Ayodhya News: शिक्षा का उद्देश्य डिग्रियां प्राप्त करना नहीं, बल्कि जीवन का समग्र विकास होना चाहिए

Ayodhya News: आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ विवि के हाईटेक हाल में पुनरुत्थान विश्वविद्यालय की कुलपति इंदुमति ताई काटदरे व अन्य अतिथियों ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया।

Report :  NathBux Singh
Update: 2024-06-15 15:45 GMT

Ayodhya News: आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ विवि के हाईटेक हाल में पुनरुत्थान विश्वविद्यालय की कुलपति इंदुमति ताई काटदरे व अन्य अतिथियों ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। इस मौके पर विश्वविद्यालय के कुलपति डा. बिजेंद्र सिंह भी मौजूद रहे।

बतौर मुख्य अतिथि बैठक को संबोधित करते हुए इंदुमति ताई काटदरे ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल कमाई और डिग्रियां प्राप्त करना नहीं, बल्कि जीवन का समग्र विकास होना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा में सामाजिक, सांस्कृतिक एवं मनोवैज्ञानिक मुद्दों की समझ व आवश्यकताएं भी शामिल होनी चाहिए। छात्रों का विकास सच्ची शिक्षा के माध्यम से घर एवं स्कूल दोनों जगहों पर हो सकता है और इससे राष्ट्र का विकास संभव है। इंदुमति ताई ने कहा कि बैठक का उद्देश्य देशभर में प्राथमिक विद्यालयों से विश्वविद्यालयों तक लागू होने वाले विभिन्न पहलुओं एवं कार्यक्रमों पर चर्चा कर आगामी योजना बनाना है। शैक्षिक महासंघ को  अग्रणी शिक्षक संगठन के रूप में मान्यता प्राप्त है, जो  केजी से लेकर पीजी तक शिक्षण समुदाय और शिक्षा प्रणाली में प्रगति और शिक्षकों की समस्याओं को दूर करने के लिए निरंतर काम कर रहा है।

नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के आधार पर छात्र-छात्राओं को दी जा रही शिक्षा 

इस अवसर पर कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय ने प्रत्येक क्षेत्र में तेजी के साथ प्रगति की है। नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के आधार पर छात्र-छात्राओं को शिक्षा दी जा रही है। नई शिक्षा नीति के तहत 51 मूल्यवर्धित पाठ्यक्रम की शुरुआत की गई है। साथ ही 52 आईसीटी आधारित कक्षाओं की स्थापना की गई है। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के अखिल भारतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष महेंद्र कुमार ने संगठन के विस्तृत कार्य और उपलब्धियों को बताया। वहीं, दूसरी तरफ देशभर से आए राज्यों के पदाधिकारियों ने विभिन्न प्रदेशों में चल रही शैक्षिक महासंघ की गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी दी। तीन दिनों में कार्यकारिणी सदस्य व्यापक रूप से चर्चा में भाग लेंगे और शैक्षिक महासंघ के उद्देश्यों और कार्यक्रमों को स्कूली स्तर तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे। बैठक में देशभर से 125 कार्यकारिणी सदस्य और प्रतिनिधि प्रतिभाग कर रहे हैं।

अपर निदेशक प्रसार डा. आर.आर सिंह के संयोजन एवं आयोजक सचिव वैज्ञानिक डा. आलोक कुमार सिंह के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का संचालन व अतिथियों का स्वागत शैक्षिक महासंघ के अखिल भारतीय महामंत्री शिवानंद सिंधनकेड़ा जी ने किया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय बौद्धिक शिक्षण प्रमुख सुनील भाई मेहता, अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के अखिल भारतीय संगठन मंत्री महेंद्र कपूर, अखिल भारतीय सह संगठन मंत्री लक्ष्मण मौजूद रहे।

Tags:    

Similar News