Bahraich News: घर के आंगन में खेल रहे मासूम पर तेंदुए ने किया हमला, गंभीर हालत में मासूम अस्पताल में भर्ती

कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के मोतीपुर रेंज अंतर्गत नौसर गुमटिहा के मजरा गोरियपुरवा गांव जंगल से सटा हुआ है।

Report :  Anurag Pathak
Published By :  Divyanshu Rao
Update: 2021-12-25 12:56 GMT

तेंदुआ की तस्वीर (फोटो:सोशल मीडिया)

Bahraich News: कतर्निया वन्य जीव प्रभाग के मोतीपुर रेंज में स्थित ग्राम में एक  ग्रामीण के घर में तेंदुए ने छलांग लगा  आंगन में खेल रहे मासूम को दबोच लिया। बालक के चिल्लाने पर परिवार के लोगों ने शोर मचाया। शोर मचाने पर तेंदुआ जंगल की ओर चला गया। घायल बालक को परिवार के लोग सीएचसी ले गए। अस्पताल में बालक का इलाज चल रहा है। वन कर्मियों ने मौके का मुआयना किया है। तेंदुए के हमले की पुष्टि की है। साथ ही घायल के परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की। गांव में वन कर्मी गश्त कर रहे हैं।

कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के मोतीपुर रेंज अंतर्गत नौसर गुमटिहा के मजरा गोरियपुरवा गांव जंगल से सटा हुआ है। गांव निवासी धर्म प्रकाश (8) पुत्र विजय कुमार घर में खेल रहा था। तभी जंगल से निकल कर तेंदुआ दीवाल फांदकर आंगन में घुस गया। तेंदुआ ने आंगन में खेल रहे बालक पर हमला कर दिया।

तेंदुआ (फोटो:सोशल मीडिया) 

तेंदुआ के हमला करते ही धर्म प्रकाश रोने लगा। दौड़े परिवार के लोगों के शोर मचाने पर तेंदुआ जंगल की ओर गया। बालक को अस्पताल पहुंचाया गया। सीएचसी मोतीपुर में घायल बालक का इलाज चल रहा है। ग्रामीणों ने हमले की सूचना रेंज कार्यालय में दी। वन क्षेत्राधिकारी महेंद्र मौर्य टीम के साथ गांव पहुंचे। उन्होंने तेंदुए के हमले की पुष्टि की। साथ ही तेंदुए के पदचिन्ह से लोगों को अवगत कराया।

 वन क्षेत्राधिकारी ने घायल के परिवार को 500 रुपए की आर्थिक मदद दी। उन्होंने बताया कि ठंड बढ़ने से तेंदुआ जंगल से बाहर निकल रहा है। ऐसे में सभी ग्रामीण सतर्क रहें।

Tags:    

Similar News