Banda News: हैट्रिक के लिए BJP का 25 से 5 तक लाभार्थी संपर्क अभियान, प्रत्येक को 20-40 परिवारों से जुड़ने का लक्ष्य

Banda News: अभियान को कामयाब बनाने के लिए तय हुआ कि हर संपर्की लाभार्थी के साथ फोटो और उनके अनुभव का वीडियो बनाकर न केवल सोशल मीडिया, बल्कि नमो एप और सरल पोर्टल पर भी अपलोड करेंगे।

Report :  Om Tiwari
Update: 2024-02-20 14:49 GMT

Banda News (Pic:Newstrack)

Banda News: 2024 लोकसभा चुनाव में जीत की हैट्रिक लगाने के लिए कमर कसे भाजपा (BJP) ने 25 फरवरी से 5 मार्च तक लाभार्थी संपर्क अभियान को सफल बनाने के लिए मंगलवार (20 फरवरी) को मंडल कार्यशालाएं आयोजित की। जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अभियान के दौरान 20-40 परिवारजनों से संपर्क का लक्ष्य निर्धारित हुआ। सभी संपर्की लाभार्थी के साथ फोटो और उनके अनुभव का वीडियो सोशल मीडिया के अलावा नमो एप और सरल पोर्टल पर भी अपलोड करेंगे।

 मंडल कार्यशालाओं में कार्यकर्ताओं के साथ पदाधिकारियों ने भी की शिरकत


पवैया, बबेरू, कालिंजर, पैलानी तथा तिंदवारी मंडल की कार्यशालाओं में मंडल अध्यक्ष, प्रभारी, प्रवासी, कार्यसमिति, अभियान संयोजक, सह संयोजक, सोशल मीडिया टीम और शक्तिकेंद्र संयोजकों ने शिरकत की। जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी सहभाग किया। सभी को 20-40 परिवारजनों से सम्पर्क का लक्ष्य दिया गया।

1 से 3 मार्च तक अभियान के भीतर विशेष अभियान

कहा गया- संपर्क के दौरान लाभार्थी के मोबाइल नंबर से 9638 002024 नंबर पर मिस्ड कॉल कराकर PM मोदी का उन्हें पत्र दें और उनके घर में स्टीकर भी लगाएं। 25 फरवरी से 5 मार्च तक लाभार्थी संपर्क अभियान अंतर्गत 1 से 3 मार्च तक विशेष सम्पर्क अभियान अंजाम दिया जाए। अभियान से जुड़े कार्यकर्ता आवंटित बूथों में उपस्थित रहेंगे।

मंडल प्रभारियों ने दिया अभियान की सफलता का मंत्र


मंगलवार को पवैया मंडल की कार्यशाला ब्लाक सभागार बबेरू अयोजित हुई। मुख्य वक्ता मंडल प्रभारी शैलेंद्र जायसवाल रहे।मंडल अध्यक्ष दीपक सिंह भी उपस्थित रहे। बबेरू मंडल कार्यशाला श्री मैरिज हाल बबेरू में हुई। मंडल प्रभारी राजेश सेन और अध्यक्ष सौरभ शिवहरे मौजूद रहे। पंचायत भवन सढ़ा में आयोजित कालिंजर मंडल कार्यशाला में मुख्य वक्ता के मंडल प्रभारी राज नारायण द्विवेदी और अध्यक्ष ओमप्रकाश राजपूत, बजरंगबली मंदिर तारा में पैलानी मंडल कार्यशाला में मंडल प्रभारी जगराम सिंह और प्रवासी आनंद स्वरूप द्विवेदी व मंडल अध्यक्ष अमित निगम उपस्थित रहे।

तिंदवारी कार्यशाला में मुख्य वक्ता रहे देशराज सिंह

ब्लाक सभागार तिंदवारी में आयोजित तिंदवारी मंडल कार्यशाला में मुख्य वक्ता की भूमिका मंडल प्रभारी देशराज सिंह ने निभाई। मंडल प्रवासी राजर्षि शुक्ला, मंडल अध्यक्ष अनूप तिवारी, किसान संघ अध्यक्ष अरुण सिंह पटेल और पूर्व चेयरमैन प्रतिनिधि भूरेलाल फौजी आदि उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News