Election 2024 : अमेठी में सीएम योगी बोले, जनता के बीच भ्रम फैलाने का काम कर रही थी कांग्रेस

Election 2024 : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने मंगलवार अमेठी के मुबारकपुर में एक एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया, यहां कांग्रेस और इंडिया गठबंधन पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पिछले 70 वर्षों से भ्रम फैलाने का काम कर रही है।

Update: 2024-05-14 13:40 GMT

Election 2024 : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने मंगलवार अमेठी के मुबारकपुर में एक एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया, यहां कांग्रेस और इंडिया गठबंधन पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पिछले 70 वर्षों से भ्रम फैलाने का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि कभी जाति के नाम पर, कभी धर्म के नाम पर कभी अराजकता के नाम पर कांग्रेस पार्टी लगातार भ्रम फैलाने का काम कर रही है। बता दें कि इससे पहले सीएम योगी ने रविवार को गौरीगंज में जनसभा को संबोधित किया था।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने अमेठी के मुबारकपुर में जनसभा को संबोधित हुए कहा कि यहां के लोग भूखे रह सकते हैं, लेकिन राम को नहीं भूल सकते हैं। यहां लोगों के रोम-रोम में राम बसे हैं। ऐसा लगता है कि यहां के लोगों का रामलला से रिश्ता पुश्तैनी है। उन्होंने कांग्रेस का नाम लिए बगैर तंज करते हुए कहा कि आप जिन्हें पहले चुनते थे, वह लोग राम को नकारते थे। हमारी आस्था और हमारे राम के खिलाफ बयानबाजी करते थे। हमारे वोट से चुने जाते थे। देश के अंदर सरकार बनाते थे। भगवान रामलला के मंदिर पर आतंकवादियों को हमला करने के लिए प्रेरित करते थे।

दुनिया में बढ़ा देश का मान

उन्होंने कहा कि पहली बार मोदी जी के नेतृत्व में देश सुरक्षित है। दुनिया में भारत का मान बढ़ा है। विकास के नए-नए आयाम गढ़ रहे हैं। उन्होंने गन फैक्ट्री का जिक्र करते हुए कहा कि मोदी सरकार ने गन फैक्ट्री अमेठी में लगा दी। अमेठी में बनी राइफलों से देश की सुरक्षा होती है। यहां निर्मित राइफल जब देश के जवानों के हाथों में होती है तो पाकिस्तान भी थर्राता है। जनता की किसी भी समस्या के हल के लिए सरकार न नहीं कह सकती है। यदि जनता कह रही है कि हमारी समस्या का समाधान होना है तो सरकार को उस समस्या का समाधान करना ही पड़ेगा।उन्होंने आगे कहा कि जब पहले बमबारी होती थी तो पूर्ववर्ती सरकार के नेता लोग कहते थे कि सीमा पार से बमबारी हो रही है।

कांग्रेस की सरकार में किसान भूखों मरता था

सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस की सरकार में जनता भूख से मर रही थी। गरीब के पास एलपीजी सिलेंडर और दवा कराने का पैसा नहीं होता था। किसान आत्महत्या करता था। आज मोदी जी 80 करोड लोगों को फ्री में राशन उपलब्ध करवा रहे हैं। 60 करोड लोगों को आयुष्मान कार्ड दिया है, जिसमें वह व्यक्ति 5 लाख प्रतिवर्ष इलाज कर सकता है। योगी ने पूर्व पीएम स्वर्गीय राजीव गांधी की उन बातों का जिक्र किया, जिसमें वह कहे थे कि जब हम वहां से 1 रुपए भेजते हैं तो 15 पैसा ही जमीन पर जाता है। 85 पैसा दलाल लोग खा जाते हैं। मोदी जी ने हर गरीब का खाता खुला करके उसे निजात दिलाया।

कांग्रेस-सपा पर किया प्रहार

कांग्रेस और सपा पर निशाना साधते हुए सीएम योगी ने कहा कि एक तरफ यहां राम का विरोध करते हैं। दूसरी तरफ पाकिस्तान का समर्थन करते हैं। पाकिस्तान का समर्थन करते हुए लोगों को शर्म भी नहीं आती है। पाक अधिकृत कश्मीर में हिंदुस्तान जिंदाबाद के नारे लग रहे हैं। पाकिस्तान में लोग भूख से मर रहे हैं। उस पाकिस्तान का ये लोग समर्थन करते हैं। उन्होंने कहा कि यह चुनाव केवल चुनाव नहीं है। यह चुनाव वर्तमान और भावी पीढ़ी को संवारने का चुनाव है। आप अपनी वर्तमान और भावी पीढ़ी को बता सकते हैं कि रामलला जब अयोध्या में विराजमान हुए थे, तब हम लोग यह दृश्य के साक्षी थे, यह मोदी और योगी जी के सहयोग से हुआ। मुख्यमंत्री योगी मंगलवार को अमेठी जिले के जगदीशपुर विधानसभा क्षेत्र के मुबारकपुर में भाजपा प्रत्याशी एवं सांसद स्मृति ईरानी के पक्ष में मतदान करने की अपील के लिए एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

Tags:    

Similar News