Ballia: बीजेपी नेता शाहनवाज हुसैन बोले- राम मंदिर के निर्माण से पूर्वांचल की बदल जायेगी तस्वीर

Ballia News: हुसैन ने कहा ' राम मंदिर के निर्माण से पूर्वांचल की पूरी तस्वीर ही बदल जायेगी। डेवलपमेंट से तस्वीर और तकदीर दोनों बदलेगी। जब 22 जनवरी को मंदिर का उदघाटन होगा, उसके बाद पूरे देश और विदेश से लोग आते रहेंगे, तब भी भीड़ कम नहीं होगी।

Update: 2024-01-07 11:42 GMT

Ballia News (Pic:Newstrack)

Ballia News: भाजपा के वरिष्ठ नेता व बिहार के पूर्व मंत्री सैय्यद शाहनवाज हुसैन ने दावा किया है कि राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में मुस्लिम पक्ष की तरफ से कोई बयानबाजी नही हो रही है। सारी बयानबाजी कांग्रेस, आर जे डी और इंडिया गठबंधन की वजह से हो रही है। हुसैन ने आरोप लगाया है कि इंडिया गठबंधन पूरी तरह बिखरने वाला है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भाजपा को छोड़कर इंडिया गठबंधन का संयोजक और प्रधानमंत्री का दावेदार बनने गए थे और क्षेत्रीय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए। अब उनको कुछ मिलने वाला नही है।

शाहनवाज हुसैन ने शनिवार को देर रात बलिया जिले के सिकंदरपुर में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए आरोप लगाया है कि विपक्षी दल आर एस एस और बीजेपी पर बयानबाजी करते-करते राम जी के भी खिलाफ हो गए हैं। हुसैन ने कहा ' राम मंदिर के निर्माण से पूर्वांचल की पूरी तस्वीर ही बदल जायेगी। डेवलपमेंट से तस्वीर और तकदीर दोनों बदलेगी। जब 22 जनवरी को मंदिर का उदघाटन होगा, उसके बाद पूरे देश और विदेश से लोग आते रहेंगे, तब भी भीड़ कम नहीं होगी। इतना अदभुत मंदिर बन रहा है, जिसको देखने के लिए भी लोग आयेंगे। दर्शन करने तो आयेंगे ही। विपक्षी दल के साथ दुश्वारी ये है कि वे उगले या निगले, समझ में नहीं आता है।

उन्होनें कहा कि आर एस एस और बीजेपी पर बयानबाजी करते-करते राम जी के भी खिलाफ हो गए हैं। अगर वो राम जी के खिलाफ हो गए हैं तो सबको पता है कि किसके पक्ष में चले गए हैं। इस बार के चुनाव में उनको जबाब देश की जनता देगी। इसमें व्यवधान डालने की जरूरत नहीं है। जब अदालत से निर्णय हुआ था तो सारे पक्ष ने कहा था कि जो अदालत का निर्णय होगा, उसको हम स्वीकार करेंगे। सारे मुस्लिम पक्ष ने भी निर्णय को स्वीकार किया है। कहीं से भी मुस्लिम पक्ष की तरफ से बयानबाजी नहीं हो रही है। सारी बयानबाजी कांग्रेस, आर जे डी और इंडिया गठबंधन की वजह से हो रहीं है।

भाजपा नेता ने बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के इस बयान कि बीमार होंगे तो मंदिर जायेंगे कि हॉस्पिटल, पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि सब आदमी हॉस्पिटल ही जाते हैं। हुसैन ने कहा 'लालू जी भी हॉस्पिटल ही गए थे। लालू जी से सीखना चाहिए उन्हें। कोई भी बीमार होगा तो हॉस्पिटल ही जाता है, लेकिन हॉस्पिटल का अलग स्थान है और मंदिर का अलग।' उन्होंने आरोप लगाया है कि इंडिया गठबंधन पूरी तरह बिखरने वाला है।

हुसैन ने कहा 'इंडिया गठबंधन पूरी तरह बिखरने वाला है। आपस में इन लोगों का झगड़ा है। इनका किसी से कोई तालमेल नहीं है। स्वार्थी और भ्रष्टाचार में डूबे हुए लोग इकट्ठे हुए हैं। आपस में विवाद है। 'उन्होंने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के गठबंधन के मजबूत होने संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि गठबंधन के बने रहने की उम्मीद यह है कि वेंटिलेटर पर है गठबंधन। एक तार केजरीवाल खींच रहे हैं तो दूसरी तार ममता बनर्जी।

तीसरी तार जनता दल यूनाइटेड और चौथी तार डी एम के के पास है। जनता दल यूनाइटेड और राष्ट्रीय जनता दल के बीच भी भारी तनाव है। कांग्रेस का तृणमूल कांग्रेस और आम आदमी पार्टी से तनाव है। पूरे देश की जनता से भी इन लोगों ने तनाव ले लिया है। ये गठबंधन अपनी बोझ से ही खत्म हो जाएगा। महत्त्वाकांक्षी लोगों का गठबंधन है, कुछ होने वाला नहीं है। सीट बांट लिया, तब भी हार जायेंगे। नही बांटेंगे तब भी बीजेपी से हार जायेंगे। जनता मोदी जी के साथ है। इस बार चार सौ से अधिक सीट हम जीतेंगे। तीसरी बार मोदी सरकार बनेगी। इसमें कोई शक नहीं है।

बिहार के पूर्व मंत्री हुसैन ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का चुटकी लेते हुए कहा कि वह भाजपा को छोड़कर इंडिया गठबंधन का संयोजक और प्रधानमंत्री का दावेदार बनने गए थे और क्षेत्रीय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए। अब उनको कुछ मिलना नही है। हुसैन ने कहा ' हम लोगों को छोड़कर गए थे कि संयोजक बनेंगे, प्रधानमंत्री का उम्मीदवार बनेंगे। कुछ न बन सके तो क्षेत्रीय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए। पार्टी क्षेत्रीय है और अध्यक्ष राष्ट्रीय हैं। इसके अलावा उनको कुछ मिलना नही है।

Tags:    

Similar News