Banda News: माफियाओं पर डंडा चला रहे बांदा SP यातायात नियमों को लेकर भी संजीदा

Banda News Today: SDM अतर्रा रावेंद्र सिंह और CO गवेंद्रपाल गौतम ने इंचार्ज इंस्पेक्टर अतर्रा पंकज कुमार सिंह और SO बदौसा अनिल कुमार साहू के दल-बल के साथ कुर्की को अंजाम दिया।

Newstrack :  Network
Update: 2024-02-04 14:44 GMT

Banda News: माफियाओं और तस्करों पर कानून का डंडा चला रहे बांदा SP अंकुर अग्रवाल यातायात नियमों के पालन को लेकर भी संजीदा हैं। उनके निर्देश पर रविवार को यातायात पुलिस ने बांदा शहर में नियमतोड़कों के चालान काटे। हिदायतें दी और नियमों का पालन करने के लिए जागरूक करने का प्रयास भी किया। उधर अतर्रा कस्बे में पुलिस ने माफियाओं की करीब 90 लाख रुपए की संपत्ति कुर्क कर अपराधियों और सफेदपोशों को कड़ा संदेश दिया है। वाहन चोरों के खिलाफ भी पुलिस का अभियान जारी है।

बांदा शहर में चालान काटकर वाहन चालकों को दी गई हिदायतें

यातायात पुलिस आज वाहन चेकिंग अभियान में मुस्तैद दिखी। SP अग्रवाल के निर्देश और प्रभारी ट्रैफिक CO जियाउद्दीन अहमद के पर्यवेक्षण में ट्रैफिक इंस्पेक्टर राजेश कुमार वर्मा ने आरक्षियों के साथ महाराणा प्रताप चौक और बाबूलाल चौराहे में अभियान चलाया। 125 वाहनों के चालान काटे। बिना हेलमेट वाले निशाने पर रहे। चार पहिया वाहनों को भी चेक कर सीट बेल्ट इस्तेमाल की हिदायत दी गई। शीशों में चढ़ी काली फिल्में हटवाकर आइंदा प्रयोग न करने को आगाह किया गया। कार्रवाई भी की गई। लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक भी किया गया।


अतर्रा में माफियाओं की 90 लाख रुपए की संपत्ति कुर्क

उधर अतर्रा कस्बे में दो माफियाओं पर पुलिस ने कानून का डंडा चलाया। माफियागिरी के विरुद्ध CM योगी आदित्यनाथ की जीरो टॉलरेंस की नीति पर पूरी शिद्दत से अमल में जुटे SP अग्रवाल के निर्देश पर अतर्रा पुलिस ने अत्रिनगर निवासी माफियाओं शिवनरेश उर्फ राजा द्विवेदी और सौरभ गुप्ता उर्फ हनुआ की करीब 90 लाख रुपए की संपत्ति कुर्क कर ली। आरोप है कि दोनों ने मकान जमीन इत्यादि सारी संपत्ति आपराधिक कृत्यों में संलग्न रहते हुए अवैध रूप से अर्जित की है।

SDM रावेंद्र और CO गवेंद्र ने की कुर्की की अगुवाई

SDM अतर्रा रावेंद्र सिंह और CO गवेंद्रपाल गौतम ने इंचार्ज इंस्पेक्टर अतर्रा पंकज कुमार सिंह और SO बदौसा अनिल कुमार साहू के दल-बल के साथ कुर्की को अंजाम दिया। CO गौतम के मुताबिक- दोनों माफिया गिरोह बनाकर अवैध संपत्ति बना रहे थे। शिवनरेश पर हत्या और हत्या के प्रयास आदि चार तथा सौरभ पर हत्या, गैंगस्टर एक्ट तथा तस्करी आदि के छह मुकदमे दर्ज हैं। समाज विरोधी कार्य और लोगों में भय व्याप्त करना इनकी फितरत है। इन पर उप्र गिरोह बंद एवं समाज विरोधी अधिनियम के तहत कायम मुकदमे की विवेचना जारी है। इस सबके मद्देनजर चिन्हित अवैध संपत्ति को DM कोर्ट के आदेश पर कुर्क किया गया है।


वाहन चोरों के खिलाफ अभियान भी जारी, दो को दबोचा

इस बीच पुलिस का वाहन चोरों के खिलाफ अभियान भी जारी है। पैलानी थाना पुलिस ने गश्त एवं चेकिंग के दौरान नामजद बाइक चोरों को दबोच लिया। चिल्ला थाने के लौमर गांव निवासी राजेंद्र सोनकर और रंजीत सोनकर ने एक फरवरी को पैलानी में विवाह समारोह के बीच बाइक पार कर दी थी। मौदहा हमीरपुर के प्रमोद कुमार ने पैलानी थाने में तहरीर दी थी। पुलिस दोनों को तलाश रही थी। रविवार तड़के SO पैलानी संदीप कुमार सिंह SI सुरेंद्र प्रताप सिंह, कांस्टेबल रवि वर्मा और अवनीश के साथ पिपरहरी मोड़ पर गश्त में थे। तभी दोनों पुलिस के हत्थे चढ़ गए। उनके पास से दो बाइकें और नकदी बरामद हुई है।

Tags:    

Similar News