Barabanki: इंडिया गठबंधन प्रत्याशी तनुज पुनिया ने किया नामांकन, खुद को बताया असली रामभक्त

Barabanki: लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस-सपा के इंडिया गठबंधन प्रत्याशी तनुज पुनिया ने बुधवार को अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन के दौरान तनुज पुनिया हाथों में संविधान की किताब और गले में राम नामी अंगौछा डालकर पहुंचे।

Report :  Sarfaraz Warsi
Update: 2024-05-01 12:14 GMT

इंडिया गठबंधन प्रत्याशी तनुज पुनिया ने किया नामांकन (न्यूजट्रैक)

Barabanki News: लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस-सपा के इंडिया गठबंधन प्रत्याशी तनुज पुनिया ने बुधवार को अपना नामंकन दाखिल किया। नामांकन के दौरान तनुज पुनिया हाथों में संविधान की किताब और गले में राम नामी अंगौछा डालकर पहुंचे। इससे पहले सिविल लाइंस रोड पर स्थित पूर्व केंद्रीय मंत्री मोहसिना किदवाई के आवास पर बने कांग्रेस कैंप कार्यालय में कांग्रेस और सपा के नेताओं व कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगा।

यहां पहुंचे पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी, नकुल दुबे और अरविंद सिंह गोप ने कार्यकर्ताओं से चुनावी रणनीति पर चर्चा की। इसके बाद कार्यकर्ताओं को यहीं रोक तनुज पुनिया, पूर्व सांसद रामसागर रावत और सदर विधायक सुरेश यादव के साथ कलेक्ट्रेट स्थित नामांकन स्थल पहुंचे। तनुज पुनिया ने अपना नामांकन दो सेटों में दाखिल किया। नामांकन के दौरान कार्यकर्ता कार्यालय में मौजूद रहे और यहीं पर चुनावी रणनीति बनाई जाती रही।

नामांकन के बाद तनुज पुनिया ने कहा कि इंडिया गठबंधन को वोटरों को लुभाने की जरूरत नहीं। जनता हमसे जुड़ चुकी है। हमारा चुनाव खुद जनता मिलकर लड़ रही है। क्योंकि जनता समझ चुकी है कि अगर भाजपा की सत्ता में वापसी हुई तो हमारा लोकतंत्र, संविधान और आरक्षण खत्म हो जाएगा। ऐसे में इंडिया गठबंधन किसी भी हालत में भाजपाइयों को सत्ता में वापसी नहीं करने देंगे।

उन्होंने बताया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के निर्देश पर वह संविधान की किताब अपने साथ लेकर नामांकन करने पहुंचे हैं। जिससे लोगों को संविधान का महत्व बताया जा सके। हम लोग देश और संविधान को बचाकर रहेंगे। इसीलिये वह संविधान लेकर अपना नामांकन करने भी पहुंचे हैं।

तनुज पुनिया ने कहा कि बाराबंकी सीट पर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी का गठबंधन काफी मजबूत है। आम आदमी पार्टी, शिवसेना और एनसीपी समेत कई प्रमुख दल हमारे साथ मिलकर यह चुनाव लड़ रहे हैं। पुराने आंकड़ों को अगर देखा जाए तो उस हिसाब से इंडिया गठबंधन यह सीट बड़े अंतर से जीतने जा रही है। तनुज पुनिया के मुताबिक यह चुनाव जनता से जुड़े मुद्दों पर लड़ा जा रहा है।

Tags:    

Similar News