायल अमेठी थाना क्षेत्र के रामनाथपुर के निवासी बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संग्रामपुर पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने एक बुजुर्ग महिला और 10 वर्षीय बच्ची को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बाकी घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।

इस दुर्घटना में राम कृपाल उम्र 60 वर्ष, उनकी पत्नी मुरैना उम्र 58 वर्ष, सोना देवी पत्नी राम समुझ टिकरी उम्र 65 वर्ष, किरन उम्र 30 वर्ष, मानसी उम्र 10 वर्ष, जाह्नवी उम्र 07 वर्ष, कार्तिक उम्र 05 वर्ष तथा ड्राइवर भी घायल हो गए। सोना देवी व मानसी की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार देकर जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।

पूरे मामले में संग्रामपुर एसएचओ ईश नारायण मिश्रा ने बताया कि ई-रिक्शा पलटने की सूचना मिलते ही सभी घायलों को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया है। मामले की जांच कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Tags:    

Similar News